अभी तो खेल शुरू हुआ है, ईरान पर हमले के बीच ट्रंप बोले- असली लहर आना बाकी
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि अभी अमेरिकी सेना ईरान के ऊपर जबरदस्त हमला कर रही है, लेकिन असली लहर का आना बाकी है। उन्होंने कहा कि हम उन्हें बुरी तरह से मार रहे हैं। यह बहुत अच्छी तरह से चल रहा है।

Donald Trump : अमेरिका और इजरायल ने पहले ही हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर समेत कई बड़े अधिकारियों की हत्या कर दी है। अमेरिकी और इजरायली हमलों से पूरे ईरान में तबाही की स्थिति है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक अब तक करीब 550 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। इतना सब होने के बाद अब राष्ट्रपति ट्रंप का कहना है कि सेना ईरान के ऊपर जबरदस्त हमले कर रही है, लेकिन अभी असली हमलों की लहर का आना बाकी है। उन्होंने कहा कि अमेरिका और उसके साथियों ने ईरान के ऊपर ऑपरेशन एपिक फ्यूरी लॉन्च किया था। दुनिया ने ऐसा हमला नहीं देखा था। अयातुल्लाह खामेनेई मारा जा चुका है। ईरान की इस्लामिक सत्ता के खूनी इतिहास का अध्याय समाप्त हुआ। ट्रंप ने इस अभियान के दौरान मारे गए सैनिकों के श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि अभी और सैनिकों को भी हम खो सकते हैं।
सीएनएन को दिए एक इंटरव्यू में अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान में किए जा रहे हमलों को लेकर जानकारी दी। उन्होंने कहा, "हम उन्हें (ईरान को) बुरी तरह से मार रहे हैं। मुझे लगता है कि यह बहुत अच्छी तरह से चल रहा है। हमारी सेना बहुत ताकतवर है। हमारे पास दुनिया की सबसे महान सेना है और हम उसका इस्तेमाल कर रहे हैं। हमने अभी तक उन पर पूरी ताकत से हमला किया भी नहीं है, अभी बड़ी लहर आई भी नहीं है। बहुत जल्दी ही बड़ा हमला आने वाला है।" ट्रंप ने कहा कि अभी हालात और भी ज्यादा खराब होने वाले हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति से जब पूछा गया कि क्या वह अमेरिकी सैन्य हमलों के अलावा ईरानी जनताको वहां की शासन व्यवस्था पर नियंत्रण वापस लेने में मदद कर रहे हैं। तो अमेरिकी राष्ट्रपति ने इसका जवाब देते हुए कहा, "हां, हम वाकई में ऐसा कर रहे हैं, लेकिन फिलहाल हम चाहते हैं कि सभी लोग घरों के अंदर रहें, क्योंकि बाहर माहौल अभी सुरक्षित नहीं है।
ट्रंप ने ईरान पर किए अपने हमले को जायज ठहराते हुए कहा कि ईरान न्यूक्लियर प्रोग्राम बंद करने के लिए नहीं मान रहा था। वह बहुत तेजी के साथ इस काम में लगा हुआ था। अगर हम हमला नहीं करते, तो वह दिन दूर नहीं था, जब ईरान के पास अमेरिका तक मार करने वाली मिसाइलों का जखीरा होता।
यह आखिरी मौका: ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि एक न्यूक्लियर पावर ईरान अमेरिका के लिए सही नहीं रहता, इसलिए हमें हमला करना पड़ा। उन्होंने कहा कि ईरान के न्यूक्लियर प्रोग्राम को नष्ट करने का यह हमारे पास आखिरी मौका है। हम ईरान के ऊपर लगातार हमला करते रहेंगे। ट्रंप ने कहा, “अमेरिका इस युद्ध में ईरान की उस सत्ता को खत्म कर देगा, जिसने सही शब्दों में कहें तो, इंसानियत के खिलाफ युद्ध छेड़ रखा था। हम किसी ऐसे देश को खुला नहीं छोड़ सकते थे, जो कि अमेरिका और दुनिया के देशों के लिए खतरा हो, अब ऐसा कोई खतरा नहीं होगा। हम यह ऑपरेशन के लिए नहीं कर रहे हैं, बल्कि अपने आने वाली पीढ़ियों के लिए कर रहे हैं। ईरान की यह खूनी सत्ता पिछले 50 सालों से अमेरिका की मौत, इजरायल की मौत चिल्ला रहे हैं। यह अब जारी नहीं रहेगा।”
ट्रंप ने कहा, “मैं एक बार फिर से ईरानी अधिकारियों और आईआरजीसी के सैनिकों से कहना चाहूंगा कि हथियार डाल दो और अपनी जान बचा लो। क्योंकि अगर ऐसा नहीं करते हो, तो फिर मौत के लिए तैयार हो जाओ। मैं कह देता हूं, यह बहुत जल्दी होगा। इसलिए अपने हथियार डाल दो। मैं ईरान की जनता से भी कहना चाहूंगा कि यही आपका समय है, अपने भविष्य के लिए अपने बच्चों के भविष्य के लिए खूनी सत्ता के खिलाफ खड़े हो जाइए, यही आपका मौका है, हम मदद लेकर आ गए हैं, अब आपकी बारी है।”
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन