Russia Threatens World War 3 counter attack over Trump remarks Putin is Playing with Fire पुतिन से उलझोगे तो तीसरा विश्व युद्ध, ट्रंप की 'आग' वाली चेतावनी पर रूस की खुली धमकी, International Hindi News - Hindustan
More

पुतिन से उलझोगे तो तीसरा विश्व युद्ध, ट्रंप की 'आग' वाली चेतावनी पर रूस की खुली धमकी

डोनाल्ड ट्रंप ने पुतिन के लिए कहा कि वे आग से खेल रहे हैं और बुरे अंजाम की भी चेतावनी दी। अब जवाब में रूस ने अमेरिका को तीसरे विश्व युद्ध की धमकी दी है।

Wed, 28 May 2025 09:30 AMGaurav Kala लाइव हिन्दुस्तान
share
पुतिन से उलझोगे तो तीसरा विश्व युद्ध, ट्रंप की 'आग' वाली चेतावनी पर रूस की खुली धमकी

यूक्रेनी शहरों पर लगातार बमबारी करने और कत्लेआम पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर भड़के हुए हैं। ट्रंप ने पुतिन को चेतावनी देते हुए कहा कि वो “आग से खेल रहे हैं” और अगर स्थिति नहीं सुधरी तो रूस के लिए “वाकई बहुत बुरी चीज़ें” हो सकती हैं। इसके जवाब में रूस ने भी खुली धमकी दी है- "हमें एक वाकई बुरी चीज पता है—तीसरा विश्व युद्ध!"

रूसी सुरक्षा परिषद के उपाध्यक्ष और पूर्व राष्ट्रपति दिमित्री मेदवेदेव ने मंगलवार को एक्सपर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, “ट्रंप के ‘आग से खेलने’ और ‘वाकई बुरी चीज़’ वाले बयान पर बस यही कहना है—मैं सिर्फ एक वाकई बुरी चीज़ जानता हूं—वर्ल्ड वॉर थ्री। उम्मीद है ट्रंप इसे समझते होंगे!”

क्यों भड़के ट्रंप?

ट्रंप का बयान यूक्रेन युद्ध को लेकर पुतिन पर अमेरिका की कड़ी प्रतिक्रिया का हिस्सा है। बीते दिनों यूक्रेन में बड़े ड्रोन हमले के बाद ट्रंप ने पुतिन को “पूरी तरह पागल” तक कह दिया था। अमेरिका इस समय रूस पर नए प्रतिबंधों की तैयारी कर रहा है, और ऐसे में यह बयान कूटनीतिक दबाव बढ़ाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल अकाउंट पर लिखा, “अगर मैं न होता तो रूस के लिए अब तक वाकई बहुत बुरा हो चुका होता। और मेरा मतलब वाकई बहुत बुरा है। पुतिन आग से खेल रहे हैं!”

पुतिन पर शांति वार्ता टालने का आरोप

पश्चिमी देशों ने पुतिन पर आरोप लगाया है कि वह जानबूझकर शांति वार्ताएं टाल रहे हैं, जबकि रूस का कहना है कि यूक्रेन उनके नागरिकों पर हमले कर रहा है और ये जवाबी कार्रवाई है। रूस ने हाल ही में अमेरिका पर यह आरोप भी लगाया कि वह कूटनीतिक समाधान को नाकाम करने की कोशिश कर रहा है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:24 घंटे में रूस ने 1475 यूक्रेनी सैनिक मारे, एक और इलाका लिया कब्जे में

क्या रूस पर नए प्रतिबंध?

वॉल स्ट्रीट जर्नल और सीएनन की रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रंप इस हफ्ते रूस पर नए प्रतिबंधों की घोषणा कर सकते हैं। रविवार को ट्रंप ने पत्रकारों से कहा था कि वह "बिलकुल" इस पर विचार कर रहे हैं। अब देखना होगा कि ट्रंप की यह आक्रामक भाषा और रूस की तीसरे विश्व युद्ध वाली धमकी आने वाले दिनों में वैश्विक कूटनीति को किस दिशा में मोड़ती है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।