russia senior commander Igor Kirillov man behind Russia chemical weapons in ukraine war यूक्रेन में जैविक हमलों का मास्टरमाइंड; कौन थे पुतिन के खासमखास इगोर किरिलोव, जेलेंस्की ने मरवाया, International Hindi News - Hindustan
More

यूक्रेन में जैविक हमलों का मास्टरमाइंड; कौन थे पुतिन के खासमखास इगोर किरिलोव, जेलेंस्की ने मरवाया

  • पुतिन के खासमखास किरिलोव अपनी बर्बरता के लिए बहुत कुख्यात थे। उन पर यूक्रेन में ड्रोन, ग्रैनेड में जहरीली गैस भरकर 4800 से अधिक रासायनिक हमले करने का आरोप है। यूक्रेन ने एक धमाके में उनकी जान ले ली।

Tue, 17 Dec 2024 03:57 PMGaurav Kala लाइव हिन्दुस्तान
share
यूक्रेन में जैविक हमलों का मास्टरमाइंड; कौन थे पुतिन के खासमखास इगोर किरिलोव, जेलेंस्की ने मरवाया

रूस और यूक्रेन के बीच दो साल से अधिक समय से चल रही महाजंग के बीच व्लादिमीर पुतिन को बड़ा झटका लगा है। पुतिन के सीनियर कमांडर को यूक्रेन ने एक बम धमाके में मार डाला। उनकी मॉस्को में एक स्कूटर पर हुए बम धमाके में जान चली गई। धमाका इतना तेज था कि पास की इमारत में दरवाजे और खिड़कियां टूट गई। मौके पर अधिकारियों ने कहा कि धमाके में दो लोगों की मौत हुई है। पुतिन के जिस सीनियर कमांडर की मौत हुई है, वह अपनी बर्बरता के लिए बहुत कुख्यात थे। उन्हें यूक्रेन में जैविक हमलों का मास्टरमाइंड कहा जाता था। उन पर यूक्रेन में ड्रोन, ग्रैनेड में जहरीली गैस भरकर 4800 से अधिक रासायनिक हमले करने का आरोप है।

रूस के परमाणु, रासायनिक और जैविक रक्षा बलों के प्रमुख इगोर किरिलोव पर पश्चिमी देशों ने यूक्रेन के युद्धक्षेत्र में रासायनिक हथियारों के प्रयोग का आरोप लगाया था। रूसी अधिकारियों के अनुसार, उनकी और उनके एक सहयोगी की इलेक्ट्रिक स्कूटर में रखे विस्फोटकों के कारण मौत हो गई, स्कूटर में उस समय ब्लास्ट हुआ जब वे अपनी इमारत से बाहर निकल रहे थे।

किरिलोव रूसी रक्षा मंत्रालय में अजीबोगरीब ब्रीफिंग के लिए कुख्यात थे, जिसके कारण ब्रिटेन के विदेश कार्यालय ने उन्हें "क्रेमलिन दुष्प्रचार के लिए कुख्यात प्रवक्ता" करार दिया था। वह महज एक प्रवक्ता नहीं थे, बल्कि रूस के रासायनिक और जैविक हथियारों के प्रमुख थे। उन्हें पुतिन ने 2017 में इस विभाग की कमान सौंपी थी। किरिलोव को पुतिन का खास माना जाता था। अक्सर पुतिन के साथ मीटिंग में उन्हें भी देखा गया है। पुतिन सरकार में किरिलोव का कद काफी बड़ा था।

यूक्रेन में 4800 से अधिक जैविक हमले कराए

फरवरी 2022 में पूर्ण पैमाने पर रूसी आक्रमण की शुरुआत के बाद से किरिलोव के इशारे पर यूक्रेनी क्षेत्र में 4800 से अधिक बार रासायनिक हमले करने का आरोप है। इन हमलों में ड्रोन हमलों के साथ-साथ विषैली गैसों का प्रयोग भी शामिल है। विषैली गैसों का लड़ाकू ग्रेनेडों में भी इस्तेमाल किया गया। किरिलोव यूक्रेन पर हमलों के दौरान बर्बरता के लिए काफी कुख्यात रहे। इतना कि किरिलोव यूक्रेन की आंखों में चुभने लगे। यूक्रेनी सेना लंबे वक्त से किरिलोव को ठिकाने लगाने पर विचार कर रही थी।

यूक्रेन सरकार के लिए वांटेड क्रिमिनल थे किरिलोव

किरिलोव ने युद्ध की शुरुआत से ही यूक्रेन और पश्चिम दोनों के विरुद्ध अनेक दावे करके बदनाम करने की कोशिश की। इनमें सबसे ज्यादा भ्रामक और तथ्यहीन दावा यह था कि अमेरिका यूक्रेन में जैविक हथियारों की प्रयोगशालाएं बना रहा है। रूसी सरकार ने इन्हीं दावों का इस्तेमाल करके यूक्रेन पर पूर्ण पैमाने पर युद्ध को सही ठहराया था। उन्होंने मार्च 2022 में दस्तावेज तक पेश कि और दावा किया कि रूसी सेना ने यूक्रेन पर हमले के दौरान ऐसी जगहों को जब्त किया है, जहां अमेरिका यूक्रेन में जैविक प्रयोगशाला बना रहा है। हालांकि स्वतंत्र रूप से इन दावों की पुष्टि नहीं हो सकी है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।