यूक्रेन की राजधानी कीव में गोलीबारी, 6 लोगों की मौत, कई बुरी तरह घायल
यूक्रेन की राजधानी कीव में एक व्यक्ति ने गोलीबारी कर दी है। इसकी वजह से 6 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई लोग बुरी तरह घायल हो गए हैं। यूक्रेनी अधिकारी के मुताबिक हमलावर की पहचान रूसी नागरिक के तौर पर हुई है।

रूस के साथ युद्ध में उलझे यूक्रेन की राजधानी कीव में एक व्यक्ति ने सड़क पर जा रहे लोगों के ऊपर गोलीबारी कर दी है। इसके बाद उसने एक सुपरमार्केट में लोगों को बंदी बना लिया। इसकी वजह से करीब छह लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई लोग बुरी तरह घायल हो गए हैं। कीव पुलिस ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि गोलीबारी की यह घटना दक्षिणई होलोसिव्स्की में हुई है। हमलावर को मार गिराया गया है।
यूक्रेन के गृह मंत्री इगोर क्लिमेंको ने बाद में पुष्टि की कि एक सुपरमार्केट में लोगों को बंधक बना लिया गया था और हमलावर ने मारे जाने से पहले पुलिस अधिकारियों पर गोली चलाई थी। मृत और घायलों की सही संख्या अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन कीव के मेयर क्लिट्स्को ने कहा कि एक बच्चे सहित कम से कम 12 लोगों को अस्पताल ले जाया गया है।
घटना की ज्यादा जानकारी देते हुए क्लिट्स्को ने कहा कि हमलावर ने सबसे पहले सड़क पर जा रहे लोगों के ऊपर गोलीबारी करना शुरू कर दिया। इसके बाद वह एक सुपरमार्केट में मौजूद लोगों को बंधक बना लिया। इसके बाद पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में उसकी मौत हो गई। यूक्रेन के अभियोजक रुस्लान क्रावचेंको ने हमलावर की पहचान रूस की राजधानी मॉस्को के निवासी के तौर पर की है। उन्होंने बताया कि रूसी नागरिक ने इस घटना को अंजाम देने के लिए स्वचालित हथियार का इस्तेमाल किया था। इसके पहले कुछ मीडिया रिपोर्ट्स ने बताया कि हमलावर जिस अपार्टमेंट में रहता था, उसमें भी आग लग गई है। हालांकि, कई लोगों ने इसे विस्फोट का परिणाम बताया।
घटना की पुष्टि करते हुए यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि एक हमलावर ने सुपरमार्केट में चार लोगों को बंदी बना लिया था। यूक्रेन पुलिस ने प्रयास करके इन सभी को सुरक्षित निकाल लिया है। हमलावर की मौत हो चुकी है। अभी तक इस हमले के पीछे की वजह पता नहीं चली है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन