ईरान में जंग पर बुलाई मुख्यमंत्रियों की बैठक में क्या होगा? उमर अब्दुल्ला ने बताया एजेंडा
मुख्यमंत्री ने एक बार फिर दोहराया कि प्रदेश में तेल उत्पादों का पर्याप्त भंडार है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे पेट्रोल पंपों के बाहर लंबी कतारें लगाकर स्थिति को अनावश्यक रूप से खराब न करें।

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने केंद्र शासित प्रदेश में ईंधन और आवश्यक वस्तुओं की कमी की अफवाहों को सिरे से खारिज करते हुए जनता को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यदि लोग सोशल मीडिया की अफवाहों में आकर पेट्रोल पंपों पर इसी तरह भीड़ लगाते रहे, तो सरकार को मजबूरन कुछ दिनों के लिए पंप बंद करने पड़ेंगे। इसके अलावा उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ आज होने वाली एक वर्चुअल बैठक के बारे में भी बात की।
गांधी नगर के दशहरा ग्राउंड में 'जम्मू मैराथन-2026 एक्सपो' का उद्घाटन करने के बाद मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री भावुक नजर आए। उन्होंने कहा, "यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि लोग सरकार के आधिकारिक बयानों पर ध्यान नहीं देते, लेकिन अफवाहों पर तुरंत यकीन कर लेते हैं। मैंने खुद समीक्षा बैठक की है और यह साफ किया है कि फिलहाल डीजल, पेट्रोल या एलपीजी की कोई कमी नहीं है। पिछले दो-तीन दिनों में स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया है।"
पीएम मोदी की बैठक में होंगे शामिल
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि वे शुक्रवार शाम 6:30 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बुलाई गई ऑनलाइन बैठक में हिस्सा लेंगे। इस बैठक में पश्चिम एशिया के ताजा हालात और युद्ध के लंबे खिंचने की स्थिति में आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के उपायों पर चर्चा होगी। उमर अब्दुल्ला ने कहा कि केंद्र सरकार ने अभी तक राशन या आपूर्ति सीमित करने का कोई निर्देश नहीं दिया है, इसलिए घबराने की कोई जरूरत नहीं है।
पाकिस्तान की मध्यस्थता पर बड़ा बयान
अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध समाप्त करने के लिए पाकिस्तान की संभावित मध्यस्थता के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा, "अगर पाकिस्तान ऐसी कोई भूमिका निभाता है जिससे युद्ध खत्म हो सके, तो हमें या किसी और को आपत्ति क्यों होनी चाहिए? अगर बातचीत से कोई समाधान निकलता है, तो यह अच्छी बात है।"
मुख्यमंत्री ने एक बार फिर दोहराया कि प्रदेश में तेल उत्पादों का पर्याप्त भंडार है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे पेट्रोल पंपों के बाहर लंबी कतारें लगाकर स्थिति को अनावश्यक रूप से खराब न करें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन