झारखंड में बच्चा चोरी के शक में भीड़ ने महिला को घेरा, पुलिस के साथ धक्का-मुक्की; 421 लोगों के खिलाफ FIR
झारखंड के बोकारो में बालीडीह थाना क्षेत्र में बच्चा चोरी की अफवाह फैलाने, सरकारी कामकाज में बाधा डालने और सड़क जाम करने के मामले में शनिवार को एफआईआर दर्ज की गई है।

झारखंड के बोकारो में बालीडीह थाना क्षेत्र में बच्चा चोरी की अफवाह फैलाने, सरकारी कामकाज में बाधा डालने और सड़क जाम करने के मामले में शनिवार को एफआईआर दर्ज की गई है। इस मामले में 21 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है, जबकि 400 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। कुल 421 लोगों को आरोपी बनाया गया है। थाना में दर्ज एफआईआर के अनुसार, शुक्रवार को गश्ती के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गोस्वामी टोला, बिशुनपुर में एक महिला को बच्चा चोर समझकर भीड़ ने घेर लिया है और हंगामा कर रही है।
मौके पर पहुंचने पर करीब 400 की संख्या में महिला-पुरुषों की भीड़ हंगामा करती मिली। बताया गया कि उक्त महिला को भीड़ से बचाकर सामुदायिक भवन के एक कमरे में रखा गया है। पुलिस ने भीड़ को समझाने की कोशिश की लेकिन भीड़ और उग्र हो गई। आरोप है कि कुछ असामाजिक तत्वों ने भीड़ को भड़काया, पुलिस बल के साथ धक्का-मुक्की की और महिला को बाहर निकालने की कोशिश की। भीड़ ने ईंट-पत्थर भी फेंके और सरकारी काम में बाधा पहुंचाई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और महिला को सुरक्षित निकालकर थाना लाया गया। इसके बाद उग्र भीड़ ने एनएच-32 को जाम कर दिया और करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रखा। इस दौरान अधिकारियों और कर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार, धक्का-मुक्की और पुलिस विरोधी नारेबाजी भी की गई। सड़क जाम और हंगामे की वीडियो और फोटोग्राफी के आधार पर कुछ लोगों की पहचान की गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की बात कही है।




साइन इन