russia nuclear weapon general and putin close killed in blast ukraine takes responsibility व्लादिमीर पुतिन के जिस अफसर पर थी परमाणु हथियारों की कमान, उसकी धमाके में मौत, International Hindi News - Hindustan
More

व्लादिमीर पुतिन के जिस अफसर पर थी परमाणु हथियारों की कमान, उसकी धमाके में मौत

  • रूस के परमाणु और जैविक हथियारों के प्रमुख की एक विस्फोट में मौत हो गई है। वह राष्ट्रपति पुतिन के भी करीबी माने जाते थे। यूक्रेन ने उन्हें रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल को लेकर सजा भी सुनाई थी।

Tue, 17 Dec 2024 02:12 PMAnkit Ojha लाइव हिन्दुस्तान
share
व्लादिमीर पुतिन के जिस अफसर पर थी परमाणु हथियारों की कमान, उसकी धमाके में मौत

यूक्रेन से युद्ध के बीच रूस को बड़ा झटका लगा है। रूस के परमाणु, जैविक और रासायनिक रक्षा बलों के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल इगोर किरिलोव की मंगलवार सुबह एक आवासीय अपार्टमेंट ब्लॉक के पास लगे विस्फोटक उपकरण की चपेट में आने से मौत हो गई। रूस की जांच समिति ने यह जानकारी दी। रिपोर्ट्स में बताया गया कि वह जिस स्कूटर की सवारी करते थे उसी में बम लगा दिया गया था। सुबह जब वह निकलने लगे तो धमाका हो गया और उनकी जान चली गई। मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि यूक्रेन ने इस हत्या की जिम्मेदारी ले ली है।

अधिकारियों ने बताया कि किरिलोव के सहायक की भी विस्फोट में मौत हो गई। समिति की प्रवक्ता स्वेतलाना पेत्रेंको ने कहा कि रूसी जांच अधिकारियों ने दोनों व्यक्तियों की मौत के संबंध में मामला दर्ज किया है। पेत्रेंको ने एक बयान में कहा, ‘‘जांच अधिकारी, फॉरेंसिक विशेषज्ञ और संचालन से जुड़ी सेवा घटनास्थल पर मौजूद हैं।’

उन्होंने कहा, ‘इस अपराध से जुड़ी सभी परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच और तलाशी अभियान चलाए जा रहे हैं।’ फरवरी 2022 में यूक्रेन में शुरू हुए रूस के सैन्य अभियान के दौरान प्रतिबंधित रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल के आरोप में यूक्रेन की अदालत ने किरिलोव की गैर मौजूदगी में उन्हें 16 दिसंबर को सजा सुनाई थी। यूक्रेन की सुरक्षा सेवा, एसबीयू ने कहा कि उन्होंने फरवरी 2022 से युद्ध के मैदान में रासायनिक हथियारों, विशेष रूप से के-1 लड़ाकू ग्रेनेड के 4,800 से अधिक बार इस्तेमाल किए जाने को दर्ज किया है।

किरिलोव को राष्ट्रपति पुतिन का करीबी माना जाता था। इस साल अक्टूबर में ही ब्रिटेन ने रूसी जनरल किरलोव पर प्रतिबंध लगा दिए थे। उनपर आरोप था कि वह प्रतिबंधित रासायनकि हथियारों का धड़ल्ले से इस्तेमाल करवाते हैं। बता दें कि एक तरफ युद्ध को खत्म करने की पहल की जा रही है। दूसरी तरफ रूसी जनरल की हत्या और फिर यूक्रेन का जिम्मेदारी ले लेना, तनाव को और भी बढ़ा सकता है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।