Major accident near Ukraine border in Russia, train derailed due to bridge collapse 7 dead रूस में यूक्रेन सीमा के पास बड़ा हादसा, पुल गिरने से बेपटरी हुई ट्रेन; 7 की मौत, International Hindi News - Hindustan
More

रूस में यूक्रेन सीमा के पास बड़ा हादसा, पुल गिरने से बेपटरी हुई ट्रेन; 7 की मौत

तस्वीरों में ट्रेन के डिब्बे बुरी तरह क्षतिग्रस्त दिखाई दिए, जिनके चारों ओर पुल के मलबे फैले थे। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में ट्रेन पटरी से उतरकर सड़क पर गिरी हुई नजर आ रही है।

Sun, 1 June 2025 08:46 AMHimanshu Jha लाइव हिन्दुस्तान
share
रूस में यूक्रेन सीमा के पास बड़ा हादसा, पुल गिरने से बेपटरी हुई ट्रेन; 7 की मौत

रूस में एक बड़ा हादसा हुआ है। ब्रायांस्क क्षेत्र में शनिवार देर रात एक रेल हादसे में कम से कम 7 लोगों की मौत हो गई और 30 अन्य घायल हो गए। उनमें दो बच्चे भी शामिल हैं। हादसा उस समय हुआ जब एक पुल रेलवे ट्रैक पर गिर गया और यात्री ट्रेन पटरी से उतर गई। ट्रेन पिल्शिनो और व्यगोनिची स्टेशनों के बीच यात्रा कर रही थी। यह क्षेत्र यूक्रेन की सीमा से सटा हुआ है। रूसी परिवहन एजेंसी रोसावटोडोर के अनुसार, ट्रेन जिन पटरियों पर चल रही थी उस पर बना एक पुल ढह गया। अधिकारियों ने कहा कि यह दुर्घटना परिवहन संचालन में अवैध हस्तक्षेप के कारण हुई है, हालांकि उन्होंने इसका विस्तृत विवरण नहीं दिया।

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ब्रायांस्क के गवर्नर अलेक्जेंडर बोगोमाज के साथ एक वीडियो मीटिंग में घटना की जानकारी ली। गवर्नर ने टेलीग्राम पर लिखा, “पुल गिरने से 7 लोगों की मौत हुई है। 30 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 2 बच्चे शामिल हैं।”

सरकारी अधिकारियों द्वारा जारी तस्वीरों में ट्रेन के डिब्बे बुरी तरह क्षतिग्रस्त दिखाई दिए, जिनके चारों ओर पुल के मलबे फैले थे। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में ट्रेन पटरी से उतरकर सड़क पर गिरी हुई नजर आ रही है। मौके पर आपातकालीन बचाव टीमें और आम लोग सहायता करते दिखे।

साजिश की आशंका?

अधिकारियों ने किसी विशेष समूह को जिम्मेदार नहीं ठहराया है। हालांकि, इससे पहले रूसी अधिकारियों ने यूक्रेन समर्थक समूहों पर रेलवे को निशाना बनाने का आरोप लगाया था। दिसंबर 2023 में यूक्रेनी मीडिया ने दावा किया था कि यूक्रेन की खुफिया एजेंसी ने साइबेरिया में एक रेलवे पर विस्फोट किए थे, जो चीन के साथ व्यापार में उपयोग होती थी। हालांकि, उस पर न तो रूस और न ही यूक्रेन ने आधिकारिक टिप्पणी की थी।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।