Iran US War White House refused to consider use of nuclear weapons in Iran war ईरान पर न्यूक्लियर अटैक करेंगे ट्रंप? अमेरिका का बड़ा बयान आ गया, जानिए क्या कहा, International Hindi News - Hindustan
More

ईरान पर न्यूक्लियर अटैक करेंगे ट्रंप? अमेरिका का बड़ा बयान आ गया, जानिए क्या कहा

Iran America War: अमेरिका ने स्पष्ट कर दिया है कि वह ईरान पर परमाणु बम से हमला नहीं करेगा। वाइट हाउस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि हम ईरान पर परमाणु हमले के बारे में बिल्कुल नहीं सोच रहे हैं।

Tue, 7 April 2026 09:23 PMDevendra Kasyap लाइव हिन्दुस्तान
share
ईरान पर न्यूक्लियर अटैक करेंगे ट्रंप? अमेरिका का बड़ा बयान आ गया, जानिए क्या कहा

तो ईरान के सिर से सबसे बड़ा खतरा टल गया है? इस सवाल का जवाब है- हां। अमेरिका ने स्पष्ट कर दिया है कि वह ईरान पर परमाणु बम से हमला नहीं करेगा। वाइट हाउस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि हम ईरान पर परमाणु हमले के बारे में बिल्कुल नहीं सोच रहे हैं। बता दें कि अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वैंस ने कहा था कि हमारे पास और भी कई प्रकार के हथियार हैं, जिनका इस्तेमाल हमने अब तक नहीं किया है। उनके इस बयान के बाद अटकलें तेज हो गई थीं कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान पर परमाणु हमला कर सकते हैं।

दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा शांति वार्ता के लिए निर्धारित समय सीमा नजदीक आ रही है, लेकिन तेहरान बातचीत के लिए तैयार नहीं दिख रहा है। ऐसे में पश्चिम एशिया के चल रहे संघर्ष में वाशिंगटन के अगले कदम पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं। इस बीच ट्रंप ने ईरान को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर मंगलवार रात 8 बजे (ET ) तक संतोषजनक समझौता नहीं हुआ तो ईरान की 'पूरी सभ्यता आज रात ही नष्ट हो जाएगी'। इस चेतावनी के साथ ही परमाणु हमले की आशंकाएं भी जताई जा रही थीं।

परमाणु विकल्प नहीं

वहीं, उपराष्ट्रपति जेडी वैंस की चेतावनी के बाद इन अटकलों ने और जोर पकड़ लिया था। उन्होंने संकेत दिया था कि अमेरिका के पास ईरान के खिलाफ ऐसे हथियार हैं, जिनके इस्तेमाल का फैसला अभी तक नहीं लिया गया है। हालांकि, वैंस की टिप्पणी के कुछ ही देर बाद वाइट हाउस ने स्पष्टीकरण जारी कर परमाणु हथियारों के इस्तेमाल से साफ इनकार कर दिया। वाइट हाउस ने जोर देकर कहा कि वैंस के बयान का मतलब परमाणु विकल्प से नहीं है।

ट्रंप ने क्या कहा था?

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी देते हुए कहा था कि आज रात एक पूरी सभ्यता का अंत हो सकता है, लेकिन वाशिंगटन में रात 8 बजे की समय सीमा से पहले ईरान के पास आत्मसमर्पण करने का मौका है। यह सख्त चेतावनी ईरान के लिए दी गई समय-सीमा से लगभग 12 घंटे पहले आई । इस समय-सीमा के तहत ईरान को होर्मुज को फिर से खोलने सहित एक समझौते पर सहमत होने को कहा गया है, अन्यथा उसे दंडात्मक हमलों का सामना करना पड़ेगा।

ट्रंप ने अपनी सोशल मीडिया साइट पर लिखा कि आज रात एक पूरी सभ्यता का अंत हो जाएगा, जिसे फिर कभी वापस नहीं लाया जा सकेगा। मैं ऐसा नहीं चाहता, लेकिन शायद ऐसा ही होगा। हालांकि, ट्रंप के बयान में समाधान की गुंजाइश अब भी रखी गई है और उन्होंने कहा कि शायद कुछ क्रांतिकारी और अद्भुत बात हो सकती है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।