Iran US War LIVE: ईरान और अमेरिका युद्ध के कमजोर होने के आसार नहीं हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 4 से 5 हफ्ते तक संघर्ष चलने की बात कह रहे हैं। साथ ही अमेरिका का कहना है कि अब तक सबसे बड़ा हमला नहीं किया गया है। इधर, ईरान भी झुकने के मूड में नहीं है। सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई की मौत के बाद ईरान ने साफ कर दिया है कि अमेरिका से किसी तरह की बातचीत नहीं की जाएगी।
ट्रंप ने सोमवार को व्हाइट हाउस में आयोजित एक समारोह में ईरान के खिलाफ जारी सैन्य अभियान 'ऑपरेशन एपिक फ्यूरी' को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि ईरान के परमाणु और मिसाइल ठिकानों को नष्ट करने के लिए यह अब तक का सबसे अच्छा और निर्णायक अवसर है और कहा कि जरूरत पड़ी तो वह खाड़ी में थल सेना भी भेजेंगे।
ईरान पर अमेरिका और इजराइल द्वारा निरंतर की जा रही बमबारी के कारण वैश्विक स्तर पर उड़ान संचालन में अव्यवस्था सोमवार को बढ़ गई। ईरान ने भी पश्चिम एशिया में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाकर हमले किए, जिसके चलते हवाई अड्डे बंद कर दिए गए और कई जगहों पर यात्री फंस गए।
3 Mar 2026, 10:47:31 PM IST
Iran-US War LIVE Updates: ईरान के जवाबी हमलों के बीच दुबई-दोहा में जोरदार धमाके
मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच ईरान द्वारा जवाबी कार्रवाई जारी है। इस बीच खबर है कि दुबई और दोहा में जोरदार धमाकों की आवाजें सुनाई दीं। बताया जा रहा है कि ईरान ने मध्य पूर्व के उन देशों पर ड्रोन और मिसाइल हमले जारी रखे हैं जहां अमेरिकी सेना की मौजूदगी है। पत्रकारों ने कतर की राजधानी दोहा और संयुक्त अरब अमीरात के दुबई में जोरदार धमाकों की आवाजें सुनीं। वहीं, दो निवासियों ने समाचार एजेंसी एएफपी को बताया कि उन्होंने यूएई की राजधानी अबू धाबी में भी धमाकों की आवाजें सुनीं। हालांकि अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
3 Mar 2026, 09:33:24 PM IST
Iran-US War LIVE Updates: ईरान पर इजरायल के नए हमले
मिडिल ईस्ट में तनाव और गहरा गया है। इजरायल ने ईरान की राजधानी तेहरान में ताजा हवाई हमले किए हैं, जिनमें तेहरान के एक प्रमुख हवाई अड्डे को निशाना बनाए जाने की खबर है। हमले के बाद एयरपोर्ट परिसर में धुएं के गुबार उठते देखे गए और उड़ान संचालन अस्थायी रूप से बाधित हो गया।
3 Mar 2026, 08:00:08 PM IST
Iran-US War LIVE Updates: बहुत देर हो चुकी है...ईरान से बातचीत पर ट्रंप
Iran-US War LIVE Updates: मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा है कि ईरान की हवाई रक्षा प्रणाली, वायुसेना, नौसेना और उसका नेतृत्व पूरी तरह नष्ट कर दिया गया है। डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार शाम को ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में दावा किया कि ईरान की वायु रक्षा प्रणाली, वायु सेना, नौसेना और नेतृत्व का 'अंत' हो चुका है। उन्होंने कहा कि ईरान के परमाणु तथा बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रमों पर निगरानी समझौते के लिए बातचीत करने की मांग अब बहुत देर हो चुकी है।
3 Mar 2026, 05:37:09 PM IST
Iran-US War LIVE Updates: ईरान संकट के बीच भारत के पास कितना तेल स्टॉक
Iran-US War LIVE Updates: मिडिल ईस्ट में ईरान-अमेरिका-इजरायल संघर्ष के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य के बंद होने से वैश्विक तेल बाजार में हलचल मची हुई है। दुनिया का लगभग 20% कच्चा तेल इसी संकरे समुद्री रास्ते से गुजरता है, और अब ईरान की ओर से इसे बंद करने की घोषणा के बाद तेल की कीमतें आसमान छू रही हैं। लेकिन भारत के लिए राहत की खबर है। सरकारी सूत्रों के अनुसार, हमारी स्थिति मजबूत बनी हुई है। एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, हमारे पास कच्चे तेल का 25 दिनों का भंडार उपलब्ध है, साथ ही उत्पाद (जैसे पेट्रोल, डीजल) के परिवहन में भी 25 दिनों का स्टॉक रास्ते में है।
3 Mar 2026, 03:46:36 PM IST
Iran-US War LIVE Updates: भारतीय दूतावास की नागरिकों को घरों में रहने की सलाह
Iran-US War LIVE Updates: भारत ने मंगलवार को ईरान में अपने नागरिकों को अत्यधिक सावधानी बरतने और जहां तक संभव हो घर के अंदर रहने की सलाह दी, क्योंकि अमेरिका और इजरायल के ताजा सैन्य हमलों के मद्देनजर वहां स्थिति बिगड़ गई है। तेहरान में भारतीय दूतावास ने एक ताजा परामर्श में कहाकि बदलते हालात को देखते हुए, ईरान में सभी भारतीय नागरिकों को अत्यधिक सावधानी बरतने, अनावश्यक गतिविधियों से बचने और जहां तक संभव हो घर के अंदर रहने की सलाह दी जाती है।
3 Mar 2026, 02:36:01 PM IST
Iran-US War LIVE Updates: अमेरिका और इजरायल के हमलों के बीच ईरान में भूकंप का कहर
Iran-US War LIVE Updates: अमेरिका और इजरायल के हमलों के बीच ईरान में भूकंप भी आया है। मंगलवार को यहां के गेराश क्षेत्र में 4.3 मैग्नीट्यूड के भूकंप से धरती हिल उठी। अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे के मुताबिक यह भूकंप जमीन से 10 किमी की गहराई पर आया।
3 Mar 2026, 01:16:25 PM IST
Iran-US War LIVE Updates: मोसाद ने हैक कर लिया ईरानी न्यूज चैनल
Iran-US War LIVE Updates: ईरान ने बीते रविवार को तेहरान के न्यूज चैनलों पर मिसाइल हमले किए। इस दौरान मोसाद ने तगड़ी प्लानिंग के तहत इस पर इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भाषण भी चला दिए। कथित तौर पर इन भाषणों को पूरे ईरान में ब्रॉडकास्ट किया गया।
3 Mar 2026, 01:09:45 PM IST
Iran-US War LIVE Updates: ईरान पर क्यों किया हमला, इजरायल ने वजहें गिनाईं
Iran-US War LIVE Updates: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सोमवार को ईरान पर की कार्रवाई का बचाव किया। उन्होंने कहा कि दुनिया की सुरक्षा के लिए यह कदम जरूरी था। एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने कहा, 'ईरान 47 सालों से अमेरिका के विनाश की बात कर रहा है।' उन्होंने कहा, 'उन्होंने आपके दूतावास पर हमले किए। उन लोगों ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को दो बार मारने की कोशिश की। वो अपने ही लोगों की हत्या कर रहे हैं और कई लोगों को मार चुके हैं।' उन्होंने कहा कि वह शासन अमेरिका को बर्बाद करना चाहता था।
3 Mar 2026, 01:00:02 PM IST
Iran-US War LIVE Updates: दुबई में फंसे भारतीयों को लेकर दिल्ली पहुंचा विमान
Iran-US War LIVE Updates: दुबई में फंसे भारतीयों को लेकर एयर इंडिया का विमान मंगलवार को नई दिल्ली पहुंचा। फ्लाइट एआई916डी आज सुबह करीब 11 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड हुई। एयरक्राफ्ट वीटी-ईडीसी में कुल 149 यात्री सवार थे। अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर हमले और ईरान की जवाबी कार्रवाई से मिडिल ईस्ट में माहौल काफी तनावपूर्ण है। इस माहौल के बीच एयर इंडिया की यह पहली उड़ान थी, जिससे यात्रियों को भारत लाया गया। इससे पहले सुबह एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस के 143 कॉकपिट और केबिन क्रू सदस्यों को सुरक्षित दिल्ली लाया गया। यह लोग दुबई में फंसे हुए थे।
3 Mar 2026, 12:27:08 PM IST
Iran-US War LIVE Updates: क्यों अहम है स्ट्रेट ऑफ होर्मुज
Iran-US War LIVE Updates: होर्मुज जलडमरू मध्य फारस की खाड़ी को अरब सागर से जोड़ने वाला संकरा समुद्री रास्ता है। दुनिया के ऊर्जा व्यापार का बड़ा हिस्सा इसी मार्ग से गुजरता है, इसलिए यह वैश्विक अर्थव्यवस्था की धड़कन माना जाता है। इस मार्ग से वैश्विक तेल और गैस का लगभग 20 प्रतिशत प्रवाह होता है। इसे बंद करने से वैश्विक अर्थव्यवस्था पर गंभीर परिणाम होंगे, अंतर्राष्ट्रीय व्यापार बाधित होगा और तेल की कीमतें तेजी से बढ़ेंगी।
3 Mar 2026, 12:20:20 PM IST
Iran-US War LIVE Updates: अबू धाबी से पहली उड़ान भारत पहुंची
Iran-US War LIVE Updates: इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण पश्चिम एशिया में हवाई क्षेत्र बंद होने से प्रभावित उड़ान सेवाओं के बीच सोमवार रात अबू धाबी से पहली वाणिज्यिक उड़ान केंपेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरी। सैन्य अभियानों के बाद पश्चिम एशिया के बड़े हिस्से में अस्थायी रूप से हवाई क्षेत्र बंद कर दिया गया था, जिसके चलते खाड़ी देशों और भारत के बीच कई उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। हवाई क्षेत्र के चरणबद्ध रूप से खुलने के बाद कड़े सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत सीमित निकासी और वापसी उड़ानें शुरू की गईं।
3 Mar 2026, 11:56:32 AM IST
Iran-US War LIVE Updates: पश्चिम एशिया संघर्ष से भारत में निवेश हो सकता है प्रभावितः बीएमआई
Iran-US War LIVE Updates: फिच ग्रुप की इकाई बीएमआई ने मंगलवार को कहा कि पश्चिम एशिया में संघर्ष जारी रहने से भारत में निवेश प्रभावित हो सकता है और इससे यूरोपीय संघ (ईयू) एवं अमेरिका के साथ हुए व्यापार समझौतों का जीडीपी पर पड़ने वाला सकारात्मक प्रभाव कम हो सकता है। बीएमआई ने अपनी 'इंडिया आउटलुक' रिपोर्ट में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए आर्थिक वृद्धि का अनुमान सात प्रतिशत पर बरकरार रखा है। हालांकि उसने भू-राजनीतिक जोखिमों का जिक्र करते हुए कहा कि वह स्थिति का आकलन कर रही है ताकि भारत के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) पर इसके संभावित प्रभाव को मापा जा सके। रिपोर्ट कहती है, 'मार्च से अनिश्चितता में तेज बढ़ोतरी होने की आशंका है। हमें लगता है कि इससे भारत में निवेश हतोत्साहित होगा, जिससे ईयू और अमेरिका के साथ हुए व्यापार समझौतों का सकारात्मक प्रभाव आंशिक रूप से कम हो सकता है।' (एजेंसी)
3 Mar 2026, 11:44:59 AM IST
Iran-US War LIVE Updates: मिडिल ईस्ट में जंग के बीच कोलकाता से कई फ्लाइट्स कैंसिल
Iran-US War LIVE Updates: ईरान और अमेरिका के बीच जारी जंग के बीच अधिकारियों ने बताया है कि पश्चिम एशिया में की स्थिति को देखते गए मंगलवार को कोलकाता एयरपोर्ट पर कम से कम 10 इंटरनेशनल फ्लाइट्स कैंसिल कर दी गईं। जानकारी के मुताबिक एमिरेट्स, कतर एयरवेज, एतिहाद एयरवेज और एयर अरेबिया जैसी एयरलाइंस ने कोलकाता को खड़ी देशों से जोड़ने वाली अपनी उड़ानें रद्द कर दीं।
3 Mar 2026, 11:41:39 AM IST
Iran-US War LIVE Updates: हम बड़ी जीत के लिए तैयार: ट्रंप
Iran-US War LIVE Updates: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका के पास मध्यम और उच्च-मध्यम श्रेणी के हथियार का पर्याप्त भंडार है। राष्ट्रपति ने कहा कि हथियारों के भंडारण के मामले में वह 'इतने मजबूत पहले कभी नहीं रहे' और देश के पास हथियारों की "लगभग असीमित आपूर्ति" है। ट्रंप ने मंगलवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर कहा कि इन भंडारों के सहारे युद्ध "लंबे समय तक" और "सफलतापूर्वक" लड़े जा सकते हैं। उन्होंने दावा किया कि ये हथियार अन्य देशों के श्रेष्ठ हथियारों से भी बेहतर हैं।
3 Mar 2026, 11:33:46 AM IST
Iran-US War LIVE Updates: ईरान पर हमलों के बीच तेल बाजार में उथल-पुथल
Iran-US War LIVE Updates: ईरान पर इजरायल और अमेरिका की सैन्य कार्रवाई के बाद वैश्विक तेल बाजारों में अस्थिरता बढ़ गई है और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी देखी जा रही है। तेल आपूर्ति में वास्तविक बाधा आने से पहले ही दाम चढ़ने लगे हैं, क्योंकि बाजार को आशंका है कि रणनीतिक रूप से अहम होरमुज़ जलडमरूमध्य प्रभावित हो सकता है। गौरतलब है कि दुनिया में तेल का जितना व्यापार होता है उसका लगभग 20 प्रतिशत तेल का आवागमन ईरान, ओमान और संयुक्त अरब अमीरात के बीच स्थित इस संकरे समुद्री मार्ग से होता है। एक तेल टैंकर पर हमले और समुद्री यातायात में बाधा की खबरों ने बाजार की चिंता बढ़ा दी है।
3 Mar 2026, 10:46:06 AM IST
Iran-US War LIVE Updates: अमेरिका को और सैनिक घायल होने की आशंका
Iran-US War LIVE Updates: अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने सोमवार को कहा कि 'यह इराक जैसा नहीं है। यह अंतहीन नहीं है।' इस संघर्ष में अब तक अमेरिका के छह सैनिक मारे जा चुके हैं, तथा हेगसेथ ने आगाह किया कि आने वाले हफ्तों में और अमेरिकी सैनिक हताहत हो सकते हैं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने कहा है कि ईरान की परमाणु महत्वाकांक्षा सबसे बड़ी चिंता है, जिसका हल जरूरी है। अधिकारी ईरान की बैलिस्टिक मिसाइलों से पैदा खतरे को हमले शुरू करने का एक मुख्य कारण बता रहे हैं। साथ ही, इसे सरकार के शीर्ष नेतृत्व को सत्ता से बेदखल करने का अवसर भी माना जा रहा है।
3 Mar 2026, 09:45:53 AM IST
Iran-US War LIVE Updates: इजरायल ने दिए इन शहरों के नाम
Iran-US War LIVE Updates: कफ्र रौम, हबौश, हरौफ, जिबशित, मिदौन, खियाम, दिबिन, तिबनिन, मरजयौन, यहमोर अल-शकीफ, कफ्र तिबनित, नबतियेह अल-फौका, देर सीरियन, ब्लिडा, मिफदौन, अदशित अल-कसीर, देर अल-जहरानी, टौलाइन, टौल, एन कून, स्वाना, मरजयौन, फ्राउन, बिंत जेबेल, खिरबेट सिलम, अदशित अल-शकीफ, काकाकिय्या अल-जिस्र, बनाफौल, सुल्तानिया, कफ्र दुनिन, कसीबा अल-नबतियेह, आबा, कफरसिर, हिद्दाथा, बारिका, कनारित, मरवानिया, शहौर, काकाकिय्या अल-सनौबर, टायर फलसिया, बेत लिफ, जरारिएह, सादीकिन, देर कानौन अल-नहर, आयतित, काना, सरफंद, सकसाकिया, अल-खरायब, सैदा, लोबिया, अल-मंसूरी।
3 Mar 2026, 09:42:54 AM IST
Iran-US War LIVE Updates: इजरायल ने दे दी लेबनान में लोगों को घर खाली करने की चेतावनी
Iran-US War LIVE Updates: इजरायल सेना के प्रवक्ता अविचय आद्रे ने लिखा, 'लेबनान के निवासियों के लिए जरूरी चेतावनी। हिजबुल्लाह की गतिविधियों के कारण इजरायल डिफेंस फोर्सेज (IDF) को उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। हमारा इरादा आपको नुकसान पहुंचाने का नहीं है। अपनी सुरक्षा के लिए, आप तुरंत अपने घर खाली कर दें। गांवों से कम से कम 1,000 मीटर दूर खुले इलाकों में चले जाएं। जो कोई भी हिजबुल्लाह के सदस्यों, उनकी सुविधाओं या उनके हथियारों के पास रहेगा, उसकी जान को खतरा है। अपनी और अपने अपनों की जान बचाएं और अभी वहां से निकल जाएं।'
3 Mar 2026, 09:36:31 AM IST
Iran-US War LIVE Updates: भारत सरकार के रुख पर सोनिया गांधी ने जताई आपत्ति
Iran-US War LIVE Updates: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार की कड़ी आलोचना करते हुए कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मंगलवार को कहा कि ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की लक्षित हत्या पर सरकार की चुप्पी तटस्थता नहीं बल्कि जिम्मेदारी से पीछे हटना है। उन्होंने कहा कि यह भारत की विदेश नीति की दिशा तथा विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल उठाती है। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष ने यह भी मांग की कि संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण में अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था के टूटने पर सरकार की 'चिंताजनक चुप्पी' पर खुलकर और बिना किसी टालमटोल के चर्चा होनी चाहिए।
3 Mar 2026, 09:25:51 AM IST
Iran-US War LIVE Updates: US ने मिडिल ईस्ट देशों से अपने नागरिकों को निकलने के लिए कहा
Iran-US War LIVE Updates: दुबई और अबू धाबी से सीमित संख्या में उड़ानें ऐसे समय में शुरू हुईं जब अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने "गंभीर सुरक्षा खतरे" के कारण अपने नागरिकों से संयुक्त अरब अमीरात, जॉर्डन, सऊदी अरब, मिस्र, लेबनान और ओमान समेत 13 देशों से तुरंत वाणिज्यिक उड़ानों से निकलने को कहा। एयरलाइन विश्लेषण कंपनी सिरियम के अनुसार, शनिवार से पश्चिम एशिया से आने-जाने वाली लगभग 32,000 उड़ानों में से करीब 13,000 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।
3 Mar 2026, 09:17:02 AM IST
Iran-US War LIVE Updates: यूएई से सीमित निकासी उड़ानें शुरू
Iran-US War LIVE Updates: पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के कारण फंसे हवाई यात्रियों को निकालने के लिए सोमवार को संयुक्त अरब अमीरात से कुछ गिनी-चुनी उड़ानों का संचालन किया गया, हालांकि इस क्षेत्र के ज्यादातर हिस्सों में वाणिज्यिक उड़ानें अब भी बंद हैं। उड़ानों की स्थिति की जानकारी देने वाली 'फ्लाइटरडार24' के अनुसार, सोमवार को तीन घंटे के दौरान अबू धाबी से इस्लामाबाद, पेरिस, एम्स्टर्डम, मुंबई, मॉस्को और लंदन जैसे शहरों के लिए एतिहाद एयरवेज की कम से कम 16 उड़ानें रवाना हुईं। हालांकि, विमानन कंपनी की वेबसाइट पर दिखाया गया कि उसकी सभी नियमित वाणिज्यिक उड़ानें बुधवार दोपहर तक निलंबित रहेंगी।
3 Mar 2026, 09:14:02 AM IST
Iran-US War LIVE Updates: अमेरिका ने पाकिस्तान में सभी वीजा अपॉइंटमेंट्स कैंसिल की
Iran-US War LIVE Updates: मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस्लामाबाद स्थित अमेरिकी दूतावास ने देश की 'मौजूदा सुरक्षा स्थिति' का हवाला देते हुए वीजा के सभी अपॉइंटमेंट रद्द करने का ऐलान किया है। दूतावास के मुताबिक, यह आदेश इस्लामाबाद स्थित मुख्य दूतावास के साथ-साथ लाहौर और कराची के वाणिज्य दूतावासों पर भी लागू होगा। दूतावास ने साफ किया है कि वीजा रद्द करने का यह फैसला शुक्रवार, 6 मार्च तक प्रभावी रहेगा।
