maiyan samman yojana jharkhand irregularity 3 csc license cancelled झारखंड मंईयां सम्मान योजना में गड़बड़ी, प्रशासन ने लिया बड़ा ऐक्शन, Jharkhand Hindi News - Hindustan
More

झारखंड मंईयां सम्मान योजना में गड़बड़ी, प्रशासन ने लिया बड़ा ऐक्शन

  • Maiyan Samman Yojana: झारखंड की मंईयां सम्मान योजना में गड़बड़ी का मामला सामने आया है। झारखंड प्रशास ने कार्रवाई करते हुए सीएससी संचालकों के लाइसेंस रद्द कर दिए हैं।

Sun, 19 Jan 2025 07:16 AMMohammad Azam लाइव हिन्दुस्तान, रांची
share
झारखंड मंईयां सम्मान योजना में गड़बड़ी, प्रशासन ने लिया बड़ा ऐक्शन

Maiyan Samman Yojana: झारखंड की मंईयां सम्मान योजना में गड़बड़ी का मामला सामना आया है। प्रशासन ने गड़बड़ी करने वाले तीन सीएससी संचालकों पर कार्रवाई की है। इस मामले में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त शेखर जमुआर ने तीन गढ़वा जिले के तीन अलग-अलग मामलों में योजनाओं के कियान्वयन में गड़बड़ी करनेवालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। खरौंधी प्रखंड में मंईयां सम्मान योजना में गड़बड़ी करने के आरोप में तीन सीएचसी संचालकों का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है।

खरौंधी में ही अयोग्य लाभुकों को अबुआ आवास देने के आरोप में पंचायत सचिव शशि कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। वहीं मझिआंव में धान क्रय में अनियमितता के के आरोप में रामपुर पैक्स अध्यक्ष रविंद सिंह पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। उपायुक्त की कार्रवाई से पूरा महकमा में हड़कंप मचा है। इससे पहले भी मंईयां सम्मान योजना में एक सीएससी संचालक ने गड़बड़ी की थी, जिससे ब्याज सहित पैसा वसूला गया था।

क्या है मंईयां सम्मान योजना

साल 2024 के आखिरी दिनों में झारखंड में विधानसभा चुनाव होने थे। इन चुनावों से पहले झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य की सत्ता में वापस आने से पहले महिलाओं के लिए बड़ा ऐलान किया था। इसमें झारखंड की महिलाओं को 2500 रुपए हर महीने देने का वादा किया गया था। सरकार बनने के बाद हेमंत सोरेन की अबुआ सरकार ने महिलाओं के खातों में दो महीनों की एकमुश्त किश्त खातों में भेज दी है। अब महिलाओं को अगले महीने की योजना राशि का इंतजार है। महिलाओं के खातों में अगले महीने फिर से मंईयां सम्मान योजना का पैसा भेजा जाएगा।

ऐसे में झारखंड की मंईयां सम्मान योजना में गड़बड़ी का मामला भी सामने आया है। यहां मंईयां सम्मान योजना में गड़बड़ी करने वाले सीएससी संचालकों पर कार्रवाई करते हुए प्रशासन उनका लाइसेंस रद्द कर दिया है। इससे पहले एक सीएससी संचालक पुरुष ने भी मंईयां सम्मान योजना के लिए खुद को रजिस्टर कर उसका लाभ उठा लिया था।