पहली बार ईरान ने US को दिए ऐसे जख्म, फाइटर जेट F-35 को बनाया निशाना; करानी पड़ी आपात लैंडिंग
यह घटना कई कारणों से बेहद अहम मानी जा रही है। यह पहली बार हो सकता है जब ईरान ने सीधे तौर पर अमेरिकी विमान को निशाना बनाया हो। इस घटना से साफ संकेत मिलता है कि ईरान की वायु रक्षा क्षमता पूरी तरह खत्म नहीं हुई है।

ईरान युद्ध के 20वें दिन एक अहम सैन्य घटनाक्रम सामने आया है। खबर है कि ईरान ने पहली बार अमेरिकी स्टील्थ फाइटर जेट F-35 को निशाना बनाया है, जिसके बाद अमेरिकी लड़ाकू विमान की आपात लैंडिंग करानी पड़ी है। मामले से जुड़े दो सूत्रों के हवाले से CNN की रिपोर्ट में कहा गया है कि एक US F-35 लड़ाकू विमान को मिडिल ईस्ट में US एयर बेस पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी है। माना जा रहा है कि इस विमान पर ईरान की तरफ से हमला किया गया था। ईरान की IRGC ने भी दावा किया है कि उसने अमेरिकी फाइटर जेट को निशाना बनाया है।
US सेंट्रल कमांड के प्रवक्ता कैप्टन टिम हॉकिन्स ने बताया कि पांचवीं पीढ़ी का यह स्टेल्थ जेट ईरान के ऊपर एक कॉम्बैट मिशन पर था, तभी उसे हिट किया गया। इसके बाद जेट की इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। हॉकिन्स ने कहा कि विमान सुरक्षित रूप से उतर गया और इस घटना की जांच की जा रही है। सूत्रों का कहना है कि ईरानी गोलाबारी से F-35 को बड़ा नुकसान पहुँचा है।
पायलट की हालत स्थिर
हॉकिन्स ने आगे कहा, "विमान सुरक्षित रूप से उतर गया और पायलट की हालत स्थिर है।" “इस घटना की जांच चल रही है।” रिपोर्ट में कहा गया है कि ऐसा पहली बार हुआ है, जब ईरान ने 28 फरवरी से छिड़े इस युद्ध में किसी अमेरिकी फाइटर जेट को निशाना बनाया है। इस संघर्ष में US और इजरायल, दोनों ही F-35 लड़ाकू विमानों का इस्तेमाल कर रहे हैं; इस विमान की कीमत 100 मिलियन डॉलर यानी 800 करोड़ रुपये से भी ज़्यादा है।
क्यों है यह घटना महत्वपूर्ण?
यह घटना कई कारणों से बेहद अहम मानी जा रही है। यह पहली बार हो सकता है जब ईरान ने सीधे तौर पर अमेरिकी विमान को निशाना बनाया हो। इस घटना से साफ संकेत मिलता है कि ईरान की वायु रक्षा क्षमता पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। यह घटना इसलिए भी अहम है क्योंकि F-35 पांचवीं पीढ़ी का स्टील्थ फाइटर जेट है। इसमें रडार से बचने की क्षमता है, बावजूद इसके यह ईरानी वायु सेना का निशाना बन गया। ऐसे उन्नत विमान को नुकसान पहुंचना एक बड़ा संकेत माना जा रहा है।
अमेरिका का दावा बनाम हकीकत
यह घटनाक्रम इसलिए भी अहम है क्योंकि एक तरफ जहां अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने दावा किया है कि ईरान युद्ध अब खत्म होने की कगार पर है और अमेरिका निर्णायक रूप से जीत रहा है क्योंकि ईरान की एयर डिफेंस पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। उसी दिन ईरान ने अमेरिकी फाइटर जेट को ही निशाना बना दिया और उसे आपात लैंडिंग करने को मजबूर कर दिया। यह घटना अमेरिकी रक्षा मंत्री के दावों पर सवाल भी खड़े कर रही है। हालांकि इससे पहले भी खबरें आई थीं कि ईरान ने एक अमेरिकी फाइटर जेट को निशाना बनाया है लेकिन तब अमेरिका की तरफ से कहा गया था कि कुवैत ने आपसी दोस्ती में जेट को टारगेट किया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन