ट्रंप की हत्या के प्रयास का चलेगा मामला, वाइट हाउस डिनर हमलावर पर आरोप तय
वाशिंगटन के हिल्टन होटल में वाइट हाउस डिनर पार्टी पर हमला करने वाले शख्स के ऊपर आरोप तय हो गए हैं। अमेरिकी अदालत ने अधिकारियों से घटना के बारे में पूरी जानकारी लेने के बाद एलन के ऊपर ट्रंप की हत्या के प्रयास का मामला चलाने की इजाजत दी है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा आयोजित डिनर पार्टी में हमला करने वाले व्यक्ति के ऊपर आरोप तय कर दिए गए हैं। सोमवार को एक जज ने इस घटना के मामले की सुनवाई करते हुए कहा कि आरोपी कोल टोमस एलन के ऊपर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या के प्रयास का केस चलेगा। बता दें, कि कोल के ऊपर ट्रंप का सुरक्षा घेरा तोड़ने की कोशिश करने और यूएस सीक्रेट सर्विस एजेंस पर गोली चलाने के आरोप थे।
वाइट हाउस डिनर पर हमले के बाद दुनियाभर में सुर्खियां बटोरने वाले एलन को सोमवार को अदालत में पेश किया गया। नीले रंग के कपड़े पहनकर आए कोलन ने उसके ऊपर लगाए गए आरोपों को लेकर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। हालांकि सुनवाई के दौरान उसने कहा कि वह सवालों का सच-सच जवाब देगा और यह भी बताया कि उसके पास कंप्यूटर साइंस में मास्टर डिग्री है।
इस मामले की जांच कर रहे अमेरिकी अधिकारियों ने अदालत को बताया कि एलन ने हमला करने से पहले अपने परिवार के लिए एक मैसेज छोड़ा था। इस मैसेज में उसने ट्रंप प्रशासन के सभी सदस्यों को (एक अपवाद) निशाना बनाने की योजना बताई थी। ऐसे में संभव है कि ट्रंप भी उसके निशाने पर हों। बता दें, अपने मैसेज में कोलन ने साफ तौर पर लिखा था कि वह काश पटेल को छोड़कर ट्रंप प्रशासन के सभी अधिकारियों को निशाना बनाएगा।
एलन के बारे में ज्यादा जानकारी देते हुए अधिकारियों ने कहा कि वह ट्रेन के जरिए कैलिफोर्निया से आया था। वाशिंगटन में आकर उसने योजना के अनुसार वाइट हाउस डिनर को होस्ट करने वाले होटल हिल्टन में ही एक कमरा बुक किया था। कार्यक्रम के शुरू होने के बाद उसने फायरिंग की, जिसकी वजह से अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान उसने एक सीक्रेट सर्विस एजेंट के ऊपर भी गोली चलाई, लेकिन बुलेट प्रूफ जैकेट की वजह से वह बच गया।
अधिकारियों की तरफ से घटना के बारे में विस्तार से जानन के बाद जज ने एलन पर आरोप तय करते हुए उसे जेल भेज दिया।
इस मामले पर ज्यादा जानकारी देते हुए वाइट हाउस की प्रवक्ता कैरोलीन लेविट ने कहा कि यह राष्ट्रपति ट्रंप के ऊपर तीसरा जानलेवा प्रयास था। इसके पहले 2024 में उनके ऊपर दो बार हत्या के प्रयास हो चुके हैं। इसके अलावा लेविट ने हमलावर के मैसेज का जिक्र करते हुए इसकी भाषा को डेमोक्रेटिक नेताओं से जोड़कर देखा। हालांकि अमेरिकी डेमोक्रेटिक नेता और दुनियाभर के नेताओं ने हमले की निंदा की है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन