dhanbad bss college dimpi poster case lover apology ruckus news डिंपी मुझसे गलती हो गई… पोस्टरों से पटा कॉलेज गेट, हटाने पर भड़का आशिक; धनबाद में अजीबोगरीब मामला, Jharkhand Hindi News - Hindustan
More

डिंपी मुझसे गलती हो गई… पोस्टरों से पटा कॉलेज गेट, हटाने पर भड़का आशिक; धनबाद में अजीबोगरीब मामला

झारखंड के धनबाद में एक अनोखा और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपनी प्रेमिका से माफी मांगने के लिए कॉलेज की दीवारों को ही पोस्टर से भर दिया। यह घटना गुरुवार (9 अप्रैल) को बीएसएस वुमैन कॉलेज के मुख्य गेट के बाहर सामने आई, जिसने छात्रों और राहगीरों को चौंका दिया

Thu, 9 April 2026 10:19 PMRatan Gupta लाइव हिन्दुस्तान, धनबाद
share
डिंपी मुझसे गलती हो गई… पोस्टरों से पटा कॉलेज गेट, हटाने पर भड़का आशिक; धनबाद में अजीबोगरीब मामला

झारखंड के धनबाद में एक अनोखा और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपनी प्रेमिका से माफी मांगने के लिए कॉलेज की दीवारों को ही पोस्टर से भर दिया। यह घटना गुरुवार (9 अप्रैल) को बीएसएस वुमैन कॉलेज के मुख्य गेट के बाहर सामने आई, जिसने छात्रों और राहगीरों को चौंका दिया।

जानकारी के अनुसार, कॉलेज के गेट पर सफेद रंग के कई पोस्टर चिपकाए गए थे। इनमें ‘Dimpi’ नाम की एक लड़की से माफी मांगते हुए लंबा मेसेज लिखा गया था। पोस्टर में युवक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए लिखा था- “डिंपी मुझसे गलती हो गई, प्लीज मुझे माफ कर दो। मैं आगे से ध्यान रखूंगा कि ऐसा दोबारा न हो।”

घटना ने उस समय और तूल पकड़ लिया जब कॉलेज के सुरक्षाकर्मी और चपरासी पोस्टर हटाने पहुंचे। इसी दौरान मौके पर मौजूद युवक ने हंगामा शुरू कर दिया और स्टाफ को पोस्टर हटाने से मना करते हुए धमकाने लगा। स्थिति बिगड़ती देख कॉलेज प्रशासन को सूचना दी गई। कॉलेज की प्राचार्य डॉ. करुणा सिंह मौके पर पहुंचीं, लेकिन उनके आते ही आरोपी युवक वहां से फरार हो गया। बाद में सभी पोस्टरों को हटा दिया गया।

इस घटना को लेकर कॉलेज प्रशासन ने कड़ी नाराजगी जताई है। प्राचार्य ने इसे छात्राओं की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए धनबाद के उपायुक्त और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इस तरह की घटनाएं भविष्य में किसी बड़ी समस्या का संकेत हो सकती हैं, इसलिए इसे हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और पोस्टर लगाने वाले युवक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। कॉलेज परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। इस घटना के बाद छात्राओं और अभिभावकों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।