jharkhand on high alert on ramnavami QRT drone camera and many arrangements in areas राम नवमी पर झारखंड में हाई अलर्ट, संवेदनशील इलाकों में ड्रोन से निगरानी, क्विक रिस्पॉन्स टीम तैनात, Jharkhand Hindi News - Hindustan
More

राम नवमी पर झारखंड में हाई अलर्ट, संवेदनशील इलाकों में ड्रोन से निगरानी, क्विक रिस्पॉन्स टीम तैनात

राम नवमी के मौके पर झारखंड में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह हाई अलर्ट पर है। राज्यभर में ड्रोन से निगरानी, क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) की तैनाती और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। पुलिस के अनुसार, त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

Thu, 26 March 2026 11:31 AMMohammad Azam पीटीआई, रांची
share
राम नवमी पर झारखंड में हाई अलर्ट, संवेदनशील इलाकों में ड्रोन से निगरानी, क्विक रिस्पॉन्स टीम तैनात

राम नवमी के मौके पर झारखंड में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह हाई अलर्ट पर है। राज्यभर में ड्रोन से निगरानी, क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) की तैनाती और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। पुलिस के अनुसार, त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

राज्य के अधिकांश जिलों में शुक्रवार को धार्मिक जुलूस निकाले जाएंगे, जबकि संवेदनशील माने जाने वाले हजारीबाग और जमशेदपुर में जुलूस शनिवार को आयोजित होंगे। इसे देखते हुए इन इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

डीजीपी ने दिए ये निर्देश

झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्रा ने बुधवार रात रांची में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही जुलूस के रास्तों का वेरिफिकेशन करने और सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए।

इन टीमों की तैनाती

पुलिस ने बताया कि जुलूस मार्गों समेत प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और ड्रोन से लगातार निगरानी की जा रही है। इसके अलावा एंटी-रायट वाहन, वॉटर कैनन, एंबुलेंस और क्विक रिस्पॉन्स टीम को भी तैनात किया गया है। राज्य के विभिन्न जिलों में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए फ्लैग मार्च भी किया जा रहा है। इस बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश पर तुरंत कार्रवाई की जाए।

जुलूस रूट पर बनाए गए सेफ जोन

मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के डीसी और एसपी को जुलूस के रास्तों पर ‘सेफ जोन’ बनाने और आपात स्थिति से निपटने के लिए पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखते हुए त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं।