Iran News Live: ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की मौत के बाद ईरान में लोग सड़कों पर उतर आए हैं और मातम मना रहे हैं। पाकिस्तान में अमेरिकी मिशन में लोगों ने घुसकर तोड़फोड़ की। यहां हिंसा में कम से कम 9 के मारे जाने की खबर है। ईरान ने 40 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। खामेनेई की मौत पर मातम केवल ईरान तक सीमित नहीं है बल्कि भारत समेत दुनिया के कई देशों में प्रदर्शन हो रहे हैं। वहीं ईरान खाड़ी देशों में स्थित अमेरिकी एयरबेसों को निशाना बना रहा है। इसके चलते अन्य देशों के साथ भी तनाव बढ़ता ही जा रहा है। पाकिस्तान में प्रदर्शनकारी कराची स्थित अमेरिका के वाणिज्य दूतावास में घुस गए और जमकर तोड़फोड़ की।
हमलों के बाद भड़के हुए ईरान ने भी पड़ोसी देशों में स्थित अमेरिकी एयरबेसों को निशाना बनाया। ये हमले ऐसे समय में हुए जब हाल के हफ्तों में तनाव काफी बढ़ गया है। अमेरिकी युद्धपोत क्षेत्र में तैनात किए जा चुके थे और डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि वह ईरान के परमाणु कार्यक्रम को सीमित करने के लिए एक समझौता चाहते थे। यह उस समय हो रहा है जब देश के भीतर भी हालात चुनौतीपूर्ण हैं और राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शनों के बाद सरकार के खिलाफ असंतोष बढ़ रहा है।
ईरान के हमलों की वजह से कतर, सऊदी अरब, ईराक और अन्य देशों में भी उसका विरोध हो रहा है। वहीं खबर के मुताबिक यूएई में ईरान के हमले में एक शख्स की मौत भी हो गई है। IRGC ने ब्रिगेडियर जनरल अहमद वहीदी को नया कमांडर इन चीफ चुन लिया है। ऐसे में युद्ध अभी लंबा खिंचने की संभावना नजर आ रही है। खामेनेई के मारे जाने पर प्रदर्शन की आग भारत तक पहुंच गई है। भारत में कश्मीर, यूपी और कई अन्य जगहों पर शिया मुसलमान सड़कों पर उतर रहे हैं।
यूएन ने की हमले की निंदा
संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंतोनियो गुतारेस ने ईरान पर अमेरिका-इजराइल के हवाई हमलों की शनिवार को निंदा की और ''क्षेत्र और पूरी दुनिया को संकट से निकालने'' के लिए तत्काल फिर से बातचीत शुरू करने का आह्वान किया। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने आपातकालीन बैठक में कहा कि स्थिति को और बिगड़ने से रोकने के लिए हर संभव प्रयास किया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, ''वरना व्यापक संघर्ष होने की आशंका है जिसके नागरिकों और क्षेत्रीय स्थिरता के लिहाज से गंभीर परिणाम हो सकते हैं।'' यहां पढ़ें ईरान-इजरायल युद्ध का पूरा मामला…
1 Mar 2026, 09:14:26 PM IST
Iran News in Hindi LIVE: UAE में भारतीय दूतावास का ट्वीट
Iran News in Hindi LIVE: UAE में भारतीय दूतावास ने ट्वीट किया, 'दूतावास को भारतीय नागरिक की चोट के बारे में पता है और वह अस्पताल के अधिकारियों के संपर्क में है। भारतीय नागरिक खतरे से बाहर है। हम हर संभव मदद कर रहे हैं।'
1 Mar 2026, 08:24:01 PM IST
Iran News in Hindi LIVE: सैकड़ों भारतीय फंसे
Iran News in Hindi LIVE: ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद पश्चिम एशिया से आने-जाने वाली उड़ानें बाधित होने के कारण सैकड़ों भारतीय दुबई व अन्य प्रमुख हवाई अड्डों पर फंसे हुए हैं, जिनमें से कई लोग सहायता के लिए भारत सरकार से अपील करने के लिए सोशल मीडिया का सहारा ले रहे हैं।
1 Mar 2026, 07:41:15 PM IST
Iran News in Hindi LIVE: ईरान में नई परिषद ने शुरू किया काम
Iran News in Hindi LIVE: ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने कहा कि अमेरिकी और इजरायली हमलों में सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद नई परिषद ने अपना काम शुरू कर दिया है। पेजेशकियान ने यह टिप्पणी रविवार को ईरानी सरकारी टेलीविजन पर प्रसारित एक पूर्व-रिकॉर्ड किए गए संदेश में की। पेजेशकियान परिषद के तीन अधिकारियों में से एक हैं। अन्य 2 न्यायपालिका के प्रमुख गुलाम हुसैन मोहसेनी एजेही और अयातुल्ला अली रजा अराफी हैं।
1 Mar 2026, 07:03:19 PM IST
Iran News in Hindi LIVE: कश्मीर में हजारों प्रदर्शनकारी सड़कों पर
Iran News in Hindi LIVE: अमेरिका-इजरायल के हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के विरोध में रविवार को श्रीनगर समेत कश्मीर के कई हिस्सों में हजारों प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतर आए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि शिया बहुल इलाकों में विरोध प्रदर्शन भड़क उठे। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्वक सड़कों पर उतरे प्रदर्शनकारियों ने अमेरिका और इजरायल के विरोध में नारेबाजी की।
1 Mar 2026, 06:41:12 PM IST
Iran News in Hindi LIVE: खामेनेई के मारे जाने पर क्या बोले ओवैसी
Iran News in Hindi LIVE: एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमलों की निंदा की है। उन्होंने सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या को अनैतिक और गैरकानूनी कृत्य करार दिया। हैदराबाद के सांसद ने कहा कि क्षेत्रीय अस्थिरता रोकने के लिए ईरान पर हमले तुरंत बंद होने चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि इस क्षेत्र में एक करोड़ भारतीय काम करते हैं।
1 Mar 2026, 06:14:22 PM IST
Iran News in Hindi LIVE: कैबिनेट कमिटी ऑन सिक्योरिटी की आज बैठक
Iran News in Hindi LIVE: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात दिल्ली लौटने पर कैबिनेट कमिटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। उनके 2 दिन के दौरे के बाद आज रात करीब 9:30 बजे दिल्ली पहुंचने की उम्मीद है।
1 Mar 2026, 05:37:03 PM IST
Iran News in Hindi LIVE: कर्नाटक के गृह मंत्री ने क्या कहा
Iran News in Hindi LIVE: कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने रविवार को कहा कि राज्य सरकार इजरायल और ईरान के बीच जारी सशस्त्र संघर्ष से पैदा हुई स्थिति पर बारीकी से नजर रख रही है। फंसे लोगों, खासकर कर्नाटक के छात्रों को हर जरूरी सहायता उपलब्ध कराने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि सूचना मिली है कि विभिन्न जिलों के कई छात्र उस क्षेत्र में गए थे और बढ़ते संघर्ष के कारण वापस नहीं लौट पा रहे हैं।
1 Mar 2026, 05:32:31 PM IST
Iran News in Hindi LIVE: कतर के विदेश मंत्रालय का बयान
Iran News in Hindi LIVE: कतर के विदेश मंत्रालय की ओर से कहा गया, 'कतर ओमान सल्तनत के कमर्शियल पोर्ट दुकम और उसके तट के पास एक तेल टैंकर को निशाना बनाकर किए गए ईरानी हमलों की कड़ी निंदा करता है। कतर इन हमलों को सल्तनत की संप्रभुता का उल्लंघन, एक मंजूर नहीं होने वाला तनाव और एक ऐसे देश को कायरतापूर्ण निशाना बनाना बताता है जो इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान और इंटरनेशनल कम्युनिटी के बीच संकट को कम करने और बाकी मुद्दों को सुलझाने के लिए अच्छी बातचीत को बढ़ावा देने में सक्रिय रूप से बीच-बचाव कर रहा है। विदेश मंत्रालय, कतर की संप्रभुता, सुरक्षा और स्थिरता की रक्षा के लिए उठाए जाने वाले सभी कदमों में ओमान सल्तनत के साथ अपनी पूरी एकजुटता की पुष्टि करता है।'
1 Mar 2026, 05:03:05 PM IST
Iran News in Hindi LIVE: 10वीं और 12वीं क्लास की परीक्षाएं टलीं
Iran News in Hindi LIVE: छात्रों और स्कूलों को बताया जाता है कि मिडिल ईस्ट (बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और UAE) के कुछ हिस्सों में मौजूदा हालात की वजह से CBSE ने तय किया है कि सोमवार, 2 मार्च 2026 को होने वाली 10वीं और 12वीं क्लास की परीक्षाएं टाल दी गई हैं। नई तारीखें बाद में बताई जाएंगी। बोर्ड मंगलवार, 3 मार्च 2026 को हालात का रिव्यू करेगा और 5 मार्च से होने वाली परीक्षाओं के बारे में सही फैसला लेगा।
1 Mar 2026, 04:58:11 PM IST
Iran News in Hindi LIVE: 350 उड़ानें रद्द कर दी गईं
Iran News in Hindi LIVE: मिडिल ईस्ट में भू-राजनीतिक घटनाक्रम की वजह से एयरस्पेस पर लगी रोक को देखते हुए 01.03.2026 को भारतीय घरेलू वाहक की कुल 350 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी फ्लाइट का स्टेटस संबंधित एयरलाइंस से चेक करें और किसी भी जरूरी मदद के लिए उनके साथ लगातार संपर्क में रहें। नागरिक उड्डयन मंत्रालय स्थिति पर लगातार नजर रखने और यात्रियों को जरूरी मदद देने के लिए एयरलाइंस, हवाई अड्डा संचालकों और अन्य हितधारकों के साथ लगातार संपर्क में है।
1 Mar 2026, 04:20:35 PM IST
Iran News in Hindi LIVE: भारतीय नाविकों के लिए एडवाइजरी
Iran News in Hindi LIVE: ईरान में बदलते हालात को देखते हुए भारतीय नाविकों और समुद्री स्टेकहोल्डर्स के लिए एक एडवाइजरी जारी की गई है। डायरेक्टरेट जनरल ऑफ शिपिंग ने भारतीय नाविकों को सलाह दी है कि वे सतर्क रहें, विदेश मंत्रालय और तेहरान में भारतीय दूतावास की ओर से जारी की गई ऑफिशियल एडवाइजरी का पालन करें। इस इलाके में काम करते समय बहुत सावधानी बरतें। स्टेकहोल्डर्स से यह भी रिक्वेस्ट की गई है कि वे भारतीय क्रू मेंबर्स की सुरक्षा और स्थिति पर करीब से नजर रखें और अधिकारियों के साथ जरूरी जानकारी शेयर करें।
1 Mar 2026, 04:18:48 PM IST
Iran News in Hindi LIVE: खामेनेई को कैसे किया याद
Iran News in Hindi LIVE: इजरायल-ईरान विवाद में ईरान के सुप्रीम कमांडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत पर जम्मू-कश्मीर अंजुमन-ए-शरीए शियान के प्रेसिडेंट आगा सैयद हसन मोसावी अल-सफवी ने कहा, 'इस्लामिक दुनिया ने एक ऐसा अनोखा राजनीतिक और धार्मिक नेता खो दिया है। मेरे पास दुख बयां करने के लिए शब्द नहीं हैं। वह ऐसे नेता थे जो इंसानियत की दुनिया और इस्लाम की दुनिया को एक देखना चाहते थे। वह इंसानियत के हमदर्द थे। लेकिन वह उन लोगों के हाथों शहीद हुए जो इंसानियत के दुश्मन हैं, जिन्होंने पूरी इंसानियत को दुखी जगह बना दिया है। उन्होंने शांति, भाईचारे और एकता का पैगाम दिया। यही उनका गुनाह था। मैं उम्मीद करता हूं कि भारत उनकी शहादत के बारे में पूरे भारत की भावनाओं और एहसासों को दुनिया तक पहुंचाएगा।'
1 Mar 2026, 03:53:56 PM IST
Iran News in Hindi LIVE: ईरान के सशस्त्र बलों के चीफ ऑफ स्टाफ का खात्मा
Iran News in Hindi LIVE: इजरायल डिफेंस फोर्सेस (IDF) ने पोस्ट करके बताया कि उन्होंने ईरान के सशस्त्र बलों के चीफ ऑफ स्टाफ अब्दुलरहीम मूसवी को मार गिराया है। इसके अलावा, आईडीएफ ने तेहरान में ईरान की टॉप सिक्योरिटी लीडरशिप के 7 सदस्यों पर हमला कर उन्हें भी ढेर कर दिया है। साथ ही, 40 सीनियर कमांडरों को भी निशाना बनाकर खत्म किया गया है।
1 Mar 2026, 03:37:16 PM IST
Iran News in Hindi LIVE: ईरानी राष्ट्रपति का बड़ा ऐलान
Iran News in Hindi LIVE: ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत के बाद बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि खामेनेई की हत्या अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमलों में हुई है। उन्होंने इस घटना को मुसलमानों के खिलाफ खुली जंग की घोषणा करार दिया, खासकर शिया समुदाय के लिए। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक अपराध के कर्ताधर्ताओं और साजिशकर्ताओं से बदला लेना इस्लामी गणराज्य ईरान का वैध कर्तव्य और अधिकार है।
1 Mar 2026, 03:13:58 PM IST
Iran News in Hindi LIVE: दिल्ली एयरपोर्ट पर 100 उड़ानें रद्द
Iran News in Hindi LIVE: ईरान और मिडिल-ईस्ट के कुछ हिस्सों में एयरस्पेस पर पाबंदियों की वजह से, दिल्ली एयरपोर्ट पर अब तक 60 जाने वाली और 40 आने वाली, यानी कुल 100 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।
1 Mar 2026, 03:04:27 PM IST
Iran News in Hindi LIVE: पाकिस्तान ने मिडिल-ईस्ट के लिए 184 उड़ानें रद्द
Iran News in Hindi LIVE: पाकिस्तान ने ईरान पर हमले के बाद मध्य पूर्व के लिए लगभग 184 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी हैं। यह फैसला शनिवार से लागू हुआ है, जब अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर हमला किया, जिसके जवाब में तेहरान ने क्षेत्र में अमेरिकी ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए।
1 Mar 2026, 02:30:43 PM IST
Iran News in Hindi LIVE: ओमान के तेल टैंकर पर हमला
Iran News in Hindi LIVE: ओमान ने घोषणा की है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर स्थित ख़सब बंदरगाह के पास एक तेल टैंकर पर हमला हुआ है, जिसमें जहाज पर सवार 4 नाविक घायल हो गए। यह घटना दुबई से रिपोर्ट की गई है और इससे क्षेत्र में तनाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
1 Mar 2026, 02:18:10 PM IST
Iran News in Hindi LIVE: पाकिस्तान में हिंसक हो गया प्रदर्शन, 9 की मौत
Iran News in Hindi LIVE: पाकिस्तान में खामेनेई के समर्थक कराची स्थित अमेरिकी मिशन में घुस गए और तोड़फोड़ करने लगे. पुलिस से प्रदर्शकारियों की झड़प हो गई। इस हिंसा में कम से कम 9 लोगों के मारे जाने की खबर है।
1 Mar 2026, 02:08:29 PM IST
Iran News in Hindi LIVE: इजरायल और ईरान में फंसे लोगों के घर वालों की सरकार से गुहार
Iran News in Hindi LIVE: अमेरिका व इजराइल के हमले के बाद र्ईरान में फंसे बाराबंकी जिले के कई लोगों के परिवार बेहद चिंतित हैं और उन्होंने भारत सरकार से अपने प्रियजनों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने की अपील की है।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, बाराबंकी जिले के कम से कम सात लोग इस वक्त ईरान के कुम शहर में फंसे हैं, जिनमें छात्र और इस्लामी विद्वान शामिल हैं।
सूत्रों ने बताया कि हमले के बाद से कुछ लोगों से संपर्क टूटने की वजह से परिजनों की बेचैनी काफी बढ़ गई है।
1 Mar 2026, 01:51:30 PM IST
Iran News in Hindi LIVE: तेल संकट से निपटने को तैयार है भारत
Iran News in Hindi LIVE: होर्मुज जलडमरूमध्य जैसे कच्चे तेल के प्रमुख आपूर्ति मार्ग के बंद होने से भारत को निकट भविष्य में कच्चे तेल की आपूर्ति में किसी बड़े व्यवधान का सामना करने की आशंका नहीं है। अधिकारियों ने यह जानकारी देते हुए कहा कि कच्चे तेल का भंडार कम से कम 10 दिन की जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त है।
ईरान पर अमेरिका और इजरायल के सैन्य हमलों के बाद तेजी से बदलते घटनाक्रम में इस्लामिक गणराज्य के सर्वोच्च नेता के मारे जाने की खबरें भी शामिल हैं। इससे संकेत मिलता है कि यह संघर्ष बहुत लंबा नहीं चलेगा। हालांकि, शीर्ष अधिकारियों और विश्लेषकों का कहना है कि यदि तनाव बढ़ता है, तो भारत के पास आकस्मिक योजनाएं तैयार हैं।
1 Mar 2026, 01:26:32 PM IST
Iran News in Hindi LIVE: दुबाई में फंसे 84 भारतीय छात्र
Iran News in Hindi LIVE: महाराष्ट्र के पुणे स्थित एक संस्थान में एमबीए की पढ़ाई करने वाले 84 छात्र पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के मद्देनजर हवाई क्षेत्र पर लगाए गए प्रतिबंधों के कारण दुबई में फंसे हुए हैं। संस्थान ने रविवार को यह जानकारी दी।
'इंदिरा स्कूल ऑफ बिजनेस स्टडीज' (आईएसबीएस) के अधिकारियों ने बताया कि संस्थान के छात्र वार्षिक पांच दिवसीय अध्ययन यात्रा के तहत दुबई गए थे।
उन्होंने बताया कि सभी विद्यार्थी सुरक्षित हैं और उन्हें एक होटल में ठहराया गया है।
1 Mar 2026, 12:51:59 PM IST
Iran News in Hindi LIVE: पाकिस्तान में बवाल, एक प्रदर्शनकारी की मौत
Iran News in Hindi LIVE: खामेनेई की मौत को लेकर कई मुस्लिम देशों में बवाल शुरू हो गया है। पाकिस्तान में कराची में अमेरिका के मिशन में सैकड़ों लोग घुस गए और तोड़फोड़ करने लगे। इसके बाद पुलिस ने आंसू गैस को गोले दागे और लाठियां भांजी। इस उपद्रव में एक प्रदर्शनकारी के मारे जाने की भी खबर है।
1 Mar 2026, 12:48:48 PM IST
Iran News in Hindi LIVE: कश्मीर में शांति की अपील कर रहे उमर अब्दुल्ला
Iran News in Hindi LIVE: ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद व्यापक विरोध-प्रदर्शनों के बीच जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने रविवार को शांति बनाए रखने का आग्रह किया। अधिकारियों ने बताया कि अमेरिका और इजराइल के हमले में खामेनेई की मौत के विरोध में रविवार को कश्मीर के कई हिस्सों में प्रदर्शन शुरू हो गए। उन्होंने कहा कि शिया बहुल इलाकों में सैकड़ों प्रदर्शनकारी विभिन्न स्थानों में सड़कों पर उतर आए।
1 Mar 2026, 12:44:37 PM IST
Iran News in Hindi LIVE: लखनऊ में भी प्रदर्शन
Iran News in Hindi LIVE: इजरायल और अमेरिका की संयुक्त कार्रवाई में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की खबर का असर रविवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी देखने को मिला। घंटाघर क्षेत्र के पास बड़ी संख्या में शिया मुसलमान सड़कों पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने खामेनेई की तस्वीरें हाथ में लेकर नारेबाजी की और उनके निधन पर शोक व्यक्त किया। इस दौरान लोगों ने छाती पीटकर अपना विरोध दर्ज कराया तथा इजरायल और अमेरिका के खिलाफ नारे लगाए।
1 Mar 2026, 12:31:22 PM IST
Iran News in Hindi LIVE: इतिहास बन गए खामेनेई
Iran News in Hindi LIVE: तीन दशक से अधिक समय से ईरान की सत्ता और राजनीति पर मजबूत पकड़ बनाए रखने वाले सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई अब इतिहास बन चुके हैं। अमेरिकी और इजराइली हवाई हमलों में उनकी मौत की खबर ने न केवल पश्चिम एशिया की राजनीति में भूचाल ला दिया है, बल्कि उस नेता के विवादित शासन पर भी नयी बहस छेड़ दी है जिसने 36 वर्षों तक ईरान पर कठोर नियंत्रण बनाए रखा।
1 Mar 2026, 11:56:56 AM IST
Iran News in Hindi LIVE: कैसे चुना जाएगा ईरान का सुप्रीम लीडर
Iran News in Hindi LIVE: ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत ने देश के भविष्य को लेकर बेहद महत्वपूर्ण सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, मौलवियों की एक समिति को उनके स्थान पर नए नेता के चयन का काम सौंपा गया है।
ईरान के संविधान के तहत 88 सदस्यीय समिति 'असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स' (विशेषज्ञों की सभा) नये सर्वोच्च नेता का चयन करेगी। इस निकाय में केवल शिया धर्मगुरु शामिल होते हैं, जिन्हें हर आठ वर्ष में जनमत के आधार पर चुना जाता है।
कानून के अनुसार, 'असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स' को जल्द से जल्द नये सर्वोच्च नेता का चयन करना होगा। यदि चयन में देरी होता है तो एक नेतृत्व परिषद कार्यभार संभाल सकती है, जिसमें राष्ट्रपति, न्यायपालिका प्रमुख और 'गार्जियन काउंसिल' का एक वरिष्ठ सदस्य शामिल होता है।
1 Mar 2026, 11:52:00 AM IST
Iran News in Hindi LIVE करारा जवाब देंगे- ट्रंप
Iran News in Hindi LIVE: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को हमले तेज न करने की चेतावनी देते हुए रविवार को ऑनलाइन माध्यम से कहा कि अमेरिका ''ऐसी ताकत के साथ जवाब देगा जो पहले कभी नहीं देखा गया होगा।''
ट्रंप ने 'ट्रुथ सोशल' के जरिए रविवार को ये टिप्पणियां ऐसे समय में की जब ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या की जिम्मेदारी स्वीकार करने के बाद उन्हें धमकियां मिली हैं।
ट्रंप ने लिखा, ''ईरान ने अभी-अभी कहा है कि वे आज बहुत ज़ोरदार हमला करेंगे, जितना उन्होंने पहले कभी नहीं किया।''
1 Mar 2026, 10:59:52 AM IST
Iran News Live: अब और तेज होगा हमला- डोनाल्ड ट्रंप
Iran News Live: डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान में ऐसा हमला होगा कि पहले कभी नहीं हुआ। उन्होने कहा कि ईरान ऐसा हमला देखेगा कि पहले कभी नहीं देखा होगा। ईरान के नए सुप्रीम लीडर के ऐलान की बात डोनाल्ड ट्रंप को रास नहीं आई है।
1 Mar 2026, 10:43:46 AM IST
Iran News Live: ईरान के हमले में यूएई में एक शख्स की मौत
Iran News Live: संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने इजराइल और अमेरिका के हमले के जवाब में शनिवार को दागे गए कई ईरानी मिसाइलों को रोका। हालांकि इन हमलों में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई और सात लोग घायल हो गए।
संयुक्त अरब अमीरात में हवाई अड्डे और कई अन्य स्थलों को निशाना बनाकर किए गए ईरान के हमलों ने शनिवार रात को लोगों को जगाए रखा।
जायद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को निशाना बनाकर किए गए ड्रोन हमले की घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई और सात लोग घायल हो गए।
1 Mar 2026, 10:17:35 AM IST
Iran News Live: दिल्ली में ईरान के दूतावास पर झुकाया गया झंडा
Iran News Live: दिल्ली स्थित ईरान के दूतावास का झंडा भी झुका दिया गया है। खामेनेई की मौत के बाद ईरान ने 40 दिनों का शोक घषित किया है। वहीं खामेनेई की मौत का मातम भारत में भी कई जगहों पर मनाया जा रहा है। कश्मीर में लोग खामेनेई की तस्वीरों के साथ सड़कों पर उतर पड़े।
1 Mar 2026, 10:16:29 AM IST
Iran News Live: यूरोप की भी कई उड़ाने रद्द
Iran News Live: टाटा समूह की विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया ने पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच अपनी अमेरिका और यूरोप जाने वाली 22 और उड़ानों को रविवार को रद्द करने की घोषणा की।
एयरलाइंस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों एक पर बताया कि उसकी दिल्ली से बर्मिंघम, एम्सटर्डम, जुरिक, मिलान, वियना और कोपनहेगन जाने वाली एक-एक उड़ानें रद्द रहेंगी।
इसके अलावा दिल्ली से लंदन हिथ्रो जाने वाली दो उड़ानें और फ्रैंकफर्ट जाने वाली एक उड़ान रद्द रहेगी। मुंबई से लंदन हिथ्रो जाने वाली एक उड़ान भी रद्द रहेगी। इन सभी मार्गों पर वापसी की उड़ानें भी रद्द करने की उसने घोषणा की है।
1 Mar 2026, 09:45:26 AM IST
Iran News Live: खामेनेई के बेटे होंगे नए सुप्रीम लीडर
Iran News Live: ईरान ने अपने नए सुप्रीम लीडर का ऐलान भी कर दिया है। ईरान का कहना है कि अली खामेनेई के बेटे मोजतबा खामेनेई अब नए सुप्रीम लीडर होंगे। हालांकि देखना यह है कि अमेरिका के गले यह कैसे उतरेगा।
1 Mar 2026, 09:26:08 AM IST
Iran News Live: कैसे बनाया जाएगा नया सुप्रीम लीडर
Iran News Live: खामेनेई की मृत्यु के बाद, एक नए उत्तराधिकारी का चयन धार्मिक निकाय, विशेषज्ञों की सभा द्वारा किया जाना है।
विश्लेषकों के अनुसार, संभावना है कि उनकी जगह और भी कट्टरपंथी नेतृत्व आ सकता है। साथ ही, यह भी संभव है कि लोगों के सड़कों पर उतरने से अशांति और बढ़ सकती है। ईरान में अतीत में आर्थिक स्थितियों और राजनीतिक परिवर्तन की मांगों को लेकर बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए हैं।
1 Mar 2026, 09:09:24 AM IST
Iran News Live: संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने की हमले की निंदा
Iran News Live: संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने इजरायल और अमेरिका के हमले की निंदा की है। एँतोनिय गुतारेस नेक कहा, अमेरिका और इजराइल के हवाई हमलों ने संयुक्त राष्ट्र चार्टर सहित अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन किया है। उन्होंने बहरीन, इराक, जॉर्डन, कुवैत, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात की संप्रभुता एवं क्षेत्रीय अखंडता का उल्लंघन करने के लिए ईरान के जवाबी हमलों की भी निंदा की। संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी राजदूत माइक वाल्ट्ज ने कहा कि अमेरिकी सैन्य कार्रवाई वैध थी।
1 Mar 2026, 09:03:09 AM IST
Khamenei news LIVE: इराक का भी हमला
Khamenei news LIVE: मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इराक ने भी ईरान में हमला शुरू कर दियाहै। एक दिन पहले ही ईरान ने इराक स्थित अमेरिका के मिलिट्री बेस को निशाना बनाने की कोशिश की थी। इसके बाद इराक भी ईरान पर भड़का हुआ है।
1 Mar 2026, 08:58:44 AM IST
Khamenei news LIVE: ईरान पर भारी दबाव
Khamenei news LIVE: इजरायल और अमेरिका के हमले के बाद ईरान में सुप्रीम लीडर को लेकर बड़ा दबाव है। बताया यह भी जा रहा है कि अमेरिका से वापस आकर रजा पहलवी के बेटे सुप्रीम लीडर हो सकते हैं। ईरान में पिछले दिनों खामेनेई के खिलाफ हुए प्रदर्शन के दौरान भी पहलवी ऐक्टिव रहते थे।
1 Mar 2026, 08:42:13 AM IST
Khamenei news LIVE: कश्मीर में भी शुरू हो गए प्रदर्शन
Khamenei news LIVE: अमेरिकी-इजराइल के हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के विरोध में रविवार को कश्मीर के कई हिस्सों में प्रदर्शन शुरू हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि शिया बहुल इलाकों में सैकड़ों प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतर आए।
1 Mar 2026, 08:40:44 AM IST
Khamenei news LIVE: ईरान की सड़कों पर उतरे लोग, हाथ में खामेनेई की तस्वीरें
Khamenei news LIVE: ईरान में सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की मौत के बाद लोग सड़कों पर उतरे हैं। लोग अमेरिका और इजरायल के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। लोगों के हाथ में पोस्टर और बैनर हैं।
1 Mar 2026, 08:28:21 AM IST
Khamenei news LIVE: नए कमांडर इन चीफ का ऐलान
Khamenei news LIVE: ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई और शीर्ष कमांडरों की मौत के बाद ईरान ने नए कमांडर इन चीफ का ऐलान कर दिया है। ईरान की सरकारी मीडिया के मुताबिक ब्रिगेडियर जनरल अहमद वाहिदी ईरान के नए कमांडर इन चीफ होंगे।
1 Mar 2026, 08:19:06 AM IST
Khamenei news LIVE: हमले जारी रहेंगे- डोनाल्ड ट्रंप
Khamenei news LIVE: खामेनेई की मौत को लेकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान पर हमले अब भी जारी रहेंगे। वहीं ईरान की सरकारी मीडिया ने खामेनेई की मौत की पुष्टि कर दी है। ईरान में 40 दिनों का राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है।