3 Mar 2026, 09:10:40 AM IST
Iran-US War LIVE Updates: पाकिस्तानी प्रदर्शकारियों पर अमेरिकी सेना ने चलाई गोलियां
Iran-US War LIVE Updates: रॉयटर्स के अनुसार, दो अमेरिकी अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि पिछले वीकेंड कराची स्थित अमेरिकी वाणिज्य दूतावास पर हमला करने वाले प्रदर्शनकारियों पर यूएस मरीन्स ने गोलियां चलाईं। किसी राजनयिक केंद्र पर बल प्रयोग की यह दुर्लभ घटना है। ईरान के नेता की हत्या के विरोध में पूरे पाकिस्तान में फैले गुस्से के बीच, इस गोलीबारी से देश में तनाव और ज्यादा भड़क सकता है।
3 Mar 2026, 08:57:48 AM IST
Iran-US War LIVE Updates: नेतन्याहू का दावा- यूरोप पर भी हमला कर सकता है ईरान
Iran-US War LIVE Updates: इससे पहले इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सोमवार को एक बयान में कहा था कि ईरान का परमाणु और मिसाइल कार्यक्रम पूरी दुनिया के लिए खतरा है और इजरायली सेना की कार्रवाई का उद्देश्य केवल इजरायल की नहीं, बल्कि पूरे विश्व की सुरक्षा करना है। बेत शेमेश पर रविवार को हुए ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल हमले के बाद वहां का दौरा करते समय नेतन्याहू ने कहा, "यह ऑपरेशन 'रोरिंग लॉयन' का तीसरा दिन है। इजरायली सेना और इजराइल सरकार ने हमारे मित्र अमेरिका और राष्ट्रपति ट्रंप के साथ मिलकर इजरायल के अस्तित्व को होने वाले खतरे और अमेरिका तथा पूरी दुनिया के लिए बड़े खतरों को नष्ट करने के लिए यह अभियान शुरू किया है।"
नेतन्याहू ने इस दौरान कहा कि ईरान की धमकियां इजरायल और अमेरिका तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि यूरोप और अन्य क्षेत्रों तक भी फैल गई हैं।
3 Mar 2026, 08:49:27 AM IST
Iran-US War LIVE Updates: यह एक अंतहीन युद्ध नहीं होगा: बेंजामिन नेतन्याहू
Iran-US War LIVE Updates: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सोमवार को एक इंटरव्यू में कहा है कि ईरान पर अमेरिकी और इजरायली हमले एक अंतहीन युद्ध में नहीं बदलेगा। फॉक्स न्यूज़ से बात करते हुए, नेतन्याहू ने यह भी दावा किया कि इजरायल और अमेरिका को यह हमले इसीलिए करने पड़े क्योंकि क्योंकि ईरान नए परमाणु ठिकाने विकसित कर था था और उन पर कुछ महीनों में हमला करना नामुमकिन होता। नेतन्याहू ने कहा, "यह कभी न खत्म होने वाला युद्ध नहीं है। यह एक तेज और निर्णायक कार्रवाई होगी।"
3 Mar 2026, 08:30:22 AM IST
Iran-US War LIVE Updates: रूस से आयात बढ़ा सकता है भारत
Iran-US War LIVE Updates: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के साथ आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ गई है। सोमवार को वायदा कारोबार में कच्चे तेल की कीमत 504 रुपए उछलकर 6,596 रुपए प्रति बैरल के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गई। वहीं, फारस की खाड़ी के संकरे प्रवेश मार्ग होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे जहाजों पर हमले से आपूर्ति को लेकर भी चिंताएं बढ़ गई। ऐसे में भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए रूस से कच्चे तेल का आयात बढ़ाने की संभावनाएं तलाश रहा है।
3 Mar 2026, 08:08:17 AM IST
Iran-US War LIVE Updates: खाड़ी देशों को निशाना बना रहा है ईरान
Iran-US War LIVE Updates: अमेरिका- इजरायल और ईरान में तीसरे दिन जंग का सिलसिला जारी रहा। संघर्ष के दौरान सोमवार को कुवैत में अमेरिकी सेना के तीन लड़ाकू विमान गिर गए। ईरान ने इजरायल, संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, कुवैत और कतर में मिसाइल और ड्रोन से हमला किया। ईरान समर्थित मिलिशिया ने भी इजरायल और अरब देशों के कई क्षेत्रों में मिसाइलें दागीं। हमले में कुवैत स्थित अमेरिकी दूतावास को क्षति हुई है। ओमान में विस्फोटक से लदे मानवरहित नाव से एक तेल टैंकर पर हमला हुआ। इसमें एक भारतीय मरीनर की मौत हो गई।
3 Mar 2026, 07:30:53 AM IST
Iran-US War LIVE Updates: स्पेन का बड़ा फैसला
Iran-US War LIVE Updates: स्पेन ने कहा है कि ईरान पर हमलों के लिए अमेरिका को संयुक्त अड्डों के इस्तेमाल की अनुमति नहीं दी गई। रक्षा मंत्री मार्गरीटा रोबल्स ने कहा कि दक्षिणी स्पेन में रोटा और मोरोन अड्डों से किसी भी प्रकार की सहायता बिल्कुल नहीं दी गई। स्पेन अमेरिका के साथ इन अड्डों को साझा करता है, लेकिन इनकी कमान स्पेन के हाथों में है।
3 Mar 2026, 07:14:57 AM IST
Iran US War Live: US ने अपने नागरिकों को 15 देशों से निकल जाने का आदेश
Iran US War Live: बढ़ते सुरक्षा खतरे के बीच अमेरिकी विदेश विभाग ने सोमवार को अपने नागरिकों से मध्य पूर्व के एक दर्जन से अधिक देशों को तुरंत छोड़ने को कहा है। विदेश विभाग की सहायक मंत्री (कांसुलर अफेयर्स) मोरा नामदार ने एक बयान में कहा है कि सुरक्षा जोखिमों को देखते हुए अमेरिकी नागरिक उपलब्ध विकल्पों के जरिए जल्द से जल्द इन देशों से निकल जाएं। यह एडवाइजरी बहरीन, मिस्र, ईरान, इराक, इजराइल, वेस्ट बैंक और गाजा, जॉर्डन, कुवैत, लेबनान, ओमान, कतर, सऊदी अरब, सीरिया, संयुक्त अरब अमीरात और यमन पर लागू है।
3 Mar 2026, 07:06:03 AM IST
Iran US War Live: सऊदी पर बरसा ईरान का कहर
सऊदी पर बरसा ईरान का कहर, धुआं-धुआं कर दिया अमेरिकी दूतावास; ताबड़तोड़ ड्रोन अटैक, पढ़ें
3 Mar 2026, 06:44:59 AM IST
Iran US War LIVE: खाड़ी क्षेत्र में हवाई यातायात बंद, अव्यवस्था बढ़ी
Iran US War LIVE: विभिन्न देश शनिवार को संघर्ष के शुरू होने के बाद अपने नागरिकों को वापस लाने के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं। पर्यटक, व्यापारिक यात्री और धार्मिक तीर्थयात्री होटल, हवाई अड्डों और क्रूज जहाजों पर फंसे हुए हैं। अभी यह पता नहीं है कि हवाई अड्डे कब खुलेंगे या पश्चिम एशिया से उड़ानें कब शुरू होंगी। दुबई, अबू धाबी और दोहा के हवाई अड्डे ईरानी हमलों के कारण बंद हैं। दुबई में एमिरेट्स एयरलाइन ने कहा कि वह सोमवार शाम को "सीमित संख्या में उड़ानें" फिर से शुरू करेगी। इससे पहले उसने कहा था कि मंगलवार को स्थानीय समयानुसार अपराह्न तीन बजे तक उड़ानें निलंबित रहेंगी।
3 Mar 2026, 06:42:39 AM IST
Iran US War LIVE: ईरान ने बंद किया स्ट्रेट ऑफ होर्मुज
Iran US War LIVE: अमेरिका और ईरान युद्ध अपने चरम पर है। अब खबर है कि ईरान ने अहम जल मार्ग स्ट्रेट ऑफ होर्मुज या होर्मुज जल डमरू मध्य बंद कर दिया है। इतना ही नहीं, चेतावनी भी जारी की गई है कि अगर कोई जहाज यहां से गुजरा तो आग लगा दी जाएगी। खास बात है कि यह मार्ग भारत के लिए भी काफी अहम है और इसके बंद होने का असर पड़ सकता है। इधर, अमेरिका दावा कर रहा है कि अब तक उसने बड़ा हमला किया नहीं है। वहीं, ईरान ने साफ कर दिया है कि वह अमेरिका से कोई बातचीत नहीं करेगा।