world most polluted country pakistan city loni india iqair report 2025 पाकिस्तान दुनिया का नंबर वन प्रदूषित देश, टॉप पर भारत का ये शहर; टॉप-10 देशों की लिस्ट देखिए, International Hindi News - Hindustan
More

पाकिस्तान दुनिया का नंबर वन प्रदूषित देश, टॉप पर भारत का ये शहर; टॉप-10 देशों की लिस्ट देखिए

रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान दुनिया का सबसे प्रदूषित देश और भारत का लोनी सबसे प्रदूषित शहर बन गया है। टॉप 25 सबसे जहरीले शहर केवल भारत, पाकिस्तान और चीन में हैं। वायु प्रदूषण का पूरा हाल और WHO के आंकड़े जानने के लिए पढ़ें पूरी खबर।

Tue, 24 March 2026 11:01 AMAmit Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share
पाकिस्तान दुनिया का नंबर वन प्रदूषित देश, टॉप पर भारत का ये शहर; टॉप-10 देशों की लिस्ट देखिए

पाकिस्तान को दुनिया का सबसे प्रदूषित देश घोषित किया गया है। एक शोध से पता चला है कि पाकिस्तान में खतरनाक सूक्ष्म कणों (PM2.5) की सांद्रता विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा बताए गए सुरक्षित स्तर से 13 गुना अधिक है। राहत की बात यह है कि पिछले साल 13 देशों और क्षेत्रों ने अपने औसत PM2.5 स्तर को WHO के मानक (5 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर से कम) पर बनाए रखा, जबकि 2024 में यह संख्या केवल 7 थी।

टॉप 3 सबसे प्रदूषित देश

स्विस वायु गुणवत्ता निगरानी संस्था 'आईक्यूएयर' (IQAir) द्वारा मंगलवार को जारी की गई 2025 की वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान प्रदूषण के मामले में नंबर वन देश है। जिन 143 देशों और क्षेत्रों की निगरानी की गई, उनमें से 130 देश WHO के सुरक्षित वायु गुणवत्ता दिशानिर्देशों को पूरा करने में विफल रहे। पाकिस्तान के बाद, बांग्लादेश दुनिया का दूसरा और ताजिकिस्तान तीसरा सबसे प्रदूषित देश रहा। 2024 में दुनिया का सबसे प्रदूषित देश रहा चाड, 2025 में चौथे स्थान पर खिसक गया। हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि PM2.5 के स्तर में यह गिरावट असल में सुधार नहीं, बल्कि 'डेटा की कमी' का परिणाम है। वहीं भारत इस लिस्ट में छठे स्थान पर है।

डेटा की कमी और अमेरिकी निगरानी कार्यक्रम का बंद होना

पिछले साल मार्च में, अमेरिका ने बजट की कमी का हवाला देते हुए अपने दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों से प्रदूषण डेटा इकट्ठा करने वाले वैश्विक निगरानी कार्यक्रम को बंद कर दिया था। IQAir रिपोर्ट की प्रमुख लेखिका क्रिस्टी चेस्टर श्रोएडर ने बताया कि मार्च में डेटा खोने से ऐसा लगा कि (चाड में) PM2.5 के स्तर में भारी गिरावट आई है, लेकिन वास्तविकता यह है कि हमें इसके बारे में जानकारी ही नहीं है। अमेरिका के इस फैसले ने कई प्रदूषण-ग्रस्त देशों के लिए डेटा का प्राथमिक स्रोत ही खत्म कर दिया। जानकारी के इसी अभाव के कारण बुरुंडी, तुर्कमेनिस्तान और टोगो जैसे देशों को 2025 की रिपोर्ट से बाहर कर दिया गया है।

शहरों का हाल: भारत और चीन का दबदबा

दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर: भारत का लोनी शहर 2025 में दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर रहा, जहां औसत PM2.5 स्तर 112.5 माइक्रोग्राम दर्ज किया गया। इसके बाद चीन के शिनजियांग क्षेत्र का होटन शहर 109.6 माइक्रोग्राम के साथ दूसरे स्थान पर रहा। यह चिंताजनक है कि दुनिया के शीर्ष 25 सबसे प्रदूषित शहर केवल भारत, पाकिस्तान और चीन में ही स्थित हैं।

ये हैं दुनिया के सबसे प्रदूषित और साफ शहर (टॉप-10)

Pakistan air pollution

वैश्विक पर्यावरण और जलवायु प्रभाव

शहरों का गिरता स्तर: 2025 में दुनिया के केवल 14% शहरों ने WHO के मानकों को पूरा किया, जो कि एक साल पहले (17%) के मुकाबले कम है। इसका एक बड़ा कारण कनाडा के जंगलों में लगी आग थी, जिसने अमेरिका और यूरोप तक PM2.5 के स्तर को बढ़ा दिया। 2025 में WHO के मानकों पर खरे उतरने वाले देशों में ऑस्ट्रेलिया, आइसलैंड, एस्टोनिया और पनामा शामिल हैं।

मौसम का सकारात्मक प्रभाव

ला नीना मौसम प्रणाली के कारण बढ़ी नमी और हवाओं के चलते लाओस, कंबोडिया और इंडोनेशिया में पिछले वर्ष की तुलना में PM2.5 में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई। मंगोलिया में भी औसत प्रदूषण 31% गिरकर 17.8 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर हो गया। IQAir के अनुसार, कुल मिलाकर 75 देशों ने 2024 की तुलना में 2025 में अपने PM2.5 स्तर में कमी (सुधार) दर्ज की, जबकि 54 देशों में प्रदूषण का औसत स्तर पहले से अधिक पाया गया।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।