मुख्यधारा में लौटने की अपील, सरेंडर नक्सलियों के साथ एसपी ने की बैठक
लातेहार पुलिस ने छिपादोहर थाना परिसर में आत्मसमर्पित नक्सलियों और उनके परिवारों के साथ बैठक की। एसपी कुमार गौरव ने आत्मसमर्पण और पुनर्वास नीति के तहत मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने समस्याओं का समाधान किया और नक्सलियों को मुख्यधारा में लौटने की अपील की।

छिपादोहर, प्रतिनिधि। लातेहार पुलिस की ओर से सोमवार को छिपादोहर थाना परिसर में आत्मसमर्पित नक्सलियों एवं उनके परिजनों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने की। बैठक में आत्मसमर्पित नक्सलियों को सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के तहत मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान एसपी ने आत्मसमर्पण कर चुके लोगों और उनके परिवार के सदस्यों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा कई मामलों का ऑन स्पॉट समाधान भी किया। एसपी कुमार गौरव ने कहा कि आत्मसमर्पण नीति के तहत मिलने वाली सुविधाओं के लाभ में किसी प्रकार की परेशानी होने पर हरसंभव मदद की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकार पुनर्वास और कल्याण के प्रति गंभीर है तथा मुख्यधारा से जुड़ चुके लोगों को सभी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। बैठक में पुनर्वास नीति को प्रभावी बनाने और आत्मसमर्पित नक्सलियों को समाज की मुख्यधारा से मजबूती से जोड़ने पर जोर दिया गया। इस दौरान एसपी ने कहा कि अब भी दो-तीन नक्सली मुख्यधारा में नहीं लौटे हैं। उन्होंने मीडिया के माध्यम से ऐसे लोगों से हिंसा का रास्ता छोड़ आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने की अपील की। मौके पर मुख्यालय डीएसपी अनुज कुमार मिश्रा, बरवाडीह एसडीपीओ भरत राम, बीडीओ रेशमा रेखा मिंज, छिपादोहर थाना प्रभारी यकीन अंसारी, अमरेश कुमार, सच्चिदानंद सिंह, इंद्रजीत तिवारी, भोला कुमार समेत कई पुलिसकर्मी तथा गजेंद्र साव, उपेंद्र सिंह, चंदन प्रसाद, पप्पू प्रसाद समेत कई लोग बैठक में शामिल हुए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन