Iran War Update Russia makes special offer to America talks about Ukraine too यूक्रेन की मदद बंद करो, तो ईरान को... रूस ने दे दिया अमेरिका को खास ऑफर, International Hindi News - Hindustan
More

यूक्रेन की मदद बंद करो, तो ईरान को... रूस ने दे दिया अमेरिका को खास ऑफर

एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि रूस ने अमेरिका के सामने प्रस्ताव रखा है कि अगर वह यूक्रेन को खुफिया सूचना से मदद करना बंद कर देता है, तो मॉस्को भी तेहरान को खुफिया जानकारी भेजना बंद कर देगा। हालांकि, इस बात की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

Sat, 21 March 2026 01:47 AMUpendra Thapak लाइव हिन्दुस्तान
share
यूक्रेन की मदद बंद करो, तो ईरान को... रूस ने दे दिया अमेरिका को खास ऑफर

पश्चिम एशिया में जारी जंग को 21 दिन पूरे हो चुके हैं। अभी भी दोनों तरफ से लगातार मिसाइलों और ड्रोन्स की बरसात हो रही है। इसी बीच एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि रूस ने अमेरिका को ऑफर दिया है कि अगर वह यूक्रेन को खुफिया जानकारी देना बंद कर देता है, तो वह भी ईरान को खुफिया जानकारी के आधार पर मदद करना बंद कर देगा। हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों ने इस प्रस्ताव को खारिज कर दिया है।

पॉलिटिको की रिपोर्ट के मुताबिक, रूस की तरफ से यह पेशकश पिछले हफ्ते रूस के डायरेक्ट इन्वेस्टमेंट फंड के प्रमुख किरिल दिमित्रेव ने मियामी में अमेरिकी अधिकारियों से बैठक के दौरान की थी। इस बैठक में वाइट हाउस की तरफ से मध्य-पूर्व में ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर मौजूद थे।

आपको बता दें, पहले भी इस तरह की रिपोर्ट्स सामने आई हैं कि होर्मुज के आसपास और अंतर्राष्ट्रीय जल क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी एयरक्राफ्ट कैरियर और खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी ठिकानों के बारे में रूस, ईरान को सटीक जानकारी उपलब्ध करवा रहा है। हालांकि रूस की तरफ से इन रिपोर्ट्स को फेक न्यूज बताकर खारिज कर दिया गया था। रिपोर्ट के मुताबिक मॉस्को की तरफ से यह पेशकश ईरान युद्ध के बदले में यूक्रेन में अपने युद्ध को आसान करने के लिए थी। वह ईरान को अमेरिकी और इजरायली ठिकानों की जानकारी देना बंद करता, इसके बदले में अमेरिका यूक्रेन के साथ भी खुफिया जानकारी साझा नहीं करता। हालांकि, अमेरिका ने रूस के इस प्रस्ताव को खारिज कर दिया है।

इससे पहले एक और रिपोर्ट में दावा किया गया था कि रूस ने ईरान में जारी युद्ध को रोकने के लिए ईरान के इनरिच्ड यूरेनियम को रूस ले जाने की पेशकश भी की थी। क्योंकि इस युद्ध की सबसे बड़ी वजह ईरान का यही यूरेनियम हैं। हालांकि, उसी रिपोर्ट में इस बात की जानकारी भी दी गई थी कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस पेशकश को भी ठुकरा दिया था।

आपको बता दें, यूक्रेन युद्ध पिछले चार साल से लगातार जारी है। इस युद्ध में लाखों लोगों की जान जा चुकी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप दूसरी बार सत्ता में आने के बाद से लगातार इस मुद्दे को सुलझाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन यह मामला इतना उलझ गया है कि ट्रंप के लिए यह आसान नहीं है। चुनाव प्रचार के दौरान ट्रंप इस बात को कई बार कह चुके थे कि वह कुछ ही घंटों में इस युद्ध को सुलझा देंगे, लेकिन जब वह सत्ता में बैठे तो एक साल बाद भी युद्ध जारी है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।