Jharkhand Weather: झारखंड में आग उगलेगा सूरजा, 40 डिग्री पार जाएगा तापमान; इस इलाके में रहेगी राहत
रांची समेत झारखंड का मौसम गर्म हो गया है। दिन में धूप की तपिश बढ़ गयी है। पलामू में भीषण गर्मी ने दस्तक दे दी है। यहां का तापमान 42.6 डिग्री तक पहुंच गया है। तीखी धूप की तपिश से यहां की हवा भी गर्म होकर तापमान बढ़ा रही है।

Jharkhand Weather: रांची समेत झारखंड का मौसम गर्म हो गया है। दिन में धूप की तपिश बढ़ गयी है। पलामू में भीषण गर्मी ने दस्तक दे दी है। यहां का तापमान 42.6 डिग्री तक पहुंच गया है। तीखी धूप की तपिश से हवा भी गर्म होकर तापमान बढ़ा रही है। हालांकि, गुरुवार से राज्य के संताल परगना के जिलों में गुरुवार से बादल छाएंगे। कहीं-कहीं छिटपुट बारिश होने का पूर्वानुमान है, बावजूद इसके राज्य के शेष भागों में गर्मी सताएगी।
कहां कितना तापमान
मौसम विभाग ने कहा कि आने वाले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री तक वृद्धि होने का पूर्वानुमान है। इससे झारखंड में उष्ण लहर (हीट वेव) चलने के आसार हैं। विभाग के मुताबिक, अगले पांच दिनों में राज्य का अधिकतम तापमान 41 से 45 डिग्री के करीब पहुंच सकता है। बुधवार की दोपहर यहां घर से बाहर निकलना मुसीबत बन गया है। मेदिनीनगर का अधिकतम 42.6 डिग्री दर्ज किया गया। कोल्हान में भी गर्मी सताने लगी है। जमशेदपुर का अधिकतम 40.2 डिग्री रहा। जबकि, रांची का अधिकतम 37.8 व न्यूनतम 19.9 डिग्री रहा। पिछले 24 घंटे के दौरान रांची में दो और मेदिनीनगर में अधिकतम तापमान में तीन डिग्री की वृद्धि हुई। जमशेदपुर का न्यूनतम तापमान राज्य में सबसे अधिक रहा। यह 24.4 डिग्री सेल्सियस रहा। राज्य में अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान सामान्य से एक से तीन डिग्री अधिक चल रहे हैं।
इस कारण से मौसम में बदलाव के आसार
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बिहार से लेकर मणिपुर तक एक निम्न दबाव क्षेत्र पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र और बांग्लादेश के ऊपर कायम साइक्लोनिक सर्कुलेशन से होकर गुजर रहा है। इस कारण बंगाल के गांगेय क्षेत्र से सटे संताल के उपर बादल छाएंगे। इसके अलावा देश के मैदानी भागों का मौसम साफ है।
झारखंड के मौसम को लेकर जानकारी देते हुए मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि रांची समेत पूरे राज्य का मौसम गर्म हो रहा है। आसमान पूरी तरह से साफ है। कड़ी धूप होने से हवा भी अब गर्म होकर प्रवेश कर रही है। अगले पांच दिनों में गर्मी और बढ़ने के आसार हैं।




साइन इन