Iran Erupts Attacks Ship in the Strait of Hormuz Without Even Issuing a Warning भड़क गया ईरान, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में एक जहाज पर कर दिया हमला; वॉर्निंग तक नहीं दी, International Hindi News - Hindustan
More

भड़क गया ईरान, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में एक जहाज पर कर दिया हमला; वॉर्निंग तक नहीं दी

ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की एक गनबोट कंटेनर जहाज के पास पहुंची। उसने जहाज पर गोलीबारी करने से पहले कोई रेडियो चेतावनी नहीं दी।

Wed, 22 April 2026 11:39 AMHimanshu Jha लाइव हिन्दुस्तान
share
भड़क गया ईरान, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में एक जहाज पर कर दिया हमला; वॉर्निंग तक नहीं दी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के द्वारा सीजफायर की डेडलाइन बढ़ाने की घोषणा के कुछ ही देर बाद स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की स्थिति और गंभीर हो गई है। यूके मैरीटाइम ट्रैफिक ऑर्गनाइज़ेशन (UKMTO) ने बुधवार को बताया कि ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास एक कंटेनर जहाज पर हमला कर दिया है। एजेंसी आगे बताया कि ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की एक गनबोट कंटेनर जहाज के पास पहुंची। उसने जहाज पर गोलीबारी करने से पहले कोई रेडियो चेतावनी नहीं दी।

अमेरिका ने ईरान पर दबाव बनाने के लिए स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में नाकेबंदी का सहारा लिया है, ताकि वह ईरान जलडमरूमध्य पर अपनी पकड़ खत्म करे। यह अहम समुद्री मार्ग है, जिससे शांति काल में दुनिया की लगभग 20 प्रतिशत प्राकृतिक गैस और कच्चा तेल गुजरता था। इस जलडमरूमध्य पर ईरान की पकड़ के कारण तेल कीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई है।

ट्रंप ने बढ़ाई सीजफायर की डेडलाइन

इससे पहले ट्रंप ने सीजफायर की समयसीमा बढ़ाते हुए कहा कि यह कदम ईरान के आंतरिक मतभेदों से जूझ रहे नेतृत्व को सात सप्ताह से जारी युद्ध समाप्त करने के लिए एक संयुक्त प्रस्ताव तैयार करने का समय देने के उद्देश्य से उठाया गया है। यह घोषणा तब की गई है, जब आठ अप्रैल को घोषित दो सप्ताह का युद्धविराम कुछ ही घंटों में समाप्त होने वाला था। इसके साथ ही उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के नेतृत्व वाले अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल की इस्लामाबाद यात्रा भी प्रभावी रूप से टल गई, जहां ईरानी प्रतिनिधियों के साथ शांति वार्ता प्रस्तावित थी।

ट्रंप ने स्पष्ट कर दिया है कि अमेरिका ईरान पर हमला करने से केवल तभी तक परहेज करेगा, जब तक उसका नेतृत्व बातचीत के लिए एक समेकित प्रस्ताव पेश नहीं करता। उन्होंने कहा कि ईरान के बंदरगाहों पर आर्थिक नाकेबंदी जारी रहेगी।

वेंस और अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ तथा जेरेड कुशनर को मंगलवार को इस्लामाबाद रवाना होना था, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय व्हाइट हाउस ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल की ''पाकिस्तान यात्रा मंगलवार को नहीं होगी।'' ट्रंप ने मंगलवार को एक बयान में कहा, ''इस तथ्य के आधार पर कि ईरान की सरकार गंभीर रूप से आंतरिक मतभेदों से जूझ रही है और पाकिस्तान के फील्ड मार्शल आसिम मुनीर तथा प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के अनुरोध पर हमसे कहा गया है कि हम ईरान पर अपने हमले को तब तक रोकें, जब तक उसके नेता और प्रतिनिधि समेकित प्रस्ताव तैयार नहीं कर लेते।''

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।