kal ka mausam kaisa rahgea jharkhand imd orange alert for rainfall speddy wind and hailstorm thunderstorm झारखंड के मौसम पर बड़ा अपडेट, 24 घंटे में इन जिलों में आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट, Jharkhand Hindi News - Hindustan
More

झारखंड के मौसम पर बड़ा अपडेट, 24 घंटे में इन जिलों में आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट

झारखंड में बुधवार को तेज हवा के साथ बारिश ने मौसम के मिजाज को बदल दिया। ठंडी चलने से लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि आगामी दिनों में भी मौसम के खुशनुमा रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने झारखंड में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

Thu, 30 April 2026 06:20 AMMohammad Azam हिन्दुस्तान, रांची
share
झारखंड के मौसम पर बड़ा अपडेट, 24 घंटे में इन जिलों में आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट

Jharkhand Weather: झारखंड में बुधवार को तेज हवा के साथ बारिश ने मौसम के मिजाज को बदल दिया। ठंडी चलने से लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि आगामी दिनों में भी मौसम के खुशनुमा रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी रांची समेत आसपास के जिलों में अगले 24 घंटे में आंधी-बारिश के साथ कहीं-कहीं ओलावृष्टि और वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया गया है। वहीं, दूसरी ओर मौसम विभाग ने यह भी संभावना जताई है कि आने वाले चार दिनों के दौरान तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है। इससे दिन में तप रहे राज्य के कई हिस्सों में ठंडक महसूस हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, रांची समेत राज्य के पश्चिमी बंगाल से सटे 15 जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान आंधी-बारिश के साथ कहीं-कहीं ओलावृष्टि व वज्रपात होने की संभावना है। राज्य में संताल के सभी जिलों समेत पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला, रांची, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, बोकारो, धनबाद में आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि व वज्रपात हो सकती है।

उत्तर प्रदेश के ऊपर बने ट्रफ से बदल रहा मौसम

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार एक ट्रफ पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन से होकर नागालैंड तक कायम है। यह बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, बांग्लादेश, असम के दक्षिणी भाग से होते हुए नागालैंड तक कायम है। इसके कारण मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है।

चिलचिलाती धूप से मिली राहत

रांची और इसके आसपास के इलाकों में बुधवार को आंधी और गरज के साथ हुई बारिश ने जहां एक ओर चिलचिलाती गर्मी से राहत दी और मौसम को खुशनुमा बना दिया, वहीं दूसरी ओर हवाई यातायात पर इसका बुरा असर पड़ा। खराब मौसम के कारण रांची एयरपोर्ट पर विमानों का परिचालन बाधित हुआ। कोलकाता से आने वाली एक फ्लाइट को खराब दृश्यता के कारण बिना उतरे ही वापस लौटना पड़ा। वहीं, दिल्ली से आ रहा विमान करीब दो घंटे देर से रांची एयरपोर्ट पर पहुंचा।

इसके अलावा कई अन्य विमान अपने निर्धारित समय से एक से दो घंटे की देरी से रांची पहुंचे। रांची में इस दौरान लगभग दो मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इससे तापमान में गिरावट तो आई, लेकिन एयरपोर्ट पर विमानों का इंतजार कर रहे यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

बारिश हुई और हवा चली तो गर्मी से लोगों ने ली राहत की सांस: बारिश होने से रांची समेत राज्य के अन्य भागों में गर्मी से लोगों ने राहत की सांस ली। मौसम में ठंडक होने के बावजूद रांची के तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं दिखाई नहीं दिया। यहां का अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री दर्ज किया गया। यह पिछले 24 घंटे की तुलना में 0.4 डिग्री अधिक रहा, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान पिछले 24 घंटे की तुलना में एक डिग्री नीचे चला गया। बावजूद इसके यह सामान्य तापमान से 2.6 डिग्री सेल्सियस अधिक रिकॉर्ड किया गया। वहीं, दूसरी ओर खूंटी और बोकारो जिले में भी तेज हवा के साथ जमकर बारिश हुई। खूंटी में सर्वाधिक 34.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।

कहां कितनी हुई बारिश

राज्य में बुधवार की शाम रांची में 2 मिमी, जमशेदपुर में 2, बोकारो में 32.4 बारिश हुई। पिछले 24 घंटे के दौरान हजारीबाग में 11.8, रांची में 6.2 मिमी समेत बोकारो, सरायकेला, धनबाद, गुमला, कोडरमा, सिमडेगा और खूंटी में हल्की बारिश हुई। बुधवार को मात्र दो जिलों का तापमान 40 डिग्री से ऊपर रहा। इसमें मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 42.7 और सरायकेला में 41.2 डिग्री रहा। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि मंगलवार को रांची समेत कई जिलों में मौसम बदलाव हुआ। कुछ जिलों में तेज हवा के साथ हल्की बारिश हुई। अगले चार दिनों के दौरान भी मौसम बदलाव का सिलसिला जारी रहेगा। इस दौरान तेज हवा और गरज के साथ कहीं कहीं ओलावृष्टि व वज्रपात होने की संभावना है।