किम जोंग उन के देश में दूतावास खोलने की प्लानिंग में पाक, क्यों भारत को हो सकती है आपत्ति
डोनाल्ड ट्रंप ने तीन दशक के अंतराल के बाद परमाणु हथियारों का परीक्षण फिर से शुरू करने की अपनी योजना को सही ठहराते हुए कहा कि पाकिस्तान और चीन उन देशों में शामिल हैं जो परमाणु हथियारों का परीक्षण कर रहे हैं।

किम जोंग उन के शासन वाले उत्तर कोरिया में पाकिस्तान दोबारा अपना दूतावास खोलने पर विचार कर रहा है। खबर है कि इस संबंध में पाकिस्तान को प्योंगयांग से एक संदेश भी मिला है। खास बात है कि यह घटनाक्रम ऐसे समय पर हो रहा है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि पाकिस्तान और चीन समेत कई देश परमाणु हथियारों की टेस्टिंग कर रहे हैं। भारत कई बार पाकिस्तान और उत्तर कोरिया के बीच संदिग्ध परमाणु संबंधों की बात उठाता रहा है।
ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने पुष्टि की है कि इस्लामाबाद को उत्तर कोरिया से एक संदेश मिला है, जिसमें डिप्लोमैटिक मिशन खोलने का अनुरोध किया गया है। कोविड के बाद से ही उत्तर कोरिया में पाकिस्तान का दूतावास बंद है। वहीं, मौजूदा प्रस्ताव पर फिलहाल विचार किया जा रहा है।
डार ने संसद में पूछे गए सवाल में बीते महीने कहा था कि DPRK यानी डेमोक्रेटिक पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ कोरिया पर लगे कई प्रतिबंधों के कारण दो देशों में सहयोग संभव नहीं था। उन्होंने कहा था, 'पाकिस्तान और डीपीआरके के बीच व्यापार वर्चुअली कम ही है।' उन्होंने कहा कि पाकिस्तान शांतिपूर्ण रास्तों से कोरिया की एकजुटता का समर्थन करना जारी रखेगा।
भारत को है आपत्ति?
साल 2017 में नई दिल्ली ने प्योंगयांग के नेटवर्क की औपचारिक जांच की मांग की थी। 2022 में भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को बताया था कि 'हमारे क्षेत्र में डीपीआरके के परमाणु और मिसाइल तकनीकों की बढ़ती संख्या पर बात किए जाने की तत्काल जरूरत है।' साथ ही कहा गया था कि ऐसी गतिविधियां भारत समेत शांति और सुरक्षा को प्रभावित करती है।
ट्रंप का दावा
डोनाल्ड ट्रंप ने तीन दशक के अंतराल के बाद परमाणु हथियारों का परीक्षण फिर से शुरू करने की अपनी योजना को सही ठहराते हुए कहा कि पाकिस्तान और चीन उन देशों में शामिल हैं जो परमाणु हथियारों का परीक्षण कर रहे हैं। ट्रंप ने बीते गुरुवार को दक्षिण कोरिया में चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग के साथ अपनी बैठक से पहले घोषणा की थी कि अमेरिका प्रतिद्वंद्वी शक्तियों के साथ ‘बराबरी के आधार’ पर परमाणु हथियारों का परीक्षण शुरू करेगा।
ट्रंप ने विवार को सीबीएस न्यूज की नोरा ओ डोनेल को दिये एक एक साक्षात्कार में रूस, चीन, उत्तर कोरिया और पाकिस्तान को परमाणु हथियार परीक्षण करने वाले देश बताया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन