‘पागल की तरह व्यवहार करते हैं नेतन्याहू’; ट्रंप टीम भी इजरायली पीएम से ज्यादा खुश नहीं
इजरायली वायुसेना ने सीरिया के राष्ट्रपति के भवन पर बमबारी कर दी थी। इसके बाद अमेरिका को शांति करवाने के लिए आना पड़ा था। इससे पहले गाजा के एकमात्र कैथलिक चर्च पर भी इजरायली सेना ने बम बरसाए थे। वाइट हाउस के अधिकारी के मुताबिक इस हमले को लेकर ट्रंप ने नेतन्याहू से स्पष्टीकरण मांग लिया था।
इजरायल और अमेरिका के बीच की दोस्ती, साझेदारी जगजाहिर है। हालांकि कई बार ऐसा भी होता है कि अमेरिका के राष्ट्रपति और इजरायल के प्रधानमंत्री के बीच में अंदरूनी तौर पर खींचतान बढ़ जाती है। हाल ही में एक वाइट हाउस अधिकारी की तरफ से बताया गया कि राष्ट्रपति ट्रंप की टीम इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू की हरकतों से खुश नहीं है। अधिकारी ने सीरियाई राष्ट्रपति भवन पर हुए हमले का हवाला देते हुए कहा कि नेतन्याहू किसी पागल की तरह व्यवहार करते हैं और वह हर समय, हर जगह बम बरसाते रहते हैं।
एक्सियोस की रिपोर्ट के मुताबिक अधिकारी ने नेतन्याहू से ट्रंप की टीम के नाखुश होने का कारण भी बताया। उसने कहा, "बीबी कहीं भी बम बरसा रहे हैं। उनकी इन हरकतों की वजह से राष्ट्रपति ट्रंप के उन तमाम प्रयासों को झटका लगता है, जो वह विश्व में शांति लाने के लिए करते हैं।"
वाइट हाउस के अधिकारी की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है। जब इजरायली वायु सेना ने पिछले कुछ दिनों में सीरियाई राष्ट्रपति के भवन पर हमला कर दिया है और गाजा पट्टी के एकमात्र होली फैमिली कैथोलिक चर्च पर भी बम बरसा दिए हैं।
रिपोर्ट में एक अन्य अधिकारी ने कहा कि चर्च पर हुए हमले के बाद ट्रंप और नेतन्याहू के बीच बात इस हद तक बढ़ गई थी कि ट्रंप ने उन्हें फोन मिला दिया था। ट्रंप ने उनसे फोन करके इस पूरी घटना पर स्पष्टीकरण मांग लिया था। अधिकारी ने कहा, "ऐसा लगता है कि हर दिन कुछ नया हमला होने वाला होता है, यह किसी बकवास की तरह चलता रहता है।"
एक और अधिकारी ने कहा कि ट्रंप की टीम में नेतन्याहू को लेकर अविश्वास लगातार बढ़ रहा है। इस बात से आप समझ सकते हैं कि वह कितने ज्यादा चिड़चिड़े और विनाशकारी साबित हो सकते हैं। अधिकारी के मुताबिक कभी-कभी नेतन्याहू किसी उस बच्चे की तरह व्यवहार करते हैं, जो बहुत ही ज्यादा उद्दंड होता है।
आपको बता दें गाजा पट्टी पर बम बरसा रहे इजरायल ने हाल ही में सीरियाई राष्ट्रपति के भवन पर भी बम गिराए थे। इसके बाद अमेरिका ने लड़ाई को बढ़ने से रोकने के लिए तुर्किए में स्थित अमेरिका राजदूत की मदद से दोनों देशों के बीच में युद्धविराम की घोषणा करवाई थी। हालांकि इस युद्धविराम के बाद भी इजरायली प्रशासन लगातार तनाव बढ़ा रहा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन