how was bjp performance at 6 places where pm modi held public meetings in jharkhand झारखंड में पीएम मोदी ने जिन 6 जगहों पर की थी जनसभा, उन सीटों पर कैसा रहा भाजपा का प्रदर्शन, Jharkhand Hindi News - Hindustan
More

झारखंड में पीएम मोदी ने जिन 6 जगहों पर की थी जनसभा, उन सीटों पर कैसा रहा भाजपा का प्रदर्शन

  • झारखंड विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा के स्टार प्रचारकों ने पूरी ताकत झोंक दी थी। लेकिन चुनावी जीत-हार के हिसाब से देखें तो भाजपा के बड़े नेता पार्टी की नैया को पार नहीं लगा पाए।

Sun, 24 Nov 2024 07:33 AMDevesh Mishra लाइव हिन्दुस्तान, रांची, हिन्दुस्तान
share
झारखंड में पीएम मोदी ने जिन 6 जगहों पर की थी जनसभा, उन सीटों पर कैसा रहा भाजपा का प्रदर्शन

झारखंड विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा के स्टार प्रचारकों ने पूरी ताकत झोंक दी थी। लेकिन चुनावी जीत-हार के हिसाब से देखें तो भाजपा के बड़े नेता पार्टी की नैया को पार नहीं लगा पाए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चाईबासा, गढ़वा, गुमला, चंदनकियारी, सारठ व गोड्डा में चुनावी जनसभाएं की थीं। हालांकि जिन छह जगहों पर पीएम मोदी ने जनसभा की थी, उनमें से केवल गढ़वा से भाजपा जीती है। वहीं रांची में पीएम मोदी ने रोड शो किया था, यह सीट भाजपा जीती।

भाजपा का आक्रामक प्रचार भी विफल

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सिमरिया, घाटशिला, छतरपुर, हजारीबाग, पोटका, सरायकेला, तमाड़, धनबाद, बाघमारा, गिरिडीह, गांडेय, डुमरी, दुमका, मधुपुर व धनवार में जनसभाएं व जमशेदपुर में रोड शो किया था। जिसमें सिमरिया, हजारीबाग, बरकह्वा, सरायकेला, बाघमारा, धनवार में ही भाजपा को सफलता मिली। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने विश्रामपुर, बगोदर, जमुआ, गोमिया, सिंदरी व नाला में सभा, रांची में प्रबुद्ध सम्मेलन किया था। इसमें बगोदर, जमुआ सीट ही भाजपा जीत पायी। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कुल 17 जनसभाएं की थीं। जिसमें बड़कागांव, पांकी, कोडरमा में ही भाजपा प्रत्याशी सफल रहे।

भाजपा के स्टार प्रचारकों ने की 161 जनसभाएं

भारतीय जनता पार्टी व एनडीए घटक दलों के स्टार प्रचारकों ने 1 नवंबर से 18 नवंबर के बीच प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में जनसभा व नुक्कड़ सभा की। पूरे प्रदेश में इन 18 दिनों में करीब 161 चुनावी सभा में इन स्टार प्रचारकों ने हिस्सा लिया था। केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 25 सभाएं की व असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा शर्मा ने 38 व केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 7, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने 4, केन्द्रीय मंत्री जुएल ओराम ने 7, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 13 सभाओं को संबोधित किया था। वहीं, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 02, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने 15, पूर्व केन्द्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने 6, पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने 23, मुख्यमंत्री ओडिशा मोहन चरण मांझी ने 2, अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती ने 5, मनोज तिवारी ने 2, दिनेश लाल निरहुआ ने 2, अनिल एंटोनी ने 2, चिराग पासवान ने 8 सभाओं में शामिल होकर जन मानस को संबोधित किया था।