झारखंड आंदोलनकारियों का आर-पार का ऐलान, 10 जून से मुख्यमंत्री आवास घेराव, आमरण अनशन व आत्मदाह आंदोलन का निर्णय
झारखंड आंदोलनकारियों का आर-पार का ऐलान, 10 जून से मुख्यमंत्री आवास घेराव, आमरण अनशन व आत्मदाह आंदोलन का निर्णय

बोकारो वरीय संवाददाता। झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा, बोकारो जिला के तत्वावधान में रविवार को पुरुलिया रोड स्थित दीपांजलि पैलेस सभागार में शनिवार को जिला स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में झारखंड आंदोलनकारियों से जुड़े लंबित मुद्दों, सरकारी संकल्पों और आश्वासनों पर अमल नहीं किए जाने को लेकर गहरा रोष व्यक्त किया गया। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आंदोलनकारियों के अधिकारों की मांग को लेकर 10 जून से रांची में मुख्यमंत्री आवास का अनिश्चितकालीन घेराव, धरना-प्रदर्शन, आमरण अनशन तथा आत्मदाह आंदोलन शुरू किया जाएगा。
सम्मेलन की मुख्य बातें
सम्मेलन में मुख्य अतिथि व झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के संस्थापक प्रधान सचिव पुष्कर महतो ने कहा कि झारखंड राज्य के गठन के लिए संघर्ष और शहादत देने वाले आंदोलनकारी आज भी उपेक्षित जीवन जीने को विवश हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बाहरी लोगों को रोजगार और आर्थिक अवसर उपलब्ध करा रही है, जबकि राज्य निर्माण में अहम भूमिका निभाने वाले आंदोलनकारियों को उनके अधिकारों से वंचित रखा गया है। उन्होंने कहा कि यदि आंदोलनकारियों की मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो 10 जून से आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी।
आंदोलनकारियों की एकजुटता
मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष विदेश महतो ने कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों और उनके परिवारों के अधिकारों की रक्षा के लिए सभी आंदोलनकारियों को एकजुट होकर रांची पहुंचना होगा। वहीं आंदोलनकारी युवा मोर्चा के अध्यक्ष ललित नारायण ने कहा कि जिस संघर्ष से राज्य बना, उसी संघर्ष की ताकत से अब अधिकारों की रक्षा की जाएगी। सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए बोकारो जिला अध्यक्ष राजदेव महथा ने कहा कि आंदोलनकारी अब अपने हक और सम्मान की लड़ाई निर्णायक रूप से लड़ने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों ने संकल्प लिया है कि वे अपने और अपने बच्चों के अधिकार हासिल करके रहेंगे।
सम्मेलन में भागीदारी
सम्मेलन में दुमका प्रमंडल अध्यक्ष जीतन कोल, केंद्रीय सचिव सूरज प्रसाद जायसवाल, सत्यदेव राय, केंद्रीय सह सचिव हाबूलाल गोराई, जिला सचिव खगेन्द्र नाथ वर्मा, परमेश्वर मंडल, महानगर अध्यक्ष ज्योतिलाल महतो, महासचिव रामपद महतो सहित विभिन्न जिलों और प्रखंडों से आए आंदोलनकारियों ने अपने विचार रखे। सभी वक्ताओं ने 10 जून को रांची में प्रस्तावित मुख्यमंत्री आवास घेराव, आमरण अनशन एवं आत्मदाह कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया। सम्मेलन में बोकारो, रामगढ़, कोडरमा समेत विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में झारखंड आंदोलनकारी उपस्थित रहे और आंदोलन को निर्णायक रूप देने का संकल्प लिया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन