Israel will be in trouble hundreds of Iranian ballistic missiles will rain down US Trump warning इजरायल पर आफत टूटेगी, ईरान की बैलिस्टिक मिसाइलें बरसेंगी; अमेरिका ही दे रहा चेतावनी, International Hindi News - Hindustan
More

इजरायल पर आफत टूटेगी, ईरान की बैलिस्टिक मिसाइलें बरसेंगी; अमेरिका ही दे रहा चेतावनी

ईरान ने बार-बार कहा है कि अगर उसकी परमाणु सुविधाओं पर हमला हुआ, तो वह अमेरिका और इजरायल दोनों को जिम्मेदार ठहराएगा और क्षेत्र में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाएगा।

Fri, 13 June 2025 09:44 AMAmit Kumar लाइव हिन्दुस्तान, तेल अवीव
share
इजरायल पर आफत टूटेगी, ईरान की बैलिस्टिक मिसाइलें बरसेंगी; अमेरिका ही दे रहा चेतावनी

मध्य पूर्व में तनाव अपने चरम पर पहुंच चुका है। ईरान को परमाणु हथियार बनाने से रोकने के उद्देश्य से इजराइल ने ‘ऑपरेशन राइजिंग लॉयन’ शुरू करने की घोषणा की है। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने शुक्रवार को दावा किया कि नतांज स्थित ईरान के मुख्य परमाणु संवर्धन केंद्र सहित अन्य ठिकानों पर हमला किया गया है। इस हमले को लेकर अब इजरायल का परम मित्र अमेरिका भी उसे चेतावनी दे रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के विशेष मध्य पूर्व दूत स्टीव विटकॉफ ने सीनेट के रिपब्लिकन सांसदों को चेतावनी दी है कि यदि इजरायल ने ईरान के परमाणु ठिकानों पर हमला किया, तो ईरान का जवाबी हमला इतना भीषण हो सकता है कि यह बड़े पैमाने पर जनहानि का कारण बन सकता है।

ईरान की मिसाइल क्षमता परमाणु खतरे जितनी ही घातक

टाइम्स ऑफ इजरायल ने Axios के हवाले से लिखा है कि पिछले गुरुवार को एक बंद कमरे में हुई ब्रीफिंग में विटकॉफ ने सीनेट के रिपब्लिकन सांसदों को बताया कि अगर इजरायल ने ईरान के परमाणु सुविधाओं को निशाना बनाया, तो ईरान सैकड़ों बैलिस्टिक मिसाइलों के साथ जवाबी हमला कर सकता है। उन्होंने चिंता जताई कि इजरायल की वायु रक्षा प्रणाली (जैसे आयरन डोम) इतने बड़े हमले को झेलने में असमर्थ हो सकती है। विटकॉफ ने कहा कि ईरान की मिसाइल क्षमता इजरायल के लिए परमाणु खतरे जितनी ही घातक है। ट्रंप ने गुरुवार को कहा था, "इजरायल का हमला होना एक संभावित स्थिति है," लेकिन उन्होंने यह भी अपील की कि "हम एक अच्छे समझौते के काफी करीब हैं, इसलिए फिलहाल ऐसा न करें।" लेकिन ट्रंप की चेतावनी के बावजूद इजरायल ने ईरान पर हमला कर दिया है।

विटकॉफ जाएंगे ओमान, ईरान से वार्ता जारी

स्टीव विटकॉफ रविवार को ओमान पहुंचने वाले हैं, जहां अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु कार्यक्रम को लेकर बातचीत का अगला दौर होगा। हालांकि अब, इजरायली हमले के बाद यह वार्ता अधर में लटकी नजर आ रही है। इससे पहले बैठक में विटकॉफ ने ईरान की बैलिस्टिक मिसाइल क्षमताओं पर चिंता जताई और कहा कि अगर ईरान ने सैकड़ों मिसाइलें दागीं, तो इजरायल की वायु रक्षा प्रणाली दबाव में आ सकती है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:सुरक्षा ठिकानों के पास रहें, भारत ने इजरायल-ईरान में नागरिकों को जारी की चेतावनी
ये भी पढ़ें:इजरायली हमले में ईरान के आर्मी चीफ के मारे जाने का दावा, हुसैन सलामी की भी मौत
ये भी पढ़ें:यूरेनियम से हथियार बना रहा ईरान, इसलिए भड़का इजरायल; युद्ध के मूड में नेतन्याहू

ईरान की बढ़ती मिसाइल शक्ति

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान ने अक्टूबर 2024 में इजरायल पर सैकड़ों बैलिस्टिक मिसाइलें दागी थीं, हालांकि इजरायल की वायु रक्षा प्रणाली ने क्षेत्रीय सहयोगियों और अमेरिका की मदद से अधिकांश हमलों को नाकाम कर दिया था। इसके बावजूद, ईरान ने अपनी मिसाइल उत्पादन क्षमता को और बढ़ा लिया है। एक अमेरिकी अधिकारी के हवाले से Axios ने बताया कि ईरान अब प्रति माह लगभग 50 बैलिस्टिक मिसाइलों का उत्पादन कर रहा है, जिसका लक्ष्य इजरायल के पास मौजूद इंटरसेप्टर मिसाइलों की संख्या को पार करना है।

इजरायली हमले में ईरान के ‘रिवोल्यूशनरी गार्ड’ के प्रमुख सलामी की मौत

इजरायल के हमले में ईरान के अर्धसैनिक बल ‘रिवोल्यूशनरी गार्ड’ के प्रमुख जनरल हुसैन सलामी की मौत हो गई। देश के सरकारी टेलीविजन ने अपनी खबर में यह जानकारी दी। टेलीविजन में समाचार प्रस्तोता ने एक बयान पढ़ा जिसमें कहा गया, ‘‘जनरल हुसैन सलामी की हत्या कर दी गई है।’’ हालांकि बयान में इसके अलावा कोई जानकारी नहीं दी गई। इजरायल के हमले के बाद ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामनेई ने कहा कि इजराइल को ‘‘कड़ी सजा’’ दी जाएगी।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।