पथरगामा एटिक सेंटर में उर्वरक के संतुलित उपयोग पर किसानों को किया गया जागरूक
पथरगामा के एटिक सेंटर में उर्वरक के संतुलित उपयोग पर जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। किसानों ने उर्वरक उपयोग की महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। बीटीएम पवन कुमार कापरी ने सही मात्रा और समय पर उर्वरक उपयोग की सलाह दी। उन्होंने जैविक खाद के उपयोग को भी बढ़ावा देने पर जोर दिया।

पथरगामा प्रतिनिधि। पथरगामा स्थित एटिक सेंटर में मंगलवार को उर्वरक के संतुलित उपयोग को लेकर जागरूकता अभियान सह कृषक गोष्ठी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया और उर्वरक उपयोग से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। गोष्ठी को संबोधित करते हुए बीटीएम पवन कुमार कापरी ने कहा कि किसान उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से अक्सर उर्वरकों का अत्यधिक उपयोग करते हैं, लेकिन उनकी सही मात्रा और समय का ध्यान नहीं रखते। इससे जहां एक ओर मिट्टी की उर्वरता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है, वहीं दूसरी ओर फसलों की गुणवत्ता भी प्रभावित होती है। उन्होंने किसानों को मृदा परीक्षण के आधार पर ही उर्वरकों का उपयोग करने की सलाह दी, ताकि भूमि की उर्वरता बनी रहे और उत्पादन में भी वृद्धि हो।
उन्होंने आगे बताया कि संतुलित उर्वरक प्रबंधन अपनाने से लागत में कमी आती है और पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलती है। साथ ही जैविक खाद एवं हरी खाद के उपयोग को बढ़ावा देने पर भी बल दिया गया।प्रभारी प्रखंड कृषि पदाधिकारी गौतम कुमार यादव ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि खेतों में उर्वरकों का प्रयोग वैज्ञानिक तरीके से एवं निर्धारित मात्रा में ही करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अनियंत्रित और अंधाधुंध उर्वरक प्रयोग से मिट्टी की संरचना खराब होती है, जिससे दीर्घकालीन नुकसान होता है। इसलिए किसानों को जागरूक होकर संतुलित पोषण प्रबंधन अपनाना चाहिए।कार्यक्रम के दौरान किसानों ने भी अपने अनुभव साझा किए तथा कृषि विशेषज्ञों से विभिन्न समस्याओं के समाधान पर चर्चा की।मौके पर मनोज कुमार साह, कन्हाई मांझी, उत्तम चौबे, सिकंदर मंडल, संजय मंडल, मनोरमा देवी, ललिता हांसदा, मनीष मिश्रा, मनोहर महतो, अशोक सिंह, जय प्रकाश यादव, संजीव यादव, प्रदीप कुमार साह, बेदप्रकाश ठाकुर सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन