Jharkhand Weather Alert Rainfall Thunderstorm Warning alert In Many Districts झारखंड में फिर बिगड़ेगा मौसम, आंधी के साथ बारिश की चेतावनी; कई जिलों में अलर्ट, Jharkhand Hindi News - Hindustan
More

झारखंड में फिर बिगड़ेगा मौसम, आंधी के साथ बारिश की चेतावनी; कई जिलों में अलर्ट

झारखंड में दिनभर की तेज गर्मी और उमस के बाद मंगलवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली। शाम करीब पांच बजे के बाद आसमान में घने बादल छा गए और शहर में अंधेरा जैसा माहौल बन गया।

Wed, 13 May 2026 11:20 AMAditi Sharma हिन्दुस्तान, रांची
share
झारखंड में फिर बिगड़ेगा मौसम, आंधी के साथ बारिश की चेतावनी; कई जिलों में अलर्ट

झारखंड में दिनभर की तेज गर्मी और उमस के बाद मंगलवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली। शाम करीब पांच बजे के बाद आसमान में घने बादल छा गए और शहर में अंधेरा जैसा माहौल बन गया। इसके बाद तेज गर्जना और बिजली चमकने के साथ झमाझम बारिश शुरू होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। बारिश से पहले चली तेज आंधी के कारण शहर के कई इलाकों में पेड़ गिरने और झोपड़ियों के छप्पर उड़ने की सूचना मिली। कई जगहों पर पेड़ों की डालियां सड़क पर गिरने से कुछ देर के लिए आवागमन प्रभावित रहा। मौसम विभाग ने आज और कल के लिए भी बारिश और तेज हवा की चेतावनी दी है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 13 और 14 मई को भी शाम के समय तेज हवा, वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार से अगले चार दिनों तक रांची समेत कई जिलों में आंधी के साथ बारिश हो सकती है। मंगलवार को सुबह और दिन में तेज धूप के कारण अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बारिश के बाद कई इलाकों में जलभरा की समस्या देखी गई। करीब आधे घंटे तक हुई तेज बारिश से शहर के एमजीएम चौक, मानगो छोटा पुल, भालूबासा, भूइंयाडीह समेत कई क्षेत्रों में सड़कों पर पानी भर गया। जलजमाव के कारण आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। कई जगहों पर दोपहिया गाड़ी बंद हो गई, जिन्हें लोग धक्का देकर ले जाते नजर आए। कुछ कारें भी बीच सड़क बंद पड़ गईं। करीब आधे घंटे तक शहर की रफ्तार थमी सी रही।

रांची समेत कई जिलों में मंगलवार को भी आंधी के साथ बारिश हुई। आंधी का सबसे ज्यादा असर रांची में दिखा। 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली आंधी ने कई पेड़ों को तो धराशायी किया ही, मोबाइल टावर में गिर गया। पेड़ गिरने से उसकी चपेट में आकर दर्जनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। रांची के कई इलाकों में बिजली के तार टूटकर पेड़ों पर गिर गए। एनई होरो क्लब रोड, चडरी तालाब, भारत माता चौक, बड़ा तालाब के समीप, रमू नदी क्षेत्र, हिंदपीढ़ी साइड, पुलिस लाइन परिसर, ईस्ट जेल रोड, सदर थाने के पास, चेशायर होम रोड, बूटी पीएचईडी के पास, न्यू मोरहाबादी फीडर, हरिहर सिंह रोड, करमटोली, रातू रोड के इंद्रपुरी रोड नंबर-2, कांके रोड क्षेत्र समेत विभिन्न इलाकों में पेड़ गिरने से घंटों आवागमन प्रभावित हुआ। वहीं रातू रोड में बीएसएनएल कार्यालय और दूरदर्शन केंद्र के सामने का टावर 11 केवी लाइन पर गिर गया, जिससे तार और पोल क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं बारिश से शहर की गलियों में पानी भर जाने से लोगों का चलना दूभर हो गया।

मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को बोकारो में सर्वाधिक 15.8 और रांची में 9 मिमी बारिश हुई। गुमला, कोडरमा, हजारीबाग और पश्चिमी सिंहभूम में भी हल्की बारिश की सूचना है। बारिश की वजह से रांची समेत राज्य के अधिकांश जिलों का तापमान 37 डिग्री से नीचे आ गया है। रांची का तापमान मंगलवार को 32.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब पांच डिग्री कम है। मध्यप्रदेश के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना है, जो छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल होते हुए गुजर रहा है। इसी वजह से आंधी-बारिश हो रही है।