नाइजीरिया में दर्दनाक हादसा, नाव पलटने से 25 की मौत; 14 लापता
उत्तरी नाइजीरिया के योबे राज्य में एक दर्दनाक नाव हादसा हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार की रात को योबे नदी पर जिगावा राज्य के अडियानी कस्बे से योबे के गरबी कस्बे जा रही एक बड़ी नाव बीच रास्ते में पलट गई। इस हादसे में कम से कम 25 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 14 अन्य अभी लापता हैं।

उत्तरी नाइजीरिया के योबे राज्य में एक दर्दनाक नाव हादसा हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार ( 3 जनवरी ) की रात को योबे नदी पर जिगावा राज्य के अडियानी कस्बे से योबे के गरबी कस्बे जा रही एक बड़ी नाव बीच रास्ते में पलट गई। इस हादसे में कम से कम 25 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 14 अन्य अभी लापता हैं। योबे राज्य आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी (YOSEMA) के अनुसार, नाव में कुल 52 लोग सवार थे, जिनमें ज्यादातर किसान, मछुआरे और स्थानीय व्यापारी थे जो बाजार से लौट रहे थे। इनमें से 13 यात्रियों को जिंदा बचा लिया गया है और उन्हें अस्पताल में इलाज दिया जा रहा है। खोज और बचाव अभियान अभी भी जारी है, जिसमें सुरक्षा बल, आपातकालीन दल और स्थानीय स्वयंसेवी लगे हुए हैं।
जिगावा राज्य की पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि नाव में रिसाव होने के कारण वह पलट गई। राज्य पुलिस प्रवक्ता लॉवन एडम ने कहा कि यह बाजार का दिन था और सभी व्यापार करके घर लौट रहे थे। उन्होंने आगे कहा कि अगर नाव चालक बच जाता है, तो उस पर लापरवाही का मुकदमा चलाया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि रात में यात्रा करने तथा नाव में अधिक भार लादने पर रोक लगाने वाले सुरक्षा नियमों की अनदेखी की गई थी।
अडियानी के निवासी बाबागाना शेट्टीमा ने बताया कि मृतकों में उनके गांव तथा योबे स्थित गंतव्य दोनों के लोग शामिल थे। उन्होंने रॉयटर्स को बताया कि जब नाव के आने में देरी हुई, तो रिश्तेदारों ने चिंता जताई। बाद में पता चला कि नाव बीच रास्ते में पलट गई थी। गोताखोरों ने कुछ शव बरामद किए हैं।
गौरतलब है कि नाइजीरिया में जानलेवा नाव दुर्घटनाएं आम हैं, जहां अक्सर सुरक्षा उपायों की अनदेखी करके नावें चलाई जाती हैं। सितंबर में मध्य नाइजीरिया के नाइजर राज्य में एक पेड़ के ठूंठ से टकराने के बाद एक अतिभारित नाव के डूबने से कम से कम 60 लोगों की मौत हो गई थी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन