तुलबुल पंचायत के जसपुर गांव में जल संकट गहराया,
कान्हाचट्टी प्रखंड के जसपुर गांव में पिछले दो वर्षों से जल मीनार बंद है, जिससे ग्रामीणों को पेयजल के लिए गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी में स्थिति और भी बिगड़ गई है। ग्रामीणों ने अधिकारियों से शिकायत की है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। प्रशासन से जल मीनार को जल्द चालू करने की मांग की गई है।

कान्हाचट्टी प्रतिनिधि । कान्हाचट्टी प्रखंड के तुलबुल पंचायत के जसपुर गांव जिसमें करीब 150 घर है। जसपुर के यादव टोला (नीचे टोला) एवं कसमार टोला, में बना जल मीनार पिछले करीब दो वर्षों से बंद पड़ा है, जिससे इलाके में गंभीर जल संकट उत्पन्न हो गया है। ग्रामीणों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस जल मीनार में चापानल से मोटर के जरिए पानी चढ़ाकर पाइपलाइन से सप्लाई की जाती थी। शुरुआत में यह व्यवस्था करीब छह महीने तक सुचारू रूप से चली, लेकिन इसके बाद अचानक बंद हो गई और तब से अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि जल मीनार बंद होने के कारण उन्हें पेयजल के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर गर्मी के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो गई है।वहीं, बेंगोकला पंचायत के केन्दुआ सहोर के फुटबॉल मैदान के समीप भी चापानल 2 सालों से बंद पड़ा है एवं तुलबुल पंचायत के जसपुर गांव स्थित सरना स्थल का चापानल भी खराब पड़ा हुआ है, जिससे वहां आने-जाने वाले लोगों को पानी की भारी दिक्कत झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। जल संकट का आलम यह है कि गांव की महिलाएं और बच्चे दूर-दराज के खेतों में बने कुओं से गंदा पानी पीने और लाने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द जल मीनार को चालू कराने और खराब चापानलों की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि उन्हें इस गंभीर समस्या से राहत मिल सके।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन