ईरान का इजरायल के बेत शेमेश में मिसाइल हमला, आठ लोगों की मौत; कई घायल
मिसाइल शहर के एक रिहायशी इलाके में गिरी, जिससे बम से बचाव के लिए बने आश्रय स्थल और आसपास के मकानों को व्यापक नुकसान पहुंचा। बचाव सेवाओं ने बताया कि एक छोटी बच्ची समेत दो अन्य लोगों की हालत गंभीर है।
इजरायल के यरुशलम से लगभग 35 किलोमीटर दूर बेत शेमेश में एक आवासीय इमारत पर हुए सीधे मिसाइल हमले में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई। यह जानकारी रविवार को बचाव सेवाओं ने दी। इससे शनिवार से अब तक ईरानी हमले में इजरायल में मारे गए लोगों की कुल संख्या कम से कम नौ हो गई है। मिसाइल शहर के एक रिहायशी इलाके में गिरी, जिससे बम से बचाव के लिए बने आश्रय स्थल और आसपास के मकानों को व्यापक नुकसान पहुंचा। बचाव सेवाओं ने बताया कि एक छोटी बच्ची समेत दो अन्य लोगों की हालत गंभीर है। इजरायल की मैगन डेविड एडोम आपातकालीन सेवा के अनुसार, घटनास्थल पर कम से कम 20 और लोग मामूली से मध्यम रूप से घायल हैं, जिनमें चार वर्षीय लड़का भी शामिल है, जिसे मामूली चोटें आई हैं।
दमकलकर्मी घटनास्थल पर फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं। सीधे प्रभावित हुए घर के पास स्थित कई दर्जन अन्य घरों को भी नुकसान पहुंचा है। बता दें कि इजरायल और अमेरिका ने शनिवार तड़के ईरान पर संयुक्त हमले किए। इजरायल डिफेंस फोर्सेज (आईडीएफ) ने घोषणा की कि शनिवार को तेहरान में हुए हवाई हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई मारे गए।
अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान के खिलाफ संयुक्त अभियान शुरू करने के बाद से इजरायल पर भारी मिसाइल हमले हो रहे हैं। ईरान ने इजरायल और अमेरिका के संयुक्त हमले में अपने सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या का बदला लेने का रविवार को संकल्प लिया। वहीं, ईरान ने जवाबी कार्रवाई के तहत अमेरिका के खाड़ी देशों मे मौजूद ठिकानों और इजरायल को अपने ड्रोन और मिसाइलों से निशाना बनाने की कोशिश की। अमेरिका और इजरायल ने भी रविवार को भी बमबारी जारी रखी।
ईरान की राजधानी तेहरान में हुए धमाकों से आसमान में धुएं का विशाल गुबार उठता दिखा, खासकर उस इलाके में जहां सरकारी इमारतें स्थित हैं। ईरानी अधिकारियों का कहना है कि अयातुल्ला अली खामेनेई और अन्य वरिष्ठ नेताओं की हत्या करने वाले अमेरिकी और इजरायली हमलों की शुरुआत से अब तक 200 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं। इससे पहले, ईरान ने जवाबी कार्रवाई में इजरायल और खाड़ी अरब देशों में स्थित वृहद लक्ष्यों पर मिसाइलें दागीं, जबकि इजरायल ने ईरान के नेताओं और सेना के खिलाफ 'लगातार' हमले करने का संकल्प लिया। इजरायल में, मिसाइल हमलों या उन्हें रोके जाने के कारण हुए जोरदार धमाकों की आवाजें तेल अवीव में सुनने को मिलीं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन