US Colombia take action against each other for not allowing flights of migrants Donald Trump message अवैध प्रवासियों को लेकर US से भिड़ गया छोटा सा देश; अमेरिकी जहाजों को लौटाया, भड़के डोनाल्ड ट्रंप, International Hindi News - Hindustan
More

अवैध प्रवासियों को लेकर US से भिड़ गया छोटा सा देश; अमेरिकी जहाजों को लौटाया, भड़के डोनाल्ड ट्रंप

  • कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने कहा, ‘अमेरिका कोलंबियाई प्रवासियों के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार नहीं कर सकता। मैं कोलंबियाई प्रवासियों को ला रहे अमेरिकी विमानों के हमारे क्षेत्र में प्रवेश को स्वीकार नहीं करता।’

Mon, 27 Jan 2025 09:01 AMNiteesh Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share
अवैध प्रवासियों को लेकर US से भिड़ गया छोटा सा देश; अमेरिकी जहाजों को लौटाया, भड़के डोनाल्ड ट्रंप

अवैध प्रवासियों के मामले को लेकर अमेरिका और कोलंबिया आमने-सामने आ गए हैं। पहले तो प्रवासियों को निर्वासित करने के लिए बोगोटा आ रहे 2 अमेरिकी सैन्य विमानों को कोलंबिया ने एंट्री की इजाजत नहीं दी। इसे लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कोलंबिया के खिलाफ शुल्क, वीजा प्रतिबंध और अन्य जवाबी कदम उठाने का आदेश दे दिया। इसके कुछ ही घंटों बाद दक्षिण अमेरिकी देश ने भी अमेरिका पर आयात शुल्क बढ़ाए जाने का फैसला किया। दूसरी ओर, यूएस ने अमेरिकी उड़ानों में हस्तक्षेप के लिए जिम्मेदार कोलंबियाई सरकारी अधिकारियों और अन्य लोगों पर यात्रा प्रतिबंध लगा दिए। साथ ही, उनका वीजा तत्काल रद्द करने की भी घोषणा कर दी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:'यूएस की सुरक्षा को खतरे में डाला', ट्रंप ने कोलंबिया के खिलाफ लिया बड़ा ऐक्शन
ये भी पढ़ें:लैब से लीक हुआ कोरोना वायरस, ट्रंप के आते ही अमेरिका की CIA का चीन पर निशाना

कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, ‘अमेरिका कोलंबियाई प्रवासियों के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार नहीं कर सकता। मैं कोलंबियाई प्रवासियों को ला रहे अमेरिकी विमानों के हमारे क्षेत्र में प्रवेश को स्वीकार नहीं करता।’ पेट्रो ने कहा कि उनकी सरकार अमेरिका से निर्वासित प्रवासियों को लाने वाली उड़ानों को तब तक स्वीकार नहीं करेगी, जब तक कि ट्रंप प्रशासन उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार वाला एक प्रोटोकॉल नहीं अपनाता।

2 अमेरिकी विमानों को नहीं दी एंट्री

इससे राष्ट्रपति ट्रंप काफी नाराज हुए। उन्होंने कहा कि कोलंबिया की सरकार ने प्रवासियों को ले जाने वाली 2 उड़ानों को अस्वीकार कर दिया है। इसलिए वह कोलंबिया के खिलाफ शुल्क, वीजा प्रतिबंध और अन्य जवाबी कदम उठाने का आदेश दे रहे हैं। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया मंच ट्रुथ सोशल पर यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि पेट्रो के फैसले ने अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डाल दिया है। ट्रंप ने लिखा, ‘ये सिर्फ शुरुआती कदम हैं। हम कोलंबिया सरकार को अमेरिका में जबरन घुसे अपराधियों को स्वीकार करने और उनकी वापसी संबंधी उसके कानूनी दायित्वों का उल्लंघन करने की अनुमति नहीं देंगे।’

अब कोलंबिया ने यूएस भेजा विमान

कोलंबिया सरकार ने इसके जवाब में कहा कि वह अपने लोगों की अमेरिका से सम्मानजनक वापसी के लिए राष्ट्रपति का एक विमान भेज रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति के आदेशों के जवाब में पेट्रो ने अमेरिकी उत्पादों पर 25 प्रतिशत आयात शुल्क लगाने की भी घोषणा की। उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘जिन अमेरिकी उत्पादों की कीमत देश में बढ़ेगी, उनका स्थानीय स्तर पर उत्पादन किया जाना चाहिए और सरकार इस संबंध में मदद करेगी।’ मालूम हो कि राष्ट्रपति ट्रंप ने अवैध और बिना दस्तावेज के रह रहे प्रवासियों को उनके मूल देश वापस भेजने की घोषणा की थी। उन्होंने अन्य देशों को चेतावनी दी कि अगर उन्होंने इन प्रवासियों को स्वीकार करने से इनकार किया तो उन्हें इसके नतीजे भुगतने होंगे।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।