देर होने से पहले समझौता कर लो, ईरान के सबसे बड़े पुल को उड़ा ट्रंप ने दी धमकी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक फिर चेतावनी दी है। गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर उन्होंने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि उसके सबसे बड़े पुल को हमले में ध्वस्त कर दिया गया है और अब ईरान के लिए बहुत देर होने से पहले समझौता करने का समय आ गया है।

ईरान-इजरायल-अमेरिका युद्ध के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक फिर चेतावनी दी है। गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर उन्होंने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि उसके सबसे बड़े पुल को हमले में ध्वस्त कर दिया गया है और अब ईरान के लिए 'बहुत देर होने से पहले' समझौता करने का समय आ गया है। फार्स न्यूज के अनुसार, गुरुवार को ईरान की राजधानी तेहरान को पश्चिमी शहर कराज से जोड़ने वाले एक राजमार्ग पुल पर हवाई हमले किए गए। शुरुआती आकलन में कई लोग घायल हुए हैं और कराज के अन्य इलाकों में भी हमले की सूचना है।
दरअसल, अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच एक महीने से अधिक समय से जारी युद्ध में दोनों पक्ष लगातार एक-दूसरे पर हमले कर रहे हैं। अमेरिका और इजरायल ईरान को निशाना बना रहे हैं, जबकि ईरान जवाबी कार्रवाई कर रहा है। गुरुवार को अमेरिका और इजरायल ने संयुक्त रूप से ईरान पर बड़ा हमला किया और उसके B1 ब्रिज को तबाह कर दिया। इस हमले के बाद इलाके में बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
यह पुल मिडिल ईस्ट का सबसे ऊंचा पुल माना जाता था, जो ईरान के कराज में स्थित था। इसकी निर्माण लागत करीब 400 मिलियन अमेरिकी डॉलर थी। पुल की लंबाई 1050 मीटर बताई गई है और इसमें कुल आठ खंड थे। ईरानी मीडिया ने हमले को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट भी किया। इसमें लिखा गया कि अमेरिका-इजरायल के दुश्मन ने ईरान के B1 पुल को निशाना बनाया, जो अल्बोर्ज प्रांत में इंजीनियरिंग की एक बड़ी उपलब्धि और महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट था।
बताया गया कि यह पुल लगभग पूरा होने वाला था, लेकिन हमले में क्षतिग्रस्त हो गया। कई इलाकों में बिजली गुल होने की खबरें आईं। प्रेस टीवी की ओर से साझा की गई तस्वीरों में पुल का एक बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त दिख रहा है।
दूसरी ओर दावे-प्रतिदावे के बीच ईरान की संसद के अध्यक्ष ने दावा किया है कि 70 लाख ईरानी किसी भी अमेरिकी जमीनी आक्रमण के खिलाफ लड़ने के लिए तैयार हैं। मोहम्मद बाकिर कालीबाफ ने युद्ध की शुरुआत से ही अमेरिका को चुनौती देने वाली कई पोस्ट सोशल मीडिया पर साझा की हैं। उन्होंने 'एक्स' पर लिखा कि एक हफ्ते से भी कम समय में पूरे देश में एक बड़ा अभियान चलाया गया, जिसमें लगभग 70 लाख ईरानी सामने आए और कहा कि वे हथियार उठाकर अपने देश की रक्षा के लिए तैयार हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन