Trump said US delegation will visit Islamabad on Monday for second round of talks to Iran अमेरिका-ईरान के बीच बातचीत, सोमवार को US टीम पहुंचेगी इस्लामाबाद; जेडी वेंस करेंगे नेतृत्व, International Hindi News - Hindustan
More

अमेरिका-ईरान के बीच बातचीत, सोमवार को US टीम पहुंचेगी इस्लामाबाद; जेडी वेंस करेंगे नेतृत्व

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि सोमवार को अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद पहुंचेगा, जहां ईरान के साथ द्विपक्षीय संघर्ष को समाप्त करने के लिए दूसरा दौर की तकनीकी स्तर की बातचीत होने वाली है।

Sun, 19 April 2026 05:57 PMDevendra Kasyap लाइव हिन्दुस्तान
share
अमेरिका-ईरान के बीच बातचीत, सोमवार को US टीम पहुंचेगी इस्लामाबाद; जेडी वेंस करेंगे नेतृत्व

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि सोमवार को अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद पहुंचेगा, जहां ईरान के साथ द्विपक्षीय संघर्ष को समाप्त करने के लिए दूसरा दौर की तकनीकी स्तर की बातचीत होने वाली है। ट्रंप ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पाकिस्तान की मध्यस्थता में बातचीत आगे बढ़ रही है और अमेरिका इस्लामाबाद जाने को इच्छुक है। उन्होंने पाकिस्तानी सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर की तारीफ करते हुए उन्हें 'शानदार' बताया और कहा कि उनकी भूमिका के कारण इस्लामाबाद में बातचीत की संभावना बढ़ गई है।

इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान पर शनिवार को होर्मुज स्ट्रेट में गोलीबारी कर युद्धविराम समझौते का उल्लंघन करने का आरोप लगाया। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ईरान अमेरिका द्वारा प्रस्तावित समझौते को स्वीकार नहीं करता तो अमेरिका ईरान के नागरिक बुनियादी ढांचे को नष्ट कर देगा। ट्रंप ने आगे कहा कि अगर वे ऐसा नहीं करते हैं, तो अमेरिका ईरान के हर एक पावर प्लांट और हर एक पुल को नष्ट कर देगा।

जेडी वेंस करेंगे अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व

वाइट हाउस ने रविवार को घोषणा की कि अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस पाकिस्तान में ईरान के साथ होने वाली वार्ता के लिए अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। वाइट हाउस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर न्यूज एजेंसी एएफपी को बताया कि उपराष्ट्रपति वेंस के अलावा विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर भी इस वार्ता में शामिल होंगे। बता दें कि इससे पहले राष्ट्रपति ट्रंप ने संकेत दिया था कि उपराष्ट्रपति वेंस इस यात्रा पर नहीं जाएंगे, लेकिन अब वाइट हाउस ने साफ कर दिया है कि वेंस ही अमेरिकी टीम का नेतृत्व करेंगे

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:ईरान को अच्छी डील दे रहे, नहीं मानेंगे तो सारे पुल उड़ा देंगे: ट्रंप की फिर धमकी

पाकिस्तानी अधिकारियों ने इस्लामाबाद में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। क्षेत्रीय सूत्रों के अनुसार, मध्यस्थता की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और अमेरिकी सुरक्षा दल पहले ही पहुंच चुके हैं। पाकिस्तानी विदेश मंत्री इशाक डार ने कहा कि उनका देश दोनों पक्षों के बीच मतभेद दूर करने के लिए सक्रिय प्रयास कर रहा है। ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद ने कहा कि पाकिस्तान के सेना प्रमुख की यात्रा के दौरान अमेरिका की ओर से नए प्रस्ताव आए हैं, जिनकी समीक्षा की जा रही है। हालांकि ईरानी उप विदेश मंत्री सईद खतीबजादेह ने कहा कि अमेरिका ने अपनी 'अतिवादी स्थिति' नहीं छोड़ी है, इसलिए नई आमने-सामने की बातचीत के लिए अभी माहौल तैयार नहीं है। खतीबजादेह ने स्पष्ट किया कि ईरान अपना 970 पाउंड (लगभग 440 किलोग्राम) समृद्ध यूरेनियम स्टॉक अमेरिका को नहीं सौंपेगा। उन्होंने कहा कि हम किसी भी चिंता का समाधान करने के लिए तैयार हैं, लेकिन कुछ बातें बिल्कुल असंभव हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:मचाडो ने पहले ट्रंप को दे दिया अपना नोबेल, अब बोलीं- वह ऐसे नेता जिन्हें...

दूसरी ओर ईरान ने होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों पर अपना प्रतिबंध बनाए रखने का फैसला किया है, जब तक अमेरिका अपनी नाकाबंदी नहीं हटाता। मध्यस्थ देश युद्धविराम को बढ़ाने के प्रयास कर रहे हैं, लेकिन दोनों पक्षों की नाकाबंदी के कारण पाकिस्तान के नेतृत्व वाले मध्यस्थता प्रयास जटिल हो गए हैं। ईरानी संसद के अध्यक्ष और मुख्य वार्ताकार मोहम्मद बगेर गालिबाफ ने राज्य टेलीविजन पर कहा कि जब हम होर्मुज से नहीं गुजर सकते, तो दूसरों के लिए इसे पार करना असंभव है। उन्होंने अमेरिकी नाकाबंदी को अज्ञानता में लिया गया नासमझी भरा निर्णय बताते हुए कड़ी आलोचना की। गालिबाफ ने कहा कि गहरे अविश्वास के बावजूद ईरान शांति की तलाश में है, लेकिन कूटनीति में पीछे हटने का कोई सवाल नहीं है। ईरान ने शुक्रवार को इजरायल-लेबनान युद्धविराम के बाद समुद्री मार्ग को फिर से खोलने की घोषणा की थी, लेकिन ट्रंप के अमेरिकी नाकाबंदी जारी रखने के बयान के बाद ईरान ने अपना प्रतिबंध बनाए रखा।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।