Iran rejects US unilateral ceasefire proposal says talks may be the way forward ईरान ने ठुकराया अमेरिका का एकतरफा शांति प्रस्ताव, युद्धविराम के लिए सुझाया रास्ता, International Hindi News - Hindustan
More

ईरान ने ठुकराया अमेरिका का एकतरफा शांति प्रस्ताव, युद्धविराम के लिए सुझाया रास्ता

ईरान की तरफ से अमेरिका के शांति प्रस्ताव को एकतरफा और अनुचित बताते हुए खारिज कर दिया गया है। हालांकि, तेहरान की तरफ से कहा गया है कि अगर अमेरिका जमीनी हकीकत के आधार पर कोई प्रस्ताव रखता है, तो उस पर शांति का रास्ता निकल सकता है।

Thu, 26 March 2026 08:48 PMUpendra Thapak लाइव हिन्दुस्तान
share
ईरान ने ठुकराया अमेरिका का एकतरफा शांति प्रस्ताव, युद्धविराम के लिए सुझाया रास्ता

Israel iran war: पश्चिम एशिया में जारी संकट के आगे लगातार जारी रहने की आशंका बढ़ गई है। गुरुवार को ईरान की तरफ से अमेरिका के शांति प्रस्ताव को एकतरफा और अनुचित बताते हुए खारिज कर दिया गया है। हालांकि, तेहरान की तरफ से कहा गया है कि अगर अमेरिका जमीनी हकीकत के आधार पर कोई प्रस्ताव रखता है, तो उस पर शांति का रास्ता निकल सकता है।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक एक ईरानी अधिकारी ने स्वीकार किया कि अमेरिका का सीजफायर प्रस्ताव पाकिस्तान के माध्यम से तेहरान पहुंचा था, जिस पर बुधवार रात ईरान के शीर्ष अधिकारियों और सुप्रीम लीडर ने विस्तार से चर्चा की। अमेरिका द्वारा दिए गए प्रस्ताव पर आपत्ति जताते हुए ईरानी अधिकारी ने कहा कि यह प्रस्ताव केवल अमेरिकी और इजरायली हितों को साधता है, इसमें ईरान के हितों को जरा भी नहीं देखा गया है। उन्होंने कहा, "इस प्रस्ताव का निचोड़ अगर देखें, तो यह है कि अमेरिका चाहता है कि ईरान प्रतिबंध हटाने की एक अस्पष्ट योजना के बदले में अपनी रक्षा करने की क्षमता को छोड़ दे।" अधिकारी ने कहा कि इस प्रस्ताव में सफलता के लिए जो न्यूनतम शर्तें होनी चाहिए थीं, वह भी नहीं है।

कूटनीति पूरी तरह से बंद नहीं: ईरानी अधिकारी

अमेरिका और इजरायल के साथ युद्ध में उलझे ईरान ने कहा कि अभी भी कूटनीति का रास्ता खुला हुआ है। अधिकारी ने कहा, "कूटनीति पूरी तरह बंद नहीं हुई है, और अगर वॉशिंगटन में यथार्थवादी सोच हावी होती है, तो आगे का रास्ता अभी भी निकल सकता है।” इसके साथ ही उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि तुर्किए और पाकिस्तान लगातार मध्यस्थता कर रहे हैं और संघर्ष को खत्म करने की कोशिश की जा रही है।

आपको बता दें, इससे पहले बुधवार को ईरानी मीडिया की तरफ से भी बताया गया था कि इस्लामिक सत्ता के अधिकारियों ने संयुक्त राज्य अमेरिका के प्रस्ताव को खारिज कर दिया है। इस रिपोर्ट के मुताबिक तेहरान की तरफ से युद्ध को खत्म करने के लिए मुख्य तौर पर पांच शर्तें रखी गई थीं, जिनमें सबसे प्रमुख अमेरिका और इजरायल तेहरान पर हमले तुरंत रोकें, युद्ध में हुए नुकसान की भरपाई करें और होर्मजु का संपूर्ण नियंत्रण दें। इसके अलावा ईरान पर लगे हुए प्रतिबंध भी हटाएं।

ट्रंप ने फिर धमकाया

ईरान को 48 घंटे की चेतावनी देकर 5 दिन के लिए युद्धविराम को घोषणा करके चौंकाने वाले ट्रंप ने गुरुवार को एक बार फिर से ईरान को धमकी दी है। उन्होंने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा कि ईरान समझौते के लिए गिड़गिड़ा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ईरान इस मामले पर गंभीर नहीं होता है, तो उसे परिणाम भुगतने होंगे। उन्होंने लिखा, “ईरानी अधिकारी बहुत अलग और अजीब हैं। वे हमसे समझौता करने के लिए गिड़गिड़ा रहे हैं, उन्हें ऐसा ही करना चाहिए,क्योंकि वह सैन्य रूप से खत्म हो चुके हैं। उनके वापसी करने की कोई संभावना नहीं है। लेकिन इसके बाद भी वह सार्वजनिक रूप से कह रहे हैं, कि वह हमारे प्रस्ताव पर विचार कर रहे हैं। उन्हें जल्दी ही गंभीर होना होगा, वरना बहुत देर हो जाएगी। क्योंकि अगर एक बार ऐसा हो गया तो फिर लौटने का कोई रास्ता नहीं बचेगा।”

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।