झारखंड में हमारे पास बढ़िया अस्पताल नहीं हैं, दूसरे राज्य जाते हैं मरीज : मंत्री
झारखंड में अगर हमारे पास बढ़िया अस्पताल होता तो ऐसी घटना नहीं होती, अस्पताल के अभाव में पेशेंट दूसरे राज्य जाते हैं।

चतरा, संवाददाता। झारखंड में अगर हमारे पास बढ़िया अस्पताल होता तो ऐसी घटना नहीं होती, अस्पताल के अभाव में मरीज दूसरे राज्य जाते हैं। मारे गये लोगों के परिवार के साथ हमारी संवेदना है, इससे बड़ी घटना नहीं हो सकती है। सरकार इनके परिजनों के साथ खड़ी है, जान तो नहीं ला सकते हिम्मत और साहस दे सकते हैं। जो बेहतर से बेहतर होगा किया जायेगा। उक्त बातें राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने मंगलवार को सदर अस्पताल में कही। वे चतरा जिले के सिमरिया प्रखंड के करमटांड़ में सोमवार की शाम हुए एयर एंबुलेंस क्रैश में मारे गये सात लोगों की घटना की जानकारी पाकर सदर अस्पताल पहुंचे थे।
सदर अस्पताल पहुंचते ही मृतकों के परिजन मंत्री को पकड़कर दहाड़ मार-मारकर रोने लगे। मंत्री ने सभी का ढाढ़स बंधाया और हर संभव मदद की बात कही। उन्होंने पत्रकारों को बताया कि जब मालूम था कि मौसम खराब है तो फिर उड़ान क्यों भरा। इसकी उच्च स्तरीय जांच के लिये आपात बैठक करेंगे, और जो भी इसमे दोषी पाये जायेंगे कार्रवाई की जायेगी। मंत्री इरफान अंसारी ने स्वीकार किया कि झारखंड में कोई बड़ा अस्पताल नहीं है, जिस कारण मरीज बाहर राज्यों में इलाज के लिये जाते हैं। उन्होंने कहा कि वह झारखंड में एशिया का सबसे बड़ा अस्पताल बना रहे हैं जिसका लोग विरोध कर रहे हैं, जो झारखंड की जनता के लिये ठीक नहीं है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन