होर्मुज फिर से बंद करते ही ईरान ने टैंकर पर बोल दिया धावा, जमकर बरसाईं गोलियां
ब्रिटिश सेना ने शनिवार को बताया कि ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड की दो गनबोट्स ने होर्मुज से गुजर रहे एक टैंकर पर गोलीबारी की। यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस सेंटर ने बताया कि टैंकर और उसके चालक दल के सुरक्षित होने की खबर है, लेकिन उसने न तो उस जहाज की पहचान बताई और न ही उसकी मंजिल की।

Iran US War Update: ईरान ने शनिवार को एक बार फिर से होर्मुज स्ट्रेट बंद करने का ऐलान किया। इसकी घोषणा करते ही होर्मुज से गुजर रहे एक टैंकर पर ईरान ने धावा बोल दिया और जमकर गोलीबारी की। ईरान ने अमेरिकी नाकेबंदी के बाद होर्मुज को फिर से बंद कर दिया है और आवाजाही को रोक दिया। ब्रिटिश सेना ने शनिवार को बताया कि ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड की दो गनबोट्स ने होर्मुज से गुजर रहे एक टैंकर पर गोलीबारी की।
यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस सेंटर ने बताया कि टैंकर और उसके चालक दल के सुरक्षित होने की खबर है, लेकिन उसने न तो उस जहाज की पहचान बताई और न ही उसकी मंजिल की। ईरान ने इससे पहले घोषणा की थी कि वह ईरानी जहाजरानी और बंदरगाहों पर अमेरिका द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों के जवाब में इस स्ट्रेट पर फिर से प्रतिबंध लगा रहा है। ईरान ने सात हफ्ते से चल रहे इस युद्ध के दौरान जहाजों को इस स्ट्रेट से गुजरने से रोक रखा है, सिवाय उन जहाजों के जिन्हें वह खुद अनुमति देता है।
टैंकर के कप्तान ने बताया कि ओमान से 37 किलोमीटर (23 मील) उत्तर-पूर्व में ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प (IRGC) की दो गनबोट्स उनके टैंकर के करीब आईं। यूके मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस सेंटर ने एक ऑनलाइन बयान में कहा कि बिना किसी रेडियो चेतावनी के, उन गनबोट्स ने टैंकर पर गोलीबारी कर दी। इससे पहले, ईरान ने होर्मुज को फिर से खोलने के अपने फैसले को पलट दिया है और इस अहम जलमार्ग पर फिर से पाबंदियां लगा दी हैं। यह फैसला अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान के एक दिन बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि वे इस जलमार्ग पर अपनी नौसैनिक नाकेबंदी को पूरी ताकत के साथ जारी रखेंगे।
ईरान की सेना के कमांड ने एक बयान में कहा कि वॉशिंगटन ने ईरान के बंदरगाहों से आने-जाने वाले जहाजों की नौसैनिक नाकेबंदी जारी रखकर अपना वादा तोड़ा है। बयान में कहा गया, "जब तक अमेरिका ईरान आने वाले सभी जहाजों की आवाजाही की आजादी बहाल नहीं कर देता, तब तक होर्मुज में हालात पर सख्त नियंत्रण बना रहेगा।" तेहरान ने शुक्रवार को कहा था कि लेबनान में हुए संघर्ष-विराम के बाद यह होर्मुज खोल दिया गया है। इस संघर्ष-विराम से हिज्बुल्लाह के साथ इजरायल का युद्ध रुक गया था।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन