वाशिंगटन में सरेराह लगाई गई ट्रंप और एपस्टीन की टैटेनिक पोज वाली मूर्ति, देखें PHOTOS
इस स्टैच्यू के साथ ही ट्रंप द्वारा 2003 में एपस्टीन को उसके 50वें जन्मदिन पर लिखे गए एक कथित पत्र की चर्चा भी तेज हो गई है। 2025 में पहली बार 'वॉल स्ट्रीट जर्नल' द्वारा रिपोर्ट किए गए इस पत्र में कई चौंकाने वाली बातें थीं।

अमेरिकी की राजधानी वाशिंगटन के केंद्र में स्थित नेशनल मॉल में मंगलवार को एक स्टैच्यू लगाया गया। इसकी वजह से वहां हंगामा मच गया। इस स्टैच्यू पर 'किंग ऑफ द वर्ल्ड' लिखा हुआ है, जिसमें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और सजायाफ्ता यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन को 1997 की ब्लॉकबस्टर फिल्म टाइटैनिक के फेमस पोज में देखा जा सकता है।
स्टैच्यू में टाइटैनिक जहाज के अगले हिस्से पर ट्रंप और एपस्टीन को जैक और रोज की तरह बाहें फैलाए देखा जा सकता है। स्टैच्यू के नीचे एक पट्टी है जिसपर लिखा है, "जैक और रोज की दुखद प्रेम कहानी विलासितापूर्ण यात्रा, शोर-शराबे वाली पार्टियों और गुप्त नग्न चित्रों पर बनी थी। यह स्मारक डोनाल्ड ट्रंप और जेफरी एपस्टीन के बीच के बंधन का सम्मान करता है। एक ऐसी दोस्ती जो स्पष्ट रूप से विलासितापूर्ण यात्रा, पार्टियों और गुप्त चित्रों पर आधारित थी।"
यह स्टैच्यू 'द सीक्रेट हैंडशेक' नामक एक अज्ञात समूह द्वारा स्थापित की गई है। स्टैच्यू के पीछे "मेक अमेरिका सेफ अगेन" लिखे हुए बैनर भी लगाए गए हैं, जो ट्रंप के चुनावी नारे पर कटाक्ष करते हैं।

इस स्टैच्यू के साथ ही ट्रंप द्वारा 2003 में एपस्टीन को उसके 50वें जन्मदिन पर लिखे गए एक कथित पत्र की चर्चा भी तेज हो गई है। 2025 में पहली बार 'वॉल स्ट्रीट जर्नल' द्वारा रिपोर्ट किए गए इस पत्र में कई चौंकाने वाली बातें थीं। इस पत्र में एक महिला की आकृति का रेखाचित्र बना है, जिसके भीतर टाइप किए हुए शब्द हैं और नीचे 'डोनाल्ड' के हस्ताक्षर हैं।
पत्र में लिखा है, "दोस्त एक अद्भुत चीज है। जेफरी और हमारे बीच कुछ चीजें समान हैं।" अंत में लिखा है, “जन्मदिन मुबारक हो। दुआ है कि हर दिन एक और अद्भुत रहस्य बने।”

राष्ट्रपति ट्रंप ने इस पत्र को पूरी तरह से फर्जी करार दिया है और वॉल स्ट्रीट जर्नल पर 10 अरब डॉलर का मानहानि का मुकदमा दायर किया है। व्हाइट हाउस का दावा है कि पत्र पर किए गए हस्ताक्षर जाली हैं।
यह स्टैच्यू ऐसे समय में आया है जब इस महीने न्याय विभाग द्वारा जारी 'एपस्टीन फाइल्स' के ताजा सेट ने हड़कंप मचा रखा है। हाल ही में जारी दस्तावेजों में एक महिला ने ट्रंप पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। वाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार और बिना किसी विश्वसनीय सबूत वाला बताया है।
'द सीक्रेट हैंडशेक' समूह इससे पहले भी ट्रंप और एपस्टीन की हाथ पकड़े हुए स्टैच्यू लगा चुका है, जिसे तुरंत हटा दिया गया था। इसके अलावा यह समूह 6 जनवरी के दंगाइयों की आलोचना करने वाली प्रतिमाएं और एपस्टीन के बर्थडे बुक की कॉपी बनाने के लिए भी जाना जाता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन