गाजा में क्या होने वाला है? सीजफायर की चर्चाओं के बीच खतरनाक प्लान पर ट्रंप और नेतन्याहू का मंथन
इजरायल में ही मांग उठने लगी है कि हमास से कोई वार्ता न की जाए। इस बीच एक खबर यह भी है कि डोनाल्ड ट्रंप और नेतन्याहू के बीच इस खतरनाक प्लान पर भी चर्चा हुई कि कैसे गाजा के लोगों को पड़ोसी मुल्कों में शिफ्ट कर दिया जाए। ट्रंप पहले भी कह चुके हैं कि गाजा के लोगों क पड़ोसी देशों में शिफ्ट कर देना चाहिए।

गाजा में आखिर क्या होने वाला है? यह सवाल इसलिए उठ रहा है क्योंकि जब बेंजामिन नेतन्याहू अमेरिका के दौरे पर निकले तो चर्चाएं थी कि वह सीजफायर पर बात करेंगे। लेकिन अब तस्वीर उलटी दिख रही है। एक तरफ डोनाल्ड ट्रंप और बेंजामिन नेतन्याहू की बातचीत का कोई नतीजा नहीं निकला तो वहीं इजरायल में ही मांग उठने लगी है कि हमास से कोई वार्ता न की जाए। इस बीच एक खबर यह भी है कि डोनाल्ड ट्रंप और नेतन्याहू के बीच इस खतरनाक प्लान पर भी चर्चा हुई कि कैसे गाजा के लोगों को पड़ोसी मुल्कों में शिफ्ट कर दिया जाए। डोनाल्ड ट्रंप पहले भी कह चुके हैं कि गाजा के लोगों को मिस्र, लेबनान जैसे पड़ोसी देशों में शिफ्ट कर देना चाहिए।
इससे गाजा का नए सिरे से विकास हो सकेगा और इजरायल से भी रिश्ते सुधारे जा सकेंगे। हालांकि ऐसा करने को हमास और अन्य इस्लामिक देशों के नेताओं का कहना है कि यह तो एक नस्ल की पहचान ही मिटाने की कोशिश है। आखिर फिलिस्तीन की पहचान रखे वाले लोग कैसे दूसरे देशों में भेजे जा सकते हैं। हालांकि दोनों नेता इन आलोचनाओं से बेफिक्र नजर आ रहे हैं और उनकी इसी प्लान पर मीटिंग हुई है। फिलहाल सीजफायर को लेकर कोई जानकारी नहीं मिली है, जबकि डोनाल्ड ट्रंप कई दिनों से दोहरा रहे हैं कि हमास के साथ 60 दिनों के सीजफायर पर मंथन चल रहा है।
गाजा को लेकर चिंता की स्थिति इसलिए भी बन रही है क्योंकि इजरायल ने अपने हमले तेज कर दिए हैं। यही नहीं वेस्ट बैंक में भी इजरायल ने तेज हमले कर दिए हैं और कई इमारतों को आग के हवाले कर दिया है। अकेले सोमवार को ही 60 फिलिस्तीनियों की मौत इजरायल की फायरिंग में हो गई थी। इसके अलावा यमन में सक्रिय हूथियों से भी इजरायल की जंग जारी है। ऐसे में कुछ भी कहना मुश्किल है कि आखिर गाजा में क्या होने वाला है। बता दें कि इजरायल के होम मिनिस्टर बेन ग्विर ने भी नेतन्याहू से मांग की है कि हमास के साथ वार्ता स्थगित की जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों से बात नहीं हो सकती, जो हमारे सैनिकों कत्ल कर रहे हैं।
वेस्ट बैंक में भी इजरायली हमले, कई जगह लगाई आग
खबर है कि वेस्ट बैंक में फिलिस्तीनी शरणार्थियों के कई ठिकानों पर भी हमले हुए हैं। इन हमलों के दौरान इजरायली सुरक्षा बलों ने कई ठिकानों को आग के हवाले कर दिया। इसके अलावा बड़ी संख्या में लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। माना जा रहा है कि अगले कुछ फिलिस्तीन के लिए अहम हैं। एक तरफ सीरिया समेत कई देशों को अमेरिका और इजरायल साधने में जुटे हैं तो वहीं हमास पर हमले तेज हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि इस्लामिक ब्लॉक में ही फूट डालने की कोशिश है, जबकि हमास पर हमले पहले की तरह ही जारी रह सकते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन