जमशेदपुर में दिनदहाड़े फल कारोबारी की हत्या, बदमाशों ने अंधाधुंध बरसाईं गोलियां
नौ राउंड फायरिंग में उन्हें पांच गोली लगी थी। घटना के नौ घंटे बाद इलाज के दौरान टीएमएच में मौत हो गई। गोलमुरी में बुधवार सुबह गोली मारे जाने से गंभीर फल विक्रेता कन्हैया यादव की मौत के बाद रात में परिजनों और स्थानीय लोगों ने थाने पर बवाल किया।

जमशेदपुर के गोलमुरी थाना और डीएसपी सिटी कार्यालय के पास टिनप्लेट मैदान में बुधवार सुबह 10.30 बजे अपराधियों ने फल कारोबारी को गोलियों से छलनी कर दिया। नौ राउंड फायरिंग में उन्हें पांच गोली लगी थी। घटना के नौ घंटे बाद इलाज के दौरान टीएमएच में मौत हो गई।
पुलिस ने मौके से छह खोखे बरामद किए। मैदान में पहले से घात लगाए बैठे तीन अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने दो को हिरासत में लिया है। वारदात में पांच लोग शामिल थे। नामदा बस्ती निवासी कारोबारी कन्हैया यादव सुबह दोस्त के साथ टहलने टिनप्लेट मैदान गए थे। वहां से निकलते समय अपराधियों ने गोलियां बरसा दीं। लोग कुछ समझ पाते, तबतक अपराधी मैदान की दीवार फांदकर फरार हो गए।
कन्हैया की छाती में दो गोली, सिर में एक, पीठ में एक व दाहिने हाथ में एक गोली। उनके साथ मौजूद साथी रंजीत शर्मा ने इलाज के लिए गंभीर हालत में टीएमएच पहुंचाया। सीसीयू वार्ड में इलाज के दौरान शाम 7.30 बजे के बाद कन्हैया की मौत हो गई। सूचना पर परिजन अस्पताल पहुंचे। कन्हैया फल का व्यापार बाजार समिति से करते थे। वह ठेकेदारी भी करते थे। डीएसपी सिटी सुनील कुमार चौधरी और गोलमुरी थाना प्रभारी ने मौके पर पहुंचे व गार्ड से पूछताछ की।
गोलमुरी में बुधवार सुबह गोली मारे जाने से गंभीर फल विक्रेता कन्हैया यादव की मौत के बाद रात में परिजनों और स्थानीय लोगों ने थाने पर बवाल किया। लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
भीड़ ने पुलिस प्रशासन हाय-हाय के नारे लगाए और कार्रवाई में तेजी लाने की मांग की। मौके पर मौजूद डीएसपी सिटी सुनील कुमार चौधरी ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, पर लोग नहीं माने। परिजनों का आरोप है कि घटना के मुख्य आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। उनका कहना है कि जबतक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक वे आंदोलन जारी रखेंगे।
प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण बना रहा। स्थिति को देखते हुए थाना परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल को तैनात कर दिया गया। क्यूआरटी की भी तैनाती की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से निपटा जा सके। हालांकि, देर रात आरोपियों की गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद सभी थाने से हट गए।




साइन इन