अमेरिका-ईरान युद्ध में 'बिचौलिया' बनने पर गदगद पाकिस्तान, बोला- चीन भी है साथ
पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री मोहम्मद इशाक डार ने कहा है कि चीन, अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत की मेजबानी करने के पाकिस्तान के प्रयास का पूरा समर्थन करता है। विदेश मंत्री इशाक डार ने चीन के विदेश मंत्री वांग यी से हाल ही में हुई टेलीफोन पर बातचीत का हवाला देते हुए यह जानकारी दी।

पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री मोहम्मद इशाक डार ने कहा है कि चीन, अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत की मेजबानी करने के पाकिस्तान के प्रयास का पूरा समर्थन करता है। विदेश मंत्री इशाक डार ने चीन के विदेश मंत्री वांग यी से हाल ही में हुई टेलीफोन पर बातचीत का हवाला देते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चीन ने पाकिस्तान की मध्यस्थता भूमिका की सराहना की और क्षेत्रीय तनाव कम करने तथा शांति स्थापना के प्रयासों का समर्थन किया। डार ने कहा कि चीन के विदेश मंत्री ने पाकिस्तान के चल रहे कूटनीतिक प्रयासों की सराहना की और हमारी मध्यस्थता भूमिका का समर्थन व्यक्त किया।
इससे पहले पाकिस्तान, सऊदी अरब, तुर्किये और मिस्र के विदेश मंत्रियों ने रविवार को इस्लामाबाद में संयुक्त बैठक की। बैठक में मध्य पूर्व में चल रहे युद्ध को जल्द और स्थायी रूप से समाप्त करने के संभावित तरीकों पर विस्तृत चर्चा हुई। पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री और विदेश मंत्री मुहम्मद इशाक डार ने बताया कि चारों देशों के विदेश मंत्रियों ने क्षेत्रीय तनाव कम करने (डी-एस्केलेशन) और अमेरिका-ईरान संघर्ष में शांति स्थापित करने के प्रयासों पर फोकस किया। एक बयान में इशाक डार ने कहा कि सभी पक्षों ने पाकिस्तान की मध्यस्थता और सुविधा प्रदान करने की भूमिका पर भरोसा जताया है।
इस दौरान डार ने यह भी बताया कि चीन इस पहल को पूरी तरह समर्थन दे रहा है। इसमें इस्लामाबाद को अमेरिका और ईरान के बीच संभावित वार्ता की मेजबानी करने का प्रस्ताव शामिल है। पाकिस्तान ने हाल के दिनों में अमेरिका और ईरान के बीच अप्रत्यक्ष संदेशों का आदान-प्रदान कर मध्यस्थ की भूमिका निभाई है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, इन प्रयासों का मुख्य उद्देश्य क्षेत्रीय स्थिरता सुनिश्चित करना और आगे तनाव बढ़ने से रोकना है।
बता दें कि यह दो दिवसीय बैठक ऐसे समय में हो रही है जब मध्य पूर्व में तनाव चरम पर है। सऊदी अरब के विदेश मंत्री प्रिंस फैसल बिन फरहान, तुर्किये के विदेश मंत्री हाकान फिदान और मिस्र के विदेश मंत्री बद्र अब्देलअत्ती इस्लामाबाद पहुंचे हैं। बैठक में क्षेत्रीय स्थिति की समीक्षा के साथ-साथ शांति प्रयासों को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन