Will a Second Round of US Iran Peace Talks Take Place Soon Donald Trump Shares Good News अमेरिका-ईरान में जल्द होगी दूसरे दौर की शांति वार्ता? ट्रंप ने शेयर की गुड न्यूज, International Hindi News - Hindustan
More

अमेरिका-ईरान में जल्द होगी दूसरे दौर की शांति वार्ता? ट्रंप ने शेयर की गुड न्यूज

ईरान और अमेरिका के बीच पाकिस्तान में शांति वार्ता अगले 36-72 घंटों के भीतर हो सकती है। ट्रंप ने यह जानकारी देते हुए कहा है कि यह मुमकिन है। इससे पहले, ट्रंप ने खत्म हो रही सीजफायर की अवधि को भी बढ़ा दिया था।

Wed, 22 April 2026 08:35 PMMadan Tiwari लाइव हिन्दुस्तान, वॉशिंगटन
share
अमेरिका-ईरान में जल्द होगी दूसरे दौर की शांति वार्ता? ट्रंप ने शेयर की गुड न्यूज

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ शांति वार्ता के दूसरे दौर को लेकर गुड न्यूज शुक्रवार तक आ सकती है। न्यूयॉर्क पोस्ट ने बुधवार को बताया कि शांति वार्ता अगले 36 से 72 घंटों के भीतर फिर से शुरू हो सकती है। ट्रंप ने द पोस्ट से कहा, “यह मुमकिन है।” इससे पहले, ट्रंप ने ईरान के साथ खत्म हो रहे युद्धविराम को आगे बढ़ा दिया था। यह कदम इसलिए उठाया गया ताकि ईरान के साथ शांति वार्ता के लिए और अधिक समय मिल सके। अमेरिका ने साफ किया है कि ईरान के साथ दूसरे दौर की शांति वार्ता भी इस्लामाबाद में ही होगी।

इसके अलावा, पाकिस्तानी सूत्रों ने पोस्ट को बताया कि इस बात की संभावना है कि ईरान के साथ मध्यस्थता के आशावादी प्रयासों को देखते हुए, अगले 36 से 72 घंटों के भीतर बातचीत का एक नया दौर हो सकता है। जब ट्रंप से इस बारे में पूछा गया, तो रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने एक टेक्स्ट मैसेज में कहा, "यह संभव है! राष्ट्रपति DJT"।

डोनाल्ड ट्रंप ने मध्यस्थ देश पाकिस्तान के अनुरोध पर ईरान के साथ युद्धविराम को अनिश्चितकाल के लिए बढ़ा दिया है। ट्रंप ने कहा कि यह कदम तेहरान के आंतरिक मतभेदों से जूझ रहे नेतृत्व को सात सप्ताह से जारी युद्ध समाप्त करने के लिए एक प्रस्ताव तैयार करने का समय देने के उद्देश्य से उठाया गया है। यह घोषणा तब की गई है, जब आठ अप्रैल को घोषित दो सप्ताह का युद्धविराम कुछ ही घंटों में समाप्त होने वाला था। इसके साथ ही उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के नेतृत्व वाले अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल की इस्लामाबाद यात्रा भी प्रभावी रूप से टल गई, जहां ईरानी प्रतिनिधियों के साथ शांति वार्ता प्रस्तावित थी।

हालांकि, ट्रंप ने स्पष्ट कर दिया है कि अमेरिका ईरान पर अपने हमले को तब तक रोकेगा, जब तक उसके नेता और प्रतिनिधि समेकित प्रस्ताव तैयार नहीं कर लेते। उन्होंने कहा कि ईरान के बंदरगाहों पर आर्थिक नाकेबंदी जारी रहेगी। वेंस और अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ तथा जेरेड कुशनर को मंगलवार को इस्लामाबाद रवाना होना था, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय व्हाइट हाउस ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल की पाकिस्तान यात्रा मंगलवार को नहीं होगी।

ट्रंप ने मंगलवार को एक बयान में कहा, ''इस तथ्य के आधार पर कि ईरान की सरकार गंभीर रूप से आंतरिक मतभेदों से जूझ रही है और पाकिस्तान के फील्ड मार्शल आसिम मुनीर तथा प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के अनुरोध पर हमसे कहा गया है कि हम ईरान पर अपने हमले को तब तक रोकें, जब तक उसके नेता और प्रतिनिधि प्रस्ताव तैयार नहीं कर लेते।'' अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि उन्होंने इसलिए अपनी सेना को नाकेबंदी जारी रखने तथा अन्य सभी मामलों में पूरी तरह तैयार और सक्षम रहने का निर्देश दिया है और युद्धविराम को तब तक बढ़ाया जाएगा, जब तक उनका प्रस्ताव पेश नहीं हो जाता और बातचीत किसी न किसी नतीजे पर नहीं पहुंच जाती।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।