ट्रंप के लिए नोबेल मांगने वाला पाकिस्तान परेशान, ईरान पर अटैक के बाद अब हरकत में आया
ईरान के तीन परमाणु केन्द्रों फोर्दो, इस्फहान और नतांज पर अमेरिका के हमले के एक दिन पहले ही पाकिस्तान ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को नोबेल शांति पुरस्कार दिए जाने की सिफारिश की थी। अब इस सिफारिश पर पाकिस्तान में ही सवाल उठ रहे हैं।
पाकिस्तान सरकार ईरान के तीन परमाणु केन्द्रों पर अमेरिकी हवाई हमलों के बाद क्षेत्रीय स्थिति पर चर्चा के लिए सोमवार को अपने शीर्ष सुरक्षा निकाय के साथ एक आपात बैठक करेगी। राष्ट्रीय सुरक्षा समिति (एनएससी) देश में सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श के लिए सर्वोच्च मंच है और इसकी बैठक की अध्यक्षता प्रधानमंत्री करते हैं।
सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर सहित देश का शीर्ष नागरिक और सैन्य नेतृत्व इस समिति का हिस्सा होते हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के सूत्रों ने समाचार पत्र ‘डॉन’ को बताया कि एनएससी की बैठक सोमवार शाम को होगी। मुनीर हाल ही में अमेरिका की यात्रा से लौटे हैं और वह समिति को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ हुई बैठक की जानकारी देंगे।
ईरान के तीन परमाणु केन्द्रों फोर्दो, इस्फहान और नतांज पर अमेरिका के हमले के एक दिन पहले ही पाकिस्तान ने ट्रंप को नोबेल शांति पुरस्कार दिए जाने की सिफारिश की थी।
नोबेल की मांग पर घिरे
पाकिस्तान के कुछ नेताओं और प्रमुख हस्तियों ने ईरान के तीन परमाणु केंद्रों पर अमेरिका के हमले के बाद सरकार से 2026 के नोबेल शांति पुरस्कार के लिए ट्रंप के नाम की सिफारिश करने के अपने फैसले पर पुनर्विचार करने को कहा है। सरकार ने शुक्रवार को एक आश्चर्यजनक कदम उठाते हुए घोषणा की थी कि वह हाल में भारत-पाकिस्तान संघर्ष के दौरान शांति प्रयासों के लिए ट्रंप के नाम की सिफारिश इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए करेगी।
'डॉन' अखबार ने लिखा कि कुछ प्रमुख राजनेताओं ने सरकार से नवीनतम घटनाक्रम के मद्देनजर अपने फैसले की समीक्षा करने की मांग की है। जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम (जेयूआई-एफ) के प्रमुख वरिष्ठ नेता मौलाना फजलुर रहमान ने मांग की कि सरकार अपना फैसला वापस ले।
फजल ने रविवार को मरी में पार्टी की एक बैठक में कार्यकर्ताओं से कहा, 'राष्ट्रपति ट्रंप का शांति का दावा झूठा साबित हुआ है; नोबेल पुरस्कार के लिए प्रस्ताव वापस लिया जाना चाहिए।'
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन