what the f they are doing Donald Trump got angry when Israel Iran broke the ceasefire देखें, इजरायल-ईरान के सीजफायर तोड़ने पर भड़क गए डोनाल्ड ट्रंप; दे बैठे गाली, International Hindi News - Hindustan
More

देखें, इजरायल-ईरान के सीजफायर तोड़ने पर भड़क गए डोनाल्ड ट्रंप; दे बैठे गाली

हेग के लिए रवाना होने से पहले जब पत्रकारों ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से इजरायल और ईरान में सीजफायर और फिर इसका उल्लंघन करने को लेकर सवाल किया तो वह भड़क गए।

Tue, 24 June 2025 08:05 PMAnkit Ojha लाइव हिन्दुस्तान
share
देखें, इजरायल-ईरान के सीजफायर तोड़ने पर भड़क गए डोनाल्ड ट्रंप; दे बैठे गाली

इजरायल और ईरान के बीच 12 दिनों के युद्ध के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दोनों देश में सीजफायर का ऐलान कर दिया। इसके कुछ घंटे बाद ईरान और इजरायल दोनों तरफ से एक बार फिर हमले हुए। इसपर भड़कते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, उन दोनों देशों को नहीं पता कि वे क्या F@$* कर रहे हैं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि इजराइल और ईरान ने शत्रुता समाप्त करने के लिए मंगलवार की समय-सीमा समाप्त होने के बाद हमले करके संघर्ष विराम की शर्तों का उल्लंघन किया है।

इजराइल और ईरान के बीच संघर्ष विराम को बनाए रखने की कोशिश कर रहे ट्रंप ने इजराइल को चेतावनी दी कि वह अपने पायलटों को वापस बुला ले। ट्रंप ने कहा कि दोनों देश लंबे समय से लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्हें भी नहीं पता कि वे क्या बकवास कर रहे हैं। डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से भी हमला ना करने को कहा। वहीं इजरायल का कहना है कि ईरान ने सीजफायर का उल्लंघन किया था जिसका जवाब देना जरूरी था।

हेग में नाटो शिखर सम्मेलन के लिए रवाना होने से पहले व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने लगातार हो रहे हमलों पर निराशा व्यक्त की।ट्रंप ने कहा, “उन्होंने इसका उल्लंघन किया, लेकिन इजराइल ने भी इसका उल्लंघन किया।”

उन्होंने कहा, “मैं इजराइल से खुश नहीं हूं।” लगभग उसी समय, उन्होंने एक ‘ट्रुथ’ पोस्ट में कहा, “इजराइल। उन बमों को मत गिराओ। अगर तुम ऐसा करते हो, तो यह एक बड़ा उल्लंघन होगा। अपने पायलटों को वापस बुलाओ!”

मंगलवार को यह संघर्ष विराम उस समय टूट गया, जब इजराइल ने ईरान पर संघर्ष विराम लागू होने के बाद उसके हवाई क्षेत्र में मिसाइलें दागने का आरोप लगाया तथा जवाबी कार्रवाई करने का संकल्प जताया। सरकारी मीडिया के अनुसार, ईरान की सेना ने इजराइल पर हमला करने से इनकार किया है - लेकिन मध्याह्न के समय उत्तरी इजराइल में विस्फोटों की आवाजें गूंजीं और सायरन बजने लगे, तथा एक इजराइली सैन्य अधिकारी ने कहा कि दो ईरानी मिसाइलों को नष्ट कर दिया गया।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।