Taiwan raises military alert as China deploys 90 ships in likely exercises अब सीरिया में उलझा US तो मौका देख चीन की ताइवान पर टेढ़ी हुई नजर, भेजे जहाज और सैनिक, International Hindi News - Hindustan
More

अब सीरिया में उलझा US तो मौका देख चीन की ताइवान पर टेढ़ी हुई नजर, भेजे जहाज और सैनिक

  • अमेरिका को सीरिया में उलझता देख चीन ताइवान को आंख दिखाने में लगा है। ताजा रिपोर्ट के मुताबिक चीन ने ताइवान के आस-पास लगभग 90 जहाजों को तैनात कर दिया है।

Tue, 10 Dec 2024 10:45 AMJagriti Kumari लाइव हिन्दुस्तान
share
अब सीरिया में उलझा US तो मौका देख चीन की ताइवान पर टेढ़ी हुई नजर, भेजे जहाज और सैनिक

चीन ने ताइवान पर नया मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को ताइवान ने अपना अलर्ट स्तर बढ़ाते हुए कहा है कि चीन ने उसके हवाई और समुद्री इलाके में कई जहाजों को तैनात किया है जो अच्छे संकेत नहीं है। सुरक्षा सूत्रों ने इसे क्षेत्र में पहला सैन्य अभ्यास बताया है। ताइवान के एक वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी ने कहा कि चीन ने दक्षिणी जापानी द्वीपों और पूर्वी और दक्षिणी चीन सागर के पास लगभग 90 नौसेना तथा तट रक्षक जहाज तैनात किए हैं जिनमें से लगभग दो-तिहाई नौसेना के हैं। गौरतलब है कि चीन लोकतांत्रिक रूप से शासित ताइवान को अपना क्षेत्र मानता है। ताइवान अपनी सरकार, सेना और मुद्रा के साथ खुद को एक संप्रभु राष्ट्र मानता है। हालांकि चीन इस बात पर जोर देता है कि यह द्वीप उसका हिस्सा है और उसने इसे अपने नियंत्रण में लाने के लिए किसी भी तरीके को अपनाने से इनकार नहीं किया है।

ताइवान के राष्ट्रपति लाई चिंग-ते की अमेरिका और प्रशांत क्षेत्र की यात्रा के बाद चीन का पारा चढ़ गया है। पिछले सप्ताह राष्ट्रपति लाई की प्रशांत क्षेत्र की यात्रा के जवाब में पहले से ही यह अनुमान लगाए जा रहे थे कि चीन इलाके में सैन्य अभ्यास शुरू कर सकता है। ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को एक बयान में कहा, "देश के सैन्य यूनिट अलर्ट पर हैं और दूरदराज के द्वीपों पर मौजूद जहाज सतर्क हो गए हैं। वहीं ताइवान के आसपास सैन्य गतिविधि में बढोतरी को लेकर चीन ने अब तक कोई सार्वजनिक घोषणा नहीं की है। चीन की विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता ने कहा कि चीन हर हाल में अपनी संप्रभुता की रक्षा करेगा।

चीन के विदेश मंत्रालय ने बीते शुक्रवार को ताइवान को चेतावनी दी थी कि वह अमेरिका की मदद लेना बंद करे और अमेरिका को ताइवान से जुड़े मामलों में हस्तक्षेप बंद करने की चेतावनी भी दी थी। वहीं ताइवान के राष्ट्रपति के अमेरिका दौरे से पहले अमेरिका ने ताइवान को F-16 और रडार सिस्टम के लिए स्पेयर पार्ट्स, साथ ही संचार उपकरणों की बिक्री को मंजूरी भी दी है। लाई के पदभार संभालने के बाद से चीन ने ताइवान के आसपास बड़े पैमाने पर सैन्य अभ्यास शुरू किए हैं और नियमित रूप से लड़ाकू जेट और नौसेना के जहाज तैनात करता रहा है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।