cyclonic storm dana effect heavy rain alert in many districs know jharkhand weather update तूफान दाना के कारण झारखंड में कितनी रहेगी हवा की स्पीड, किन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट?, Jharkhand Hindi News - Hindustan
More

तूफान दाना के कारण झारखंड में कितनी रहेगी हवा की स्पीड, किन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट?

Cyclonic Storm Dana: चक्रवाती तूफान दाना की वजह से बने वेदर सिस्टम के कारण झारखंड में तीन दिन मौसम खराब रहने की चेतावनी जारी की गई है। किन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट? इस रिपोर्ट में जानें…

Wed, 23 Oct 2024 07:16 PMKrishna Bihari Singh लाइव हिन्दुस्तान, रांची
share
तूफान दाना के कारण झारखंड में कितनी रहेगी हवा की स्पीड, किन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट?

बंगाल की खाड़ी पर बना गहरा दबाव चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया है। चक्रवाती तूफान दाना के पूर्वी तट से टकराने के बाद ओडिशा के केंद्रपाड़ा और भद्रक जिलों में तेज बारिश देखी गई है। तूफान 'दाना' के उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और 24 अक्तूबर की सुबह तक उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी पर एक भीषण चक्रवाती तूफान के रूप में तब्दील होने की आशंका है। 24 अक्तूबर की रात से 25 अक्तूबर की सुबह तक यह उत्तरी ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटों को पार करेगा। चक्रवाती तूफान दाना के कारण झारखंड में भी मौसम खराब रहेगा।

मौसम विभाग ने झारखंड में 24, 25 और 26 अक्टूबर को मौसम खराब रहने की चेतावनी दी है। खासकर दक्षिण झारखंड के इलाकों में 25 अक्टूबर की सुबह से 26 अक्टूबर की शाम तक 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। तूफान दाना के प्रभाव से 24 अक्टूबर को दक्षिणी झारखंड के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश देखी जा सकती है। 25 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने 24 अक्टूबर को झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला जिलों में विभिन्न जगहों पर गरज चमक और तूफानी हवाओं के साथ भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। IMD ने 24 अक्टूबर को ही सिमडेगा, गुमला, खुंटी, लोहारदगा, रांची, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, कोडरमा, देवघर, जामतारा, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहेबगंज जिलों के विभिन्न हिस्सों में गरज चमक के साथ बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग ने 25 अक्टूबर को झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला जिलों में अधिकांश जगहों पर भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान वज्रपात और तूफानी हवाओं की चेतावनी जारी की गई है। साथ ही सिमडेगा, गुमला, खुंटी, लोहारदगा, रांची, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, कोडरमा, देवघर, जामतारा, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहेबगंज जिलों के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज हवाएं चलेंगी।

26 अक्टूबर को गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। पूरे झारखंड में 25 अक्टूबर को व्यापक रूप से जोरदार बारिश होने की उम्मीद है। दक्षिण पूर्व झारखंड के कुछ इलाकों में भी भारी बारिश देखी जा सकती है। मौसम विभाग की ओर से सूबे के लोगों को 24 और 25 अक्टूबर को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। इस बीच एनडीआरएफ ने चक्रवाती तूफान 'दाना' के खतरे को देखते हुए ओडिशा और पश्चिम बंगाल समेत पांच राज्यों में 56 टीमें तैनात की हैं।