now attack in balochistan gwador port atleast five killed पाक के साथ चीन को भी चैलेंज, ग्वादर पोर्ट से निकले वाहनों को फूंका; 5 लोगों का कत्ल, International Hindi News - Hindustan
More

पाक के साथ चीन को भी चैलेंज, ग्वादर पोर्ट से निकले वाहनों को फूंका; 5 लोगों का कत्ल

  • ग्वादर पोर्ट का विकास पाकिस्तान में चीन की मदद से ही हुआ है। इसके अलावा चीन-पाकिस्तान कॉरिडोर का भी यह हिस्सा है। इस हमले ने एक बार फिर से बलूचिस्तान के हालात दुनिया के सामने उजागर किए हैं, जहां बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी समेत कई संगठन पाकिस्तान के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं।

Thu, 27 March 2025 12:41 PMSurya Prakash लाइव हिन्दुस्तान, क्वेटा
share
पाक के साथ चीन को भी चैलेंज, ग्वादर पोर्ट से निकले वाहनों को फूंका; 5 लोगों का कत्ल

पाकिस्तान के बलूचिस्तान में पिछले दिनों जाफर एक्सप्रेस ट्रेन को ही विद्रोहियों ने बंधक बना लिया था। अब एक बार फिर से बलूचिस्तान के ग्वादर जिले में विद्रोहियों ने हमला किया है। इस हमले में कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई है। इसके अलावा बड़ी संख्या में वाहनों को भी नुकसान पहुंचा गया है और आग लगा दी गई। इन वाहनों में ज्यादातर वे हैं, जो बंदरगाह से निकले थे और उनमें सामान लदा हुआ था। इस तरह विद्रोहियों ने पाकिस्तान को करारा झटका देने के साथ ही चीन को भी चैलेंज किया है। ग्वादर पोर्ट का विकास पाकिस्तान में चीन की मदद से ही हुआ है। इसके अलावा चीन-पाकिस्तान कॉरिडोर का भी यह हिस्सा है। इस हमले ने एक बार फिर से बलूचिस्तान के हालात दुनिया के सामने उजागर किए हैं, जहां बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी समेत कई संगठन पाकिस्तान के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं।

यह हमला ग्वादर जिले के ताजबन इलाके में हुआ। हाईवे पुलिस के एसएसपी फहीज बलोच ने कहा कि हथियारबंद लोगों ने हाईवे को ब्लॉक कर दिया था। इसके बाद इन लोगों ने कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया और कई लोगों को चुन-चुनकर मार डाला। इस दौरान तीन बड़े-बड़े ट्रकों को भी आग के हवाले कर दिया गया, जिनमें ग्वादर पोर्ट से उतरा यूरिया अफगानिस्तान जाने के लिए लदा था। एसएसपी ने बताया कि सशस्त्र विद्रोहियों ने तुरबत, ताजबन, पंजगुर और पसनी में सड़कों को जाम किया था। इसके अलावा बोलन, कोलपुर और मास्तंग इलाकों में हाईवे ब्लॉक की खबरें आई हैं। किसी तरह पुलिस प्रशासन ने हाईवे को खुलवाया है, लेकिन तब विद्रोहियों ने बड़ा नुकसान कर दिया था।

जानकारी मिलते ही पाकिस्तानी सुरक्षा बल ऐक्टिव हुए और हाईवेज को खुलवाया। अब भी कई इलाकों में रास्तों को खुलवाने की कोशिश जारी है। इस दौरान इन विद्रोहियों ने कराची जा रही एक यात्री बस को रुकवाया और उसमें सवार लोगों को चुन-चुन कर मारा। अब तक मिली जानकारी के अनुसार पंजाबी मूल के लोगों को मारा गया है। पहले भी बलूचिस्तान में टारगेट किलिंग होती रही हैं, जिनमें पंजाबी मूल के लोगों को मारा गया है।

बलूचिस्तान, सिंध और खैबर पख्तूनख्वा जैसे इलाकों में पंजाबी मूल के लोगों के खिलाफ एक गुस्सा रहा है। इन राज्यों में एक धारणा है कि पंजाबी मूल के लोगों का ही प्रशासन, राजनीति और सेना में कब्जा है। एक स्थानीय अधिकारी ने बताया कि विद्रोहियों ने 4 लोगों को मार डाला, जबकि वे तीन लोगों को अपने साथ लेकर चले गए। मारे गए सभी चारों लोग पंजाब के ही रहने वाले थे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।