north korea new battle tank kim jong un ride with his daughter ju ae बेटी को युद्ध की ट्रेनिंग दे रहे किम जोंग उन! एक साथ की मिसाइलों को मारने वाले टैंक की सवारी, International Hindi News - Hindustan
More

बेटी को युद्ध की ट्रेनिंग दे रहे किम जोंग उन! एक साथ की मिसाइलों को मारने वाले टैंक की सवारी

किम जोंग उन ने उत्तर कोरिया के नए और अभेद्य युद्धक टैंक का अनावरण किया, जो ड्रोन और मिसाइल हमलों को 100% रोकने में सक्षम है। साथ ही सैन्य अभ्यास में उनकी बेटी 'जू ए' को भावी नेता और कमांडर के रूप में पेश किया गया। पढ़ें पूरी खबर।

Fri, 20 March 2026 09:04 AMAmit Kumar लाइव हिन्दुस्तान, प्योंगयांग
share
बेटी को युद्ध की ट्रेनिंग दे रहे किम जोंग उन! एक साथ की मिसाइलों को मारने वाले टैंक की सवारी

उत्तर कोरिया ने नए युद्धक टैंकों का अनावरण किया है। सरकारी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, ये टैंक मिसाइल और ड्रोन हमलों को पूरी तरह से रोकने में सक्षम हैं। इस अवसर पर उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन ने अपनी सेना से युद्ध की तैयारियों को और तेज करने का आग्रह किया है। इस दौरान किम जोंग उन और उनकी बेटी एक बार फिर सार्वजनिक रूप से साथ नजर आए और दोनों ने टैंक में सवार होकर सैन्य प्रशिक्षण की निगरानी की। इससे पहले किम और उनकी बेटी ने एक साथ रॉकेट प्रक्षेपण देखा था और पिस्तौल चलाई थीं। इससे प्रतीत होता है कि उत्तर कोरियाई नेता अभी से अपनी बेटी को युद्ध की ट्रेनिंग देने में लगे हैं।

सैन्य अभ्यास और टैंक की खूबियां

आधिकारिक 'कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी' (KCNA) ने शुक्रवार को बताया कि किम जोंग उन ने उन सैन्य अभ्यासों का निरीक्षण किया, जिनमें दुश्मन की रक्षा पंक्तियों पर हमले, छापेमारी और कब्जे का अभ्यास (सिमुलेशन) किया गया था। इस टैंक ने अलग-अलग स्थितियों और दिशाओं से हमला करने वाली 100% एंटी-टैंक मिसाइलों और ड्रोनों को सफलतापूर्वक रोक दिया। एजेंसी ने कहा कि यह प्रदर्शन टैंक की सक्रिय सुरक्षा प्रणाली की उच्च दक्षता को साबित करता है।

किम जोंग उन ने बताया कि इस नए टैंक को विकसित करने में सात साल का समय लगा है। इसे विशेष रूप से युद्ध के मैदान में इसके 'सर्वाइवल रेट' (बचने की क्षमता) को बेहतर बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। यह अब देश के मुख्य युद्धक टैंक के रूप में काम करेगा और उत्तर कोरियाई सेना के रात्रि अभियानों की क्षमता को भी काफी बढ़ाएगा।

Kim Jong

उत्तराधिकारी के रूप में बेटी 'जू ए' की बढ़ती भूमिका

सरकारी मीडिया द्वारा जारी की गई तस्वीरों में किम जोंग उन को अपनी बेटी के साथ एक टैंक की सवारी करते हुए देखा गया। तस्वीरों में किम और उनकी बेटी बृहस्पतिवार को प्रशिक्षण के दौरान चमड़े की काली जैकेट पहने अन्य सैनिकों के साथ जैतूनी-हरे रंग के एक टैंक पर सवार दिखे। तस्वीरों में किम की बेटी टैंक के 'हैच' से अपना सिर बाहर निकाले नजर आ रही हैं जबकि किम टैंक के ऊपर बैठे मुस्कुराते दिख रहे हैं।

Kim Jong

दक्षिण कोरिया के खुफिया अधिकारियों का मानना है कि इस लड़की की पहचान 'जू ए' के रूप में हुई है और अब वह उस चरण में प्रवेश कर चुकी हैं जहां उन्हें आधिकारिक तौर पर उत्तर कोरिया के अगले नेता (उत्तराधिकारी) के रूप में नामित किया जा रहा है। ब्लूमबर्ग ने क्यूंगनाम विश्वविद्यालय के 'इंस्टीट्यूट फॉर फार ईस्टर्न स्टडीज' के प्रोफेसर लिम यूल-चुल के हवाले से लिखा है कि 'किम जू ए अब महज एक साधारण पर्यवेक्षक की भूमिका से आगे बढ़ रही हैं और खुद को एक योद्धा तथा कमांडर दोनों के रूप में स्थापित कर रही हैं।'

ऐसा बताया जाता है कि किम जोंग उन की बेटी किम जू ऐ की आयु लगभग 13 साल है और वह 2022 के अंत से ही सैन्य परेड और हथियार प्रक्षेपण सहित कई प्रमुख कार्यक्रमों में अपने पिता के साथ नजर आती रही हैं। ऐसी अटकलें हैं कि किम जोंग उन अपनी बेटी को अपना उत्तराधिकारी नामित करने वाले हैं। उत्तर कोरियाई सरकारी मीडिया उन्हें किम जोंग उन की 'सबसे प्रिय' संतान बताता है।

Kim Jong Un and his daughter Kim Ju Ae

अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंध और चिंताएं

उत्तर कोरिया अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों की अवहेलना करते हुए लगातार अपनी रक्षा क्षमताओं को मजबूत कर रहा है। हाल के वर्षों में उसने ड्रोन, लोइटरिंग मूनिशन्स (आत्मघाती ड्रोन) और उन्नत मिसाइलों के माध्यम से अपनी सेना के आधुनिकीकरण के प्रयासों को काफी तेज कर दिया है। इसके अलावा, अमेरिका ने चेतावनी दी है कि यूक्रेन के खिलाफ युद्ध में रूस की मदद करने के लिए सैनिक और सैन्य उपकरण भेजकर उत्तर कोरिया आधुनिक युद्ध का बहुमूल्य अनुभव प्राप्त कर रहा है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।