परमाणु हथियार कभी नहीं; ट्रंप की ईरान को सख्त चेतावनी, बोले- यह आखिरी मौका है
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को दुनिया का नंबर-1 आतंकवादी प्रायोजक करार देते हुए साफ कहा है कि तेहरान को कभी भी परमाणु हथियार नहीं मिलने देंगे। उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी सेना ने ईरान की मिसाइल क्षमता को बुरी तरह तबाह कर दिया है, उसकी नौसेना को लगभग नेस्तनाबूद कर दिया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को 'दुनिया का नंबर-1 आतंकवादी प्रायोजक' करार देते हुए साफ कहा है कि तेहरान को कभी भी परमाणु हथियार नहीं मिलने देंगे। उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी सेना ने ईरान की मिसाइल क्षमता को बुरी तरह तबाह कर दिया है, उसकी नौसेना को लगभग नेस्तनाबूद कर दिया है। इस दौरान ट्रंप ने दावा किया अब तक 10 जहाज डुबोए जा चुके हैं, और इस 'बीमार और चालाक' शासन द्वारा पैदा खतरों को खत्म करने का यह आखिरी मौका है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान चार से पांच सप्ताह तक चल सकता है, लेकिन वे इससे कहीं ज्यादा समय के लिए भी तैयार हैं। उन्होंने सोमवार को वाइट हाउस में एक कार्यक्रम के दौरान यह बात कही।
ईरान-इजराइल संघर्ष पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि लगभग 47 वर्षों से यह ईरानी शासन संयुक्त राज्य अमेरिका पर हमला कर रहा है और अमेरिकियों को मार रहा है। ट्रंप ने कहा कि जनरल सोलेमानी, जो सड़क किनारे बम (रोडसाइड बम) का जनक था, मैंने उसे अपने पहले कार्यकाल में ही खत्म कर दिया था। यह हमारे लिए इस समय जो हम कर रहे हैं, उसे रोकने और इस बीमार तथा चालाक शासन द्वारा उत्पन्न असहनीय खतरों को समाप्त करने का आखिरी और सबसे अच्छा मौका था।
ट्रंप ने आगे कहा कि हमारे उद्देश्य स्पष्ट हैं। पहला- हम ईरान की मिसाइल क्षमताओं को नष्ट कर रहे हैं। दूसरा- हम उनकी नौसेना को पूरी तरह से तबाह कर रहे हैं। हम पहले ही 10 जहाजों को डुबो चुके हैं, वे अब समुद्र की तलहटी में हैं। तीसरा- हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि दुनिया का नंबर-1 आतंकवादी प्रायोजक कभी भी परमाणु हथियार हासिल न कर सके। मैंने शुरू से ही कहा है कि उनके पास कभी परमाणु हथियार नहीं होंगे... और अंत में हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि ईरानी शासन अपनी सीमाओं के बाहर आतंकवादी सेनाओं को हथियार, धन और निर्देश देना जारी न रख सके।
ट्रंप ने कहा कि हम पहले से ही तय समय-सीमा से काफी आगे निकल चुके हैं, लेकिन अगर जरूरत पड़ी तो हमारी सेना इससे कहीं ज्यादा समय तक कार्रवाई कर सकती है। चाहे जितना समय लगे, ठीक है... जितना समय लगेगा, हम उतना ही काम करेंगे। शुरुआत में ही हमने चार से पांच हफ्तों का अनुमान लगाया था, लेकिन हमारे पास इससे कहीं ज्यादा समय तक अभियान चलाने की क्षमता है। हम ऐसा करेंगे।
ट्रंप से पहले अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने सोमवार को ईरान में अमेरिका-इजराइल के हमलों के एक लंबे क्षेत्रीय संघर्ष में बदलने की बढ़ती चिंताओं पर कहा कि यह इराक नहीं है और यह अंतहीन नहीं है। हेगसेथ ने वायुसेना के जनरल एवं ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के अध्यक्ष डैन केन के साथ शनिवार के हमलों के बाद ट्रंप प्रशासन की पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस की। हेगसेथ ने कहा कि हम जीतने के लिए लड़ते हैं, और हम समय या जानें बर्बाद नहीं करते। उन्होंने कहा कि यह तथाकथित सत्ता परिवर्तन का युद्ध नहीं है, लेकिन सत्ता परिवर्तन निश्चित रूप से हो चुका है और दुनिया के लिए यह बेहतर स्थिति है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